Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    IND vs BAN T20 WC Match Preview: शिवम पर ऐतबार, संजू को क्यों इन्कार; आज बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की करना चाहेगी भारतीय टीम

    By abhishek tripathiEdited By: Rajat Gupta
    Updated: Sat, 22 Jun 2024 05:00 AM (IST)

    IND vs BAN T20 World Cup Match Preview भारतीय टीम ने ग्रुप मैचों में आयरलैंड पाकिस्तान और अमेरिका को हराने के बाद सुपर-8 के पहले मुकाबले में अफगानिस्त ...और पढ़ें

    भारतीय टीम आज बांग्‍लादेश से टकराएगी। इमेज- बीसीसीआई
    भारतीय टीम आज बांग्‍लादेश से टकराएगी। इमेज- बीसीसीआई

    HighLights

    1. सुपर-8 के पहले मैच में भारत ने अफगानिस्‍तान को हराया
    2. बांग्‍लादेश के खिलाफ शानदार हैं भारत के आंकड़े
    3. सुपर-8 के आखिरी मैच में भारत की टक्‍कर ऑस्‍ट्रेलिया से

     अभिषेक त्रिपाठी, जागरण एंटीगुआ: भारतीय टीम का अजेय रथ भले ही अमेरिका से कैरेबियाई देशों की तरफ तेजी से बढ़ रहा हो, लेकिन अगर इसके हिचकोलों को हमने नहीं देखा और उसके पहियों को नहीं कसा तो आगे यह हार का कारण भी बन सकता है। वैसे भी नेतृत्वकर्ता रोहित शर्मा के अस्त्र-शस्त्र ज्यादा कमाल नहीं कर पाए हैं जबकि सारथी विराट कोहली का तेज भी नहीं दिख रहा है।

    अब बांग्‍लादेश से टक्‍कर

    भारतीय टीम ने ग्रुप मैचों में आयरलैंड, पाकिस्तान और अमेरिका को हराने के बाद सुपर-8 के पहले मुकाबले में अफगानिस्तान को हरा दिया है। अब उसे बांग्लादेश से भिड़ना है जो अपेक्षाकृत कमजोर है। भारतीय टीम भले ही अब तक कोई मैच नहीं हारी है लेकिन उसका मुकाबला भी काफी कमजोर टीमों से हुआ है। इसमें कोई शक नहीं कि यह टीम बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर लेगी, लेकिन उसे आस्ट्रेलिया को भी हराना होगा।

    सेमीफाइनल में नहीं है रिजर्व डे

    अगर भारतीय टीम आस्ट्रेलिया को हराकर ग्रुप-1 में नंबर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंचती है तो वर्षा के कारण अंतिम-4 मुकाबला रद होने की स्थिति में भी वह फाइनल में प्रवेश कर जाएगी। आइसीसी ने सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे नहीं रखा है। जो भी सेमीफाइनल रद होगा, उसमें खेलने वाली वही टीम फाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी जो अपने ग्रुप में नंबर एक पर रही हो।ऐसे में भारतीय टीम को अभी से बांग्लादेश के साथ-साथ आस्ट्रेलिया के विरुद्ध भी मजबूत एकादश उतारने पर ध्यान देना चाहिए।

    संजू को नहीं मिल रहा मौका

    भारतीय टीम जीत रही है लेकिन परफेक्ट नहीं है। रोहित ने मुंबई से खेलने वाले शिवम दुबे को आलराउंडर के तौर पर लगातार टी-20 विश्व कप में खिलाया। उनके कारण रिंकू सिंह जैसे बल्लेबाज को रिजर्व खिलाडि़यों में पहुंचा दिया गया। यही नहीं संजू सैमसन को भी अंतिम-11 में मौका नहीं मिल रहा। शिवम ने अब तक एक अभ्यास मैच और चार विश्व कप मैचों में 14, 0*, 03, 31* और 10 रनों का स्कोर किया।

    खबरें और भी

    दुबे नहीं कर रहे गेंदबाजी

    अभ्यास मैच में उन्होंने दो विकेट लिए थे लेकिन बाकी चार मैचों में उन्हें कुल एक ओवर दिया गया, वह भी अमेरिका के विरुद्ध जब भारतीय टीम ने उस टीम पर पहले से ही दबाव बना लिया था। यानी भारतीय टीम को अब तक उनकी गेंदबाजी की जरूरत ही नहीं पड़ी है, ऐसे में एक अतिरिक्त आलराउंडर खिलाने की जगह भारत को एक बल्लेबाज खिलाने पर जोर देना चाहिए जो टीम को मजबूती दे। या तो यशस्वी को रोहित के साथ ओपनिंग कराकर विराट को तीसरे नंबर पर उतारे क्योंकि उनसे भी रन नहीं बन रहे हैं।

    दूसरे विकल्‍प पर कर सकते विचार

    हालांकि इससे टीम प्रबंधन विराट को ओपनिंग कराने के अपने फैसले से पलटता नहीं दिखना चाहेगा। दूसरा विकल्प है कि संजू को तीसरे नंबर पर उतारकर रिषभ पंत को फिनिशर के तौर पर इस्तेमाल करें। या फिर किसी के चोटिल होने पर रिंकू सिंह को किसी तरह अंतिम-15 और फिर अंतिम-11 में शामिल किया जाए। अफगानिस्तान के विरुद्ध हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी देखकर मजा आ गया। सूर्यकुमार फार्म में आ ही चुके हैं।

    भारत की गेंदबाजी मजबूत

    बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव को पहली बार अफगानिस्तान के विरुद्ध ही मौका मिला और उन्होंने दो विकेट ले लिए। बाएं हाथ के तीन स्पिनरों को एक साथ उतारने से फायदा मिला है। इनमें से एक कलाई का तो दो अंगुली के स्पिनर हैं। इन तीनों का संयोजन जबर्दस्त रहा है। जसप्रीत बुमराह का कोई जोड़ नहीं है। वह अकेले ही किसी टीम की बखिया उधेड़ने को काफी हैं। अर्शदीप सिंह भी अच्छा कर रहे हैं। बुमराह ने इस विश्व कप में अब तक 15 ओवर फेंके हैं जिसमें सिर्फ चार बाउंड्री खाई हैं। उन्होंने 3.46 की इकोनामी से रन देते हुए आठ विकेट लिए हैं। इससे पता चलता है कि यहां उनका खौफ चल रहा है।

    बांग्लादेश में दम नहीं

    इस टीम ने हमें कई बार चौंकाया है लेकिन उसके बल्लेबाजों ने अभी तक निराश किया है। आस्ट्रेलिया से हारने के बाद उसे हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। उसे टीम में पावर हिटर्स की कमी खल रही है। सलामी बल्लेबाज लिटन दास और तंजीद खान के खराब प्रदर्शन ने भी उसकी परेशानियां बढ़ा दी हैं। बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने आस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद कहा था कि शीर्षक्रम का रन बनाना जरूरी है। उम्मीद है कि गेंदबाज भी फार्म में लौटेंगे। हमारा लक्ष्य भारत के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का है।

    दोनों टीमें इस प्रकार हैं

    भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, रिषभ पंत, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

    बांग्लादेश: नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), तस्कीन अहमद, लिटन दास, सौम्या सरकार, तंजीद हसन तमीम, शाकिब अल हसन, तौहीद हृदोय, महमूद उल्लाह रियाद, जैकर अली अनिक, तनवीर इस्लाम, शाक मेहदी हसन, रिशाद हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान, शोरीफुल इस्लाम, तंजीम हसन साकिब।

    ये भी पढ़ें: क्या सूर्यकुमार यादव ने विराट कोहली को दिया धोखा? अक्षर पटेल ने ये सवाल क्यों किया