Ranji Trophy 2026-27: मानव सुथार बने राजस्थान के कप्तान, आयुष बडोनी संभालेंगे दिल्ली की कमान; दोनों टीमों ने स्क्वाड का किया एलान
राजस्थान और दिल्ली ने आगामी रणजी सीजन के लिए अपने स्क्वाड का एलान कर दिया है। राजस्थान की कप्तानी मानव सुथार संभालेंगे, जबकि आयुष बडोनी दिल्ली की अगुवाई करेंगे।

मानव सुथार-आयुष बडोनी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। रणजी ट्रॉफी 2026-27 के लिए राजस्थान और दिल्ली ने अपने स्क्वाड का एलान कर दिया है। दोनों टीमें एलीट ग्रुप में शामिल हैं, जिसकी शुरुआत 11 अक्टूबर से गोवा और बड़ौदा के बीच होने वाले मुकाबले से होगी। आगामी सीजन के लिए राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन और दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने अपनी टीम की घोषणा कर दी है।
ऑलराउंडर मानव सुथार, जिन्होंने हाल ही में भारतीय टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में शानदार गेंदबाजी की, उन्हें टीम का कप्तान बनाया गया है। वे पहले दो मैचों में राजस्थान की कप्तानी करते दिखेंगे। दूसरी तरफ आयुष बडोनी को दिल्ली की कमान मिली है, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींचा है।
राजस्थान और दिल्ली का पहला मुकाबला
रणजी ट्रॉफी 2026-27 में राजस्थान का पहला मुकाबला तमिलनाडु के खिलाफ होगा, जो जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे से होगी। दूसरी तरफ दिल्ली की टीम अपने पहले मैच में बंगाल का सामना करेगी। ये मैच भी 11 अक्टूबर को ही खेला जाएगा। मैच का समय भी वही होगा लेकिन ये दोनों टीमें बंगाल क्रिकेट एकैडमी ग्राउंड में एक-दूसरे के खिलाफ आमने-सामने होंगी।
राजस्थान के कप्तान होंगे मानव सुथार
राजस्थान ने पहले दो मैचों के लिए अपने स्क्वाड का एलान किया है। इसके लिए मानव सुथार को कप्तान बनाया है। सुथार ने अपनी लेफ्ट आर्म स्पिन से इंटरनेशनल क्रिकेट में भी शानदार खेल दिखाया है। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में डेब्यू किया और फिर प्लेयर ऑफ द मैच रहे। इसके बाद श्रीलंका में भी धमाल मचाया। उन्हें अब राजस्थान की कप्तानी करने का मौका मिला है। महिपाल लोमरोर को उनका डिप्टी बनाया गया है।
दिल्ली को लीड करेंगे आयुष बडोनी
आयुष बडोनी पर डीडीसीए ने भरोसा जताया है। डीडीसीए ने रणजी ट्रॉफी के लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। भारत को 2022 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले यश धुल को दिल्ली का उपकप्तान बनाया गया है।
रणजी ट्रॉफी के लिए राजस्थान की टीम
मानव सुथार (कप्तान), महिपाल लोमरोर (उप-कप्तान), रोहन राजबर, सचिन यादव, सुमित गोदारा, कार्तिक शर्मा, करण लांबा, अंशुल गढ़वाल, मुकुल चौधरी (विकेटकीपर), दर्शन जैन (विकेटकीपर) अजय कूकना, आकाश सिंह, चेतन शर्मा, हेमंत चौधरी, दानिश भाम्बू।
रणजी ट्रॉफी के लिए दिल्ली की टीम
आयुष बडोनी (कप्तान), यश धुल (उप-कप्तान), अनुज रावत (विकेटकीपर), प्रणव राजवंशी (विकेटकीपर), सनत सांगवान, आयुष दोसेजा, देव लाकड़ा, ऋतिक शौकीन, दिविज मेहरा, मनी ग्रेवाल, सिमरजीत सिंह, नवदीप सैनी, सार्थक रंजन, तेजस्वी, ध्रुव कौशिक, सुमित माथुर।
