Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आईसीसी को सूचना देने में भी खेल कर रहा पीसीबी, इस रणनीति पर विचार कर रहा है पाकिस्तान

    By Abhishek TripathiEdited By: Abhishek Upadhyay
    Updated: Tue, 03 Feb 2026 05:00 AM (IST)

    पाकिस्तान सरकार द्वारा 15 फरवरी को भारत के खिलाफ टी-20 विश्व कप मैच के बहिष्कार के फैसले के बावजूद, पीसीबी ने अभी तक आईसीसी को आधिकारिक सूचना नहीं दी ...और पढ़ें

    पीसीबी ने आईसीसी को नहीं दिया जवाब

    पीसीबी ने आईसीसी को नहीं दिया जवाब

    HighLights

    1. पाकिस्तान सरकार ने भारत मैच बहिष्कार का फैसला किया

    2. पीसीबी ने अभी तक आईसीसी को जानकारी नहीं दी

    3. आईसीसी ने पाकिस्तान को गंभीर परिणामों की चेतावनी दी

    अभिषेक त्रिपाठी, जागरण नई दिल्ली: टी-20 विश्व कप में 15 फरवरी को भारत के विरुद्ध मुकाबले का बहिष्कार के पाकिस्तान सरकार के फैसले के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड (आईसीसी) से इस संबंध में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है।

    पीसीबी ने मैच का बहिष्कार करने का कोई भी ई-मेल आईसीसी को अब तक नहीं किया है, जिससे वैश्विक संस्था के लिए इस मामले में अभी कोई फैसला लेना मुश्किल हो गया है। दरअसल, अब तक भारत से मैच नहीं खेलने की घोषणा पाकिस्तानी सरकार की ओर से की गई है और पीसीबी ने अपनी ओर से कुछ नहीं कहा है।

    सरकार का फैसला मानेंगे

    पीसीबी और खिलाड़ियों का कहना है कि वह सरकार का फैसला मानने को मजबूर हैं, लेकिन मामले से जुड़े सूत्रों की मानें तो पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी अभी इस मामले को लटकाना चाहते हैं। पाकिस्तानी टीम टूर्नामेंट के लिए कोलंबो पहुंच गई है और अगर पीसीबी अभी आईसीसी को बहिष्कार के फैसले की जानकारी देता है तो आईसीसी उसे टूर्नामेंट से बाहर कर सकती है और उसकी जगह किसी और टीम को शामिल कर सकती है।

    ऐसे में पीसीबी चाहता है कि वह मैच से एक या दो दिन पहले ही आईसीसी को इस बात की जानकारी दे कि वह भारत के विरुद्ध मैच नहीं खेलना चाहते हैं, जिससे टूर्नामेंट के बीच में उसे बाहर करना आईसीसी के लिए संभव नहीं होगा। इसलिए पीसीबी आईसीसी को आधिकारिक रूप से कोई सूचना नहीं भेजेगा।

    खबरें और भी

    रविवार को आया फैसला

    रविवार को ही आईसीसी ने पाकिस्तान को टी-20 विश्व कप में चुनिंदा भागीदारी को लेकर कड़ी चेतावनी दी थी। विश्व क्रिकेट संस्था ने स्पष्ट किया कि वैश्विक टूर्नामेंटों का मूल सिद्धांत यह है कि सभी योग्य टीमें एक समान कार्यक्रम और नियमों के तहत प्रतिस्पर्धा करें। किसी एक मैच का बहिष्कार इस अवधारणा के विपरीत है और इसके दूरगामी परिणाम हो सकते हैं, न केवल पीसीबी के लिए बल्कि पूरे वैश्विक क्रिकेट पारिस्थितिकी तंत्र के लिए।

    आइसीसी ने पीसीबी को दीर्घकालिक प्रभावों पर विचार करने की सलाह दी है। बयान में संकेत दिया गया कि इस तरह की स्थिति पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में स्थिति, साख और भविष्य की भागीदारी पर नकारात्मक असर डाल सकती है। आईसीसी ने दोहराया है कि टी-20 विश्व कप का सफल आयोजन सभी सदस्य बोर्डों की सामूहिक जिम्मेदारी है और वह चाहता है कि पीसीबी सभी हितधारकों के हितों की रक्षा करते हुए कोई आपसी सहमति वाला समाधान तलाशे।