बल्लेबाजों के लिए खौफ का दूसरा नाम बना दुनिया का नंबर-1 गेंदबाज, आज DJ बनकर पाल रहा परिवार का पेट
दक्षिण अफ्रीका के एक पूर्व तेज गेंदबाज, जो कभी वनडे के नंबर-1 गेंदबाज थे, का करियर मैच फिक्सिंग के कारण खत्म हो गया। अब वे डीजे बनकर जिंदगी गुजारने को मजबूर हैं।

साउथ अफ्रीका

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका के एक पूर्व तेज गेंदबाज की कहानी ऐसी है, जिस पर भरोसा करना भी मुश्किल हो सकता है। एक गेंदबाज जिसने अपनी शानदार गेंदबाजी से बल्लेबाजों को घुटनों पर ला दिया।
उसने आईसीसी की वनडे रैंकिंग (ICC ODI Ranking) में भी पहला स्थान पा लिया था, लेकिन इसके बावजूद आज वो दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। वो गेंदबाज जिसने कभी साउथ अफ्रीका के लिए वनडे फॉर्मेट में कई खतरनाक स्पेल किए, आज कहीं खो गया है।
हम यहां बात कर रहे हैं साउथ अफ्रीका (South Africa Cricket Team) के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज लोनवाबो सोतसोबे की। उन्होंने प्रोटियाज के लिए वनडे फॉर्मेट में कई बार कमाल की बॉलिंग की और आईसीसी की रैंकिंग में भी पहले स्थान पर पहुंच गए थे। 2011 में पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सोतसोबे का करियर 2014 में ही समाप्त हो गया और आज वे डीजे बनकर अपना गुजारा कर रहे हैं।
मैच फिक्सिंग की वजह से बर्बाद हुआ करियर
2011 में साउथ अफ्रीका के लिए डेब्यू करने के बाद से लोनवाबो सोतसोबे (Lonwabo Tsotsobe) के करियर का ग्राफ ऊपर ही जा रहा था। हालांकि, 2015 में एक मैच फिक्सिंग की वजह से उनकी जिंदगी में भूचाल आ गया।
दरअसल, साल 2015 में साउथ अफ्रीका की एक टी20 लीग के दौरान उनके ऊपर मैच फिक्स करने का आरोप लगा था। 2017 में उनके ऊपर रिश्वत लेने और मैच फिक्स करने का आरोप तय किया गया। उन्होंने मैच फिक्स करने और जांच में सहयोग न करने के आरोपों को स्वीकार कर लिया। इसके बाद क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने उनके ऊपर 8 सालों का बैन लगा दिया।
बैन के बाद डीजे बन गए
लोनवाबो सोतसोबे के ऊपर जब साउथ अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड ने बैन लगाया, तो वे डिप्रेशन में चले गए। सोतसोबे पहले से संगीत के बहुत शौकीन थे और जब उनके परिवारवालों ने देखा कि वे डिप्रेशन में जा रहे हैं, तो उन्हें संगीत में वापसी की सलाह दी। सोतसोबे ने ऐसा ही करने का फैसला किया और वे डीजे बन गए। उन्हें साउथ अफ्रीका में अब 'DJ Tso' के नाम से जाना जाता है। वे साउथ अफ्रीका के अलग-अलग शहरों और क्लबों में इवेंट करते हैं और उसी से अपना गुजारा करते हैं।
लोनवाबो सोतसोबे का करियर
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के करियर पर नजर डालें, तो उन्होंने 61 वनडे मैच खेले, जिसमें 94 विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने 7 बार 4 विकेट हॉल हासिल किए। उन्होंने 5 टेस्ट मैच में 9 विकेट चटकाए। इसके अलावा 23 टी20 मैच में खेलते हुए उन्होंने 18 विकेट झटके। वे वनडे की गेंदबाजी रैंकिंग में पहले स्थान पर भी रहे। उन्होंने आखिरी बार साउथ अफ्रीका के लिए कोई मैच 2014 में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेला था।
