Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और अर्शदीप बिखेरेंगे अपना जलवा, पंजाब ने विजय हजारे ट्रॉफी के लिए किया स्‍क्‍वाड का एलान

    Updated: Mon, 22 Dec 2025 02:19 PM (GMT+05:30)

    पंजाब ने आगामी विजय हजारे ट्रॉफी के लिए 18 सदस्‍यीय स्‍क्‍वाड की घोषणा कर दी है। पंजाब की टीम में शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह जैसे इंटरनेश ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. पंजाब ने विजय हजारे ट्रॉफी के लिए 18 सदस्‍यीय टीम का एलान किया

    2. पंजाब ने गिल, अभिषेक और अर्शदीप सिंह को स्‍क्‍वाड में शामिल किया

    3. पंजाब अपना पहला मुकाबला 24 दिसंबर को महाराष्‍ट्र के खिलाफ खेलेगा

    स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। पंजाब ने सोमवार को आगामी विजय हजारे ट्रॉफी के लिए अपनी 18 सदस्‍यीय स्‍क्‍वाड की घोषणा कर दी है। पंजाब ने अंतरराष्‍ट्रीय खिलाड़‍ियों शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल किया है। पंजाब अपना पहला मैच जयपुर में 24 दिसंबर को महाराष्‍ट्र के खिलाफ खेलेगा।

    भारत के वनडे और टेस्‍ट कप्‍तान शुभमन गिल विजय हजारे ट्रॉफी में अपनी उपयोगिता साबित करने को बेताब होंगे। उन्‍हें हाल ही में आगामी टी20 वर्ल्‍ड कप और न्‍यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज से बाहर किया गया है। गिल को खराब फॉर्म और फिटनेस संबंधी समस्‍याओं के कारण टीम से बाहर किया गया।

    वैसे, पंजाब की टीम कागजों पर काफी मजबूत नजर आ रही है। इसमें बड़े हिट लगाने वाले बल्‍लेबाज और ऑलराउंडर्स को शामिल किया गया है, जैसे प्रभसिमरन सिंह, नमन धीर, अनमोलप्रीत सिंह, रमनदीप सिंह, सनवीर सिंह और हरप्रीत बरार। इसके अलावा गुरनूर बरार और कृष भगत तेज गेंदबाजी आक्रमण की बागडोर संभालेंगे।

    गिल, अभिषेक और सिंह की स्थिति स्‍पष्‍ट नहीं

    खैर, यह स्‍पष्‍ट नहीं हो पाया है कि शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह कितने मैचों के लिए उपलब्‍ध रहेंगे। ऐसा इसलिए क्‍योंकि भारतीय टीम को 11 जनवरी से न्‍यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। इसके बाद 21 जनवरी से वो पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेलेगी।

    खबरें और भी

    किस पर होंगी निगाहें

    बता दें कि पिछले सीजन में पंजाब का सफर क्‍वार्टर फाइनल में समाप्‍त हो गया था। इस बार वो अपने सभी सात लीग मैच जयपुर में खेलेगी। अर्शदीप सिंह पिछले सीजन में पंजाब के लिए सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। इस बार भी उन पर निगाहें होंगी।

    पंजाब के ग्रुप में कौन

    पंजाब के ग्रुप में महाराष्‍ट्र, छत्‍तीसगढ़, उत्‍तराखंड, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, गोवा और मुंबई है। विजय हजारे ट्रॉफी में पंजाब का लीग चरण 8 जनवरी को समाप्‍त होगा। वैसे, पंजाब ने अपने कप्‍तान के नाम की घोषणा नहीं की है। तो मैच के हिसाब से कप्‍तानी में बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

    पंजाब का 18 सदस्‍यीय स्‍क्‍वाड

    शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह, हरनूर पन्‍नू, अनमोलप्रीत सिंह, उदय सहारन, नमन धीर, सलील अरोड़ा, सनवीर सिंह, रमनदीप सिंह, जश्‍नप्रीत सिंह, गुरनूर बरार, हरप्रीत बरार, रघु शर्मा, कृष भगत, गौरव चौधरी और सुखदीप बाजवा।

    यह भी पढ़ें- रिंकू सिंह को मिली यूपी की कमान तो ऋतुराज गायकवाड़ करेंगे महाराष्ट्र की कप्तानी, पृथ्वी शॉ को भी मिली जगह

    यह भी पढ़ें- VHT 2025: मोहम्मद शमी को मिली बंगाल की टीम में जगह, आकाशदीप और मुकेश के साथ दिखाएंगे विजय हजारे में दम