विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अटापट्टू की कप्तानी में उतरेगी श्रीलंकाई टीम, एशिया कप का खिताब बचाने के लिए 15 सदस्यीय टीम का एलान

Updated: Fri, 14 Aug 2026 11:03 PM (IST)

श्रीलंका ने दुबई में होने वाले आगामी एशिया कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है।

श्रीलंकाई टीम

श्रीलंकाई टीम

HighLights

  1. हर्षिता माधवी उपकप्तान की भूमिका निभाएंगी

  2. तेज गेंदबाज मिथाली अयोध्या की टीम में वापसी

  3. ऑलराउंडर देवमी विहंगा को पहली बार मौका

एएनआई, कोलंबो। श्रीलंका ने दुबई में होने वाले आगामी एशिया कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की नजरें अपने खिताब का बचाव करने पर होंगी। चमारी अटापट्टू टीम की कप्तानी जारी रखेंगी, जबकि हर्षिता माधवी उपकप्तान की भूमिका निभाएंगी।

दाएं हाथ की तेज गेंदबाज मिथाली अयोध्या की टीम में वापसी हुई है। उन्होंने 2026 महिला टी-20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट लिए थे और श्रीलंका की दूसरी सबसे सफल गेंदबाज रही थीं। उन्होंने अप्रैल में ही अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। लेग स्पिनर और आलराउंडर देवमी विहंगा को पहली बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। वह इससे पहले श्रीलंका के लिए 12 वनडे खेल चुकी हैं।

गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत करने के लिए चेथना विमुक्ति की भी टीम में वापसी हुई है। बल्लेबाजी में अथापथ्थु और हर्षिता के अलावा हसिनी परेरा, विष्मी गुणरत्ने और निलाक्षीका सिल्वा अहम विकल्प होंगी। श्रीलंका को ग्रुप बी में बांग्लादेश, इंडोनेशिया और संयुक्त अरब अमीरात के साथ रखा गया है। गत चैंपियन श्रीलंका अपने अभियान की शुरुआत 29 अगस्त को यूएई के विरुद्ध करेगा।

श्रीलंका की टीम

चमारी अटापट्टू (कप्तान), मिथाली अयोध्या, कविशा दिलहारी, इमेशा दुलानी, विष्मी गुणरत्ने, काव्या कविंदी, संजना कविंदी, सुगंधिका कुमारी, कौशिनी नुथ्यांगना, हसिनी परेरा, चामुडी प्रभोदा, हर्षिता माधवी, निलाक्षीका सिल्वा, देवमी विहंगा, चेतना विमुक्ति।