विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 13, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

IND vs AUS 3rd Test: रोहित शर्मा का होगा असली 'टेस्ट', क्‍या ऑस्‍ट्रेलिया में अपनी मंशा पूरी कर पाएंगे भारतीय कप्‍तान?

Published: Fri, 13 Dec 2024 09:28 PM (GMT+05:30)

भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच बॉर्डर गावस्‍कर ट्रॉफी का तीसरा टेस्‍ट मैच गाबा में खेला जाएगा। इस टेस्‍ट की शुरुआत ...और पढ़ें

दूसरे टेस्‍ट में फेल रहे थे भारतीय कप्‍तान। इमेज- बीसीसीआई
दूसरे टेस्‍ट में फेल रहे थे भारतीय कप्‍तान। इमेज- बीसीसीआई

HighLights

  1. दूसरे टेस्‍ट में नहीं चला था रोहित शर्मा का बल्‍ला
  2. सीरीज का पहला टेस्‍ट नहीं खेले थे रोहित शर्मा
  3. सीरीज मे 1-1 की बराबरी पर हैं दोनों टीमें

 अभिषेक त्रिपाठी, जागरण ब्रिसबेन : भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की एडिलेड में वापसी निराशाजनक रही। हाल ही में दूसरी बार पिता बने रोहित पर्थ में नहीं खेले थे। एडिलेड में दिन-रात्रि टेस्ट में भारतीय कप्तान ने टीम में वापसी की, परंतु दोनों ही पारियों (3, 6) में उनका बल्ला नहीं चला और भारतीय टीम यह मैच 10 विकेट से हार गई।

ब्रिसबेन के गाबा स्टेडियम में शनिवार से शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट में भारतीय टीम इतिहास दोहराने उतरेगी तो फिर नजरें कप्तान रोहित शर्मा पर होंगी, जिनके लिए पूरी सीरीज ही एक 'टेस्ट' है। इतना ही नहीं रोहित ऑस्‍टेलिया में कोई टेस्‍ट शतक नहीं लगा पाए हैं। ऐसे में यह सूखा भी खत्‍म करना चाहेंगे।

बुमराह को चाहिए रोहित-कोहली का साथ

सीरीज 1-1 से बराबर होने के कारण ब्रिसबेन टेस्ट निर्णायक साबित हो सकता है। भारतीय गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों की कमजोरी का लाभ उठाना चाहेंगे जिनके लिए ट्रेविस हेड दूसरे टेस्ट में संकटमोचक साबित हुए। स्टीव स्मिथ भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं।

गेंदबाजी में भारत के पास जसप्रीत बुमराह हैं जिन्होंने सीरीज के शेष सभी गेंदबाजों को अपने सामने बौना साबित कर दिया है। उन्हें हालांकि दूसरे छोर से अधिक सहयोग की आवश्यकता है। इसके साथ ही उन्हें रोहित और कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाजों से अच्छे रनों की भी दरकार है ताकि वह खुलकर गेंदबाजी कर सकें।

दिग्गजों के लिए फार्म चिंता का विषय

आधुनिक क्रिकेट के इन दोनों महानायकों के लिए यह टेस्ट बहुत महत्वपूर्ण होगा। विराट की अनुपस्थिति में भारत ने 2021 में यहां वापसी करके शानदार जीत दर्ज की थी। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने दोनों पर उछाल और सीम से हमले बोले हैं और यहां भी पिच से अच्छी सीम मिलने की आशा है। रोहित और कोहली के पास प्रतिभा की कमी नहीं है लेकिन इस समय फार्म साथ नहीं दे रहा।

पहली पारी में संघर्ष सबसे बड़ी चुनौती

भारत के लिए सबसे बड़ी समस्या पहली पारी में निराशाजनक बल्लेबाजी रही है। पिछले एक वर्ष में भारत में और विदेश में खेले गए टेस्ट में छह बार पहली पारी का स्कोर 150 या कम रहा है। कप्तान रोहित शर्मा ने 2024-25 सत्र में पहली पारी में 6.88 की खराब औसत से रन बनाए हैं। यही हाल दिग्गज विराट कोहली का भी है, जिन्होंने इस दौरान 10 की औसत से रन बनाए हैं। कोहली ने पर्थ टेस्ट में शतक लगाया, लेकिन रोहित से कप्तानी पारी का अब भी इंतजार है।

रोहित के लिए बल्लेबाजी क्रम भी पहेली

भारतीय कप्तान रोहित के पास इतना अनुभव तो है कि वह बखूबी जानते हैं कि पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड जैसे शानदार गेंदबाजों को हर गेंद पर कूटा नहीं जा सकता। रोहित सफेद गेंद के बादशाह रहे हैं लेकिन अगर गाबा पर वह अच्छी पारी खेल जाते हैं तभी शेष सीरीज में उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा।

इसके लिए सबसे पहले उन्हें अपना बल्लेबाजी क्रम तय करना होगा। वह पारी की शुरुआत करेंगे या छठे नंबर पर उतरेंगे, यह उन्हें देखना है क्योंकि ऐसे में अगर शीर्षक्रम धीमा खेलता है तो वह पुरानी कूकाबुरा गेंद पर आक्रामक खेल सकते हैं।

जडेजा-आकाश को मिल सकता है अवसर

पहले दो टेस्ट में ऑफ स्पिनर आर अश्विन और वॉशिंगटन सुंदर का प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा, लेकिन बल्लेबाजी में गहराई के लिए रवींद्र जडेजा बेहतर विकल्प हैं। तेज गेंदबाजी में आकाश दीप के पास विविधता है लेकिन कप्तान रोहित को हर्षित राणा की दिलेरी पसंद है। ब्रिसबेन की उछाल को देखकर आकाश दीप को भी अवसर मिल सकता है।

बोलैंड की जगह हेजलवुड की वापसी

आस्ट्रेलिया की बात करें तो उनकी बल्लेबाजी भी चिंता का सबब है। हेड की हालत आजकल रिषभ पंत की तरह हो गई है। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बुमराह के पहले स्पैल को सावधानी से खेलना चाहेंगे क्योंकि उन्हें पता है कि इसमें कामयाब रहने पर बाकी भारतीय गेंदबाजों से उन्हें इतना खतरा नहीं है। वहीं, बाजू में खिंचाव के कारण एडिलेड टेस्ट से बाहर रहने के बाद हेजलवुड टीम में लौटे हैं।

  • ऑस्ट्रेलिया : पैट कमिंस (कप्तान), जोश हेजलवुड , एलेक्स कैरी, ट्रैविस हेड, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिशेल मार्श, नाथन मैकस्वीनी, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क।
  • भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, अभिमन्यु ईश्वरन, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत, सरफराज खान, ध्रुव जुरैल, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर।

कमिंस ने बताया प्‍लान

पैट कमिंस ने कहा, एडिलेड टेस्ट में शार्ट-पिच गेंदबाजी करने की रणनीति कारगर रही। यह प्लान बी के रूप में हमेशा जेहन में रहता है। अगर यह वाकई उन्हें असहज बना रहा था तो हम इसे प्लान ए भी बना सकते हैं। एडिलेड में यह असरदार रहा और मुझे भरोसा है कि तीसरे टेस्ट में भी काम करेगा।

गिल ने कही ये बात

शुभमन गिल ने कहा, हम इसे तीन मैचों की टेस्ट सीरीज की तरह लेंगे और अगर हम इसे जीतते हैं तो मेलबर्न और सिडनी में इसका लाभ मिलेगा। टीम के साथ 2021 के बाद स्टेडियम में आना, निश्चित रूप से बहुत सारी पुरानी यादों को ताजा कर रहा है।

आस्ट्रेलिया में रोहित का प्रदर्शन

  • मैच : 8
  • पारियां : 16
  • रन : 417
  • औसत : 27.80
  • 50/100 : 3/0

रोहित का इस साल प्रदर्शन

  • मैच : 12
  • पारी : 23
  • रन : 597
  • औसत : 27.13
  • 50/100 : 2/2

ये भी पढ़ें: IND vs AUS: गाबा में यही टीम बनेगी विजेता, Ricky Ponting ने भविष्‍यवाणी करते हुए बताई प्रमुख वजह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।