IND vs NZ ODI Series: श्रेयस अय्यर को इस एक शर्त पर मिली भारतीय स्क्वॉड में जगह, 6 जनवरी को देंगे 'परीक्षा'
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे और पांच टी-20 मैचों की घरेलू सीरीज खेली जानी है, जिसकी शुरुआत वनडे मुकाबलों से होगी। टी-20 टीम के बाद शनिवार को चयन ...और पढ़ें

श्रेयस को टीम में मिली जगह।
HighLights
कप्तान गिल और सिराज की वापसी
गायकवाड़ को नहीं मिला मौका
विकेटकीपर पंत टीम में बरकरार
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली : नए साल के आगमन के साथ ही क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच का दौर एक बार फिर लौटने को तैयार है। टी-20 विश्व कप और आईपीएल से पहले भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के विरुद्ध खुद को परखने का सुनहरा मौका मिलेगा।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे और पांच टी-20 मैचों की घरेलू सीरीज खेली जानी है, जिसकी शुरुआत वनडे मुकाबलों से होगी। टी-20 टीम के बाद शनिवार को चयनकर्ताओं ने वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी।
इस टीम में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की वापसी हुई है। सिराज को दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध घरेलू सीरीज में जगह नहीं मिली थी, लेकिन अब न्यूजीलैंड के विरुद्ध उन्हें फिर से जिम्मेदारी सौंपी गई है।
श्रेयस की होगी परीक्षा
भारतीय टीम इस सीरीज में शुभमन गिल की कप्तानी में मैदान पर उतरेगी, जिनसे नेतृत्व के साथ-साथ शानदार बल्लेबाजी की भी उम्मीद होगी। उपकप्तान श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी हुई है लेकिन उनको विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए मैच खेलकर खुद को मैच फिट साबित करना होगा। वह विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई और हिमाचल प्रदेश के बीच छह जनवरी को होने वाले मैच में खेलने उतरेंगे।
हार्दिक को 10 ओवर गेंदबाजी करने की अनुमति नहीं
विजय हजारे ट्रॉफी में आलराउंड प्रदर्शन करने के बावजूद हार्दिक पांड्या को वनडे टीम में शामिल नहीं किया गया है। बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से उन्हें मैच में पूरे 10 ओवर गेंदबाजी की अनुमति नहीं मिली है। इसी कारण से चयनकर्ताओं ने 11 जनवरी से वडोदरा में शुरू होने वाली सीरीज के लिए उन्हें टीम से बाहर रखा।
खबरें और भी
फिर गरजेगा रो-को का बल्ला
सीरीज में सबसे ज्यादा निगाहें एक बार फिर भारत के दिग्गज बल्लेबाजों पर होंगी। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली का बल्ला फिर गरजने को तैयार है। दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध हालिया घरेलू सीरीज में दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम की जीत में अहम योगदान दिया था।
कोहली ने 135, 102 और नाबाद 65 रन की पारियां खेलीं, जबकि रोहित के बल्ले से 57, 14 और 75 रन निकले। विजय हजारे ट्रॉफी में भी रोहित ने 155 और शून्य रन बनाए थे, जबकि कोहली ने 131 और 77 रन बनाकर अपने फार्म का संकेत दिया। ऐसे में न्यूजीलैंड के विरुद्ध यह सीरीज भारतीय टीम के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने का बड़ा मंच साबित हो सकती है।
गायकवाड़ को मौका नहीं, पंत पर भरोसा बरकरार
अय्यर की वापसी के कारण विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर रहे रुतुराज गायकवाड़ को मौका नहीं मिला है। वहीं दूसरे विकेटकीपर के तौर पर चयनकर्ताओं ने ऋषभ पंत पर भरोसा जताया है। उनको बाहर करके ध्रुव जुरैल को मौका देने की बात चल रही थी लेकिन पंत अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे।
न्यूजीलैंड के विरुद्ध वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान; फिटनेस मंजूरी के अधीन), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल।
वनडे सीरीज का शेड्यूल
- पहला वनडे: 11 जनवरी, बीसीए स्टेडियम, वडोदरा
- दूसरा वनडे: 14 जनवरी, निरंजन शाह स्टेडियम, राजकोट
- तीसरा वनडे: 18 जनवरी, होल्कर स्टेडियम, इंदौर
यह भी पढ़ें- Shreyas Iyer खेलेंगे विजय हजारे ट्रॉफी का मैच, मयंक यादव पर भी आया बड़ा अपडेट