यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 27, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ब्रायन लारा का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से चूके Tanmay Agarwal, 26 छक्के जड़कर कॉलिन मुनरो को छोड़ा पीछे
दूसरे दिन 323 के स्कोर पर आगे खेलते हुए तन्मय अग्रवाल को 350 तक पहुंचने में बहुत कम समय लगा। तन्मय ने 21 छक्कों की संख्या में पांच और छक्के जोड़े और 2 ...और पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। तन्मय अग्रवाल प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर (501*) के ब्रायन लारा के वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। हालांकि, सर्वाधिक छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। हैदराबाद के नेक्सजेन क्रिकेट ग्राउंड में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप मैच के पहले दिन प्रथम श्रेणी क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज तिहरा शतक लगाने वाले तन्मय अग्रवाल शनिवार को 366 रन बनाकर आउट हो गए।
दूसरे दिन 323 के स्कोर पर आगे खेलते हुए तन्मय अग्रवाल को 350 तक पहुंचने में बहुत कम समय लगा। तन्मय ने 21 छक्कों की संख्या में पांच और छक्के जोड़े और 26 छक्कों के साथ पारी को समाप्त किया। तन्मय ने प्रथम श्रेणी मैच की एक पारी में किसी बल्लेबाज द्वारा सबसे अधिक छक्के लगाने के कॉलिन मुनरो के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर कॉलिन मुनरो ने सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के खिलाफ ऑकलैंड के लिए खेलते हुए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 23 छक्के जड़े थे।
छक्कों के मामले में रचा नया इतिहास
सूची में तीसरे स्थान पर अफगानिस्तान के शफीकुल्लाह शिनवारी हैं, जिन्होंने बूस्ट के खिलाफ काबुल क्षेत्र के लिए 22 छक्के लगाए थे। भारतीय घरेलू क्रिकेट में सबसे अधिक छक्कों की संख्या ईशान किशन और शक्ति सिंह के नाम संयुक्त रूप से 14 थी। अब यह तन्मय के नाम है। अग्रवाल ने पहले ही दिन इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया था।
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: रवींद्र जडेजा के LBW आउट दिए जाने पर छिड़ा विवाद, रवि शास्त्री ने बता दिया कारण
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में बनाया चौथा सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर
बता दें कि अग्रवाल का 366 रन एमवी श्रीधर के साथ किसी भारतीय द्वारा संयुक्त रूप से चौथा उच्चतम प्रथम श्रेणी स्कोर है। सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड बीबी निंबालकर के नाम है, जिन्होंने महाराष्ट्र और काठियावाड़ के बीच रणजी ट्रॉफी मैच में नाबाद 443 रन बनाए थे। यह रणजी ट्रॉफी में चौथे शतक की एक एकमात्र पारी है। तन्मय अग्रवाल ने केवल 181 गेंद में 34 चौकों और 26 छक्कों की मदद से 202.21 के स्ट्राइक रेट से 366 रन बनाए।