यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 20, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
T20 World Cup: 8 वर्ल्ड कप, 18 साल... युवराज सिंह का ये कारनामा है बेमिसाल, अभी तक नहीं टूटा ये रिकॉर्ड
2007 में खेले गए इस वैश्विक टूर्नामेंट में वैसे तो सभी खिलाडि़यों ने अपना योगदान दिया था लेकिन युवराज सिंह के एक ओवर में छह छक्कों को भला कौन भूल सकता ...और पढ़ें

HighLights
- युवराज सिंह के नाम है टी20 का बड़ा रिकॉर्ड।
- युवराज ने 2007 वर्ल्ड कप में किया था ये कारनामा।
- युवराज सिंह के इस रिकॉर्ड को अभी तक कोई नहीं तोड़ पाया है।
राजा, जागरण, नई दिल्ली: टी20 विश्व कप में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकार्ड युवराज सिंह के नाम है, जिन्होंने केवल 12 गेंदों में अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया था। युवराज ने अपनी इसी पारी में छह गेंद पर छह छक्के जड़े थे। 2007 का टी-20 विश्व कप कई मायनों में भारतीय टीम के लिए खास है। यह एक मात्र विश्व कप है जिसे भारतीय टीम ने जीता है। यह इसलिए भी विशेष है क्योंकि महेंद्र सिंह धौनी के नेतृत्व में युवा भारतीय टीम ने फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर विश्व का खिताब अपने नाम किया था।
इस वैश्विक टूर्नामेंट में वैसे तो सभी खिलाडि़यों ने अपना योगदान दिया था, लेकिन युवराज सिंह के एक ओवर में छह छक्कों को भला कौन भूल सकता है, जिसके कारण उन्होंने केवल 12 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। इसके बाद अब तक आठ टी-20 विश्व कप हो चुके हैं, लेकिन यह रिकार्ड नहीं टूटा है।
ये भी पढ़ें- IPL 2024: अभी तक चुप क्यों हैं विराट कोहली, RCB जीतकर भी कटघरे में, ऐसा तो नहीं होना था
धोनी के साथ युवराज थे मैदान पर
19 सितंबर 2007 को इंग्लैंड के विरुद्ध हुए उस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत का स्कोर जब 155 रन था तब रॉबिन उथप्पा के रूप में टीम को तीसरा झटका लगा। इसके बाद युवराज सिंह मैदान पर आए। वहीं,धोनी पहले से ही मैदान पर मौजूद थे। उस दिन युवराज अलग ही मिजाज में लग रहे थे। उन्होंने पहली गेंद डॉट खेलकर पिच की स्थिति को जांचा फिर अपनी दूसरी बॉल को कवर्स के ऊपर से चौका लगाया। अगले ओवर में युवराज ने एंड्रयू फ्लिंटॉफ को दो चौके जड़े तो इंग्लिश आलराउंडर चिढ़ गए और ओवर के बाद युवी से बहस करने लगे।
चारों दिशाओं में युवी ने जड़े छक्के
फ्लिंटॉफ का गुस्सा युवराज ने स्टुअर्ट ब्रॉड पर निकाला, जब उनकी पहली गेंद पर मिडविकेट पर छक्का लगाया। अगली गेंद को स्क्वायर लेग के ऊपर से फ्लिक किया। ब्रॉड की तीसरी गेंद ऑफ-साइड पर थी, युवराज ने एक और छक्का जड़ दिया। चौथी गेंद कमर तक फुल टॉस थी, जिसे उन्होंने आसानी से बाउंड्री पार भेजा। ब्रॉड की पांचवीं गेंद पर भी नतीजा नहीं बदला। पूरे भारत की नजरें छठी गेंद पर थी कि क्या युवराज इसे भी सीमा पार भेज पाएंगे और युवराज ने इस गेंद पर भी छक्का लगा अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज कर लिया।
खबरें और भी
The 6 Sixes of Yuvraj Singh in an over in T20 World Cup 2007.
- Yuvi, The Sixer King..!!! pic.twitter.com/37pvuKL2p5
— Tanuj Singh (@ImTanujSingh) December 12, 2023
इसके साथ ही युवराज ने 12 गेंदों में टी-20 विश्व कप का सबसे तेज अर्धशतक ठोक दिया। उन्होंने 16 गेंदों में तीन चौके और सात छक्कों की मदद से अविजित 58 रनों की यादगार पारी खेली थी। भारत ने यह मैच इंग्लैंड को 18 रन से हराया था।