विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Vaibhav Sooryavanshi ने जल्‍दबाजी में बिगाड़ा अपना काम, ऑफ स्पिनर की गेंद पर चकमा खाकर गंवाया विकेट

Published: Wed, 09 Sep 2026 02:10 PM (IST)

दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले में ईस्‍ट जोन की दूसरी पारी की शुरुआत खराब रही।

वैभव सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले में ईस्‍ट जोन की दूसरी पारी की शुरुआत खराब रही। पहली पारी में अपनी शानदार बैटिंग से हजारों दर्शकों का दिल जीतने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी इस बार सस्ते में पवेलियन लौट गए।
वैभव 16 गेंदों में 8 रन (1 चौका) बनाकर स्पिनर त्रिपुरना विजय की गेंद पर स्टंप आउट हो गए। इस झटके के साथ ही ईस्ट जोन ने अपने दोनों ओपनर्स के विकेट जल्दी गंवा दिए। इससे पहले अभिमन्‍यू ईश्‍वरन 3 रन ही बना सके थे।

भारी पड़ी जल्दबाजी

क्रीज पर उतरने के बाद वैभव आक्रामक दिख रहे थे, लेकिन यही जल्दबाजी उनके लिए भारी पड़ गई। त्रिपुरना विजय के ओवर में इस लेफ्ट-हैंडर बल्लेबाज ने गेंद फेंके जाने से पहले ही क्रीज से बाहर निकलकर बड़ा शॉट खेलने का मन बना लिया था।

चकमा खा गए वैभव

गेंदबाज विजय ने वैभव को आगे बढ़ता देख चालाकी दिखाई। उन्होंने गेंद की लेंथ को पीछे खींच लिया और उसे ऑफ स्टंप से दूर (वाइड) किया। वैभव फ्लाइट में पूरी तरह चकमा खा गए, लेकिन फिर भी उन्होंने कवर्स के ऊपर से 'इनसाइड-आउट' शॉट खेलने का हवा में प्रयास किया। गेंद उनके बल्ले से काफी दूर रह गई।

विकेटकीपर ने नहीं की गलती

गेंद सीधे विकेट के पीछे खड़े नारायण जगदीसन के दस्तानों में गई। जगदीसन के पास गिल्लियां बिखेरने के लिए भरपूर समय था और उन्होंने कोई गलती नहीं की। इस तरह वैभव की पारी का अंत हुआ।
वैभव ने पहली पारी में 37 गेंदों पर 44 रन की पारी खेली थी। अपनी इस पारी में वैभव ने 5 चौके और 1 छक्‍का भी लगाया था। उनके और नारायण जगदीशन के बीच पहले विकेट के लिए 88 गेंदों पर 100 रन की साझेदारी हुई थी।

कौन हैं त्र‍िपुराना व‍िजय

त्र‍िपुराना व‍िजय इसी महीने की 5 तारीख को 25 साल के हुए। 5 सितंबर 2001 को आंध्र प्रदेश के तेक्काली में जन्‍में विजय आंध्र प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। वह दाएं हाथ के ऑफ स्प‍िनर दाएं हाथ से बैट‍िंग करते हैं।

दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल से पहले उन्होंने 16 प्रथम श्रेणी मैच में 52 विकेट चटकाए हैं। साथ ही 327 रन भी बनाए हैं। 14 ल‍िस्ट ए मैचों में उन्‍होंने 5 शिकार किए हैं। इसके अलावा 11 टी20 मुकाबलों में वह अब तक 14 शिकार कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें- Duleep Trophy Final: 708 रनों के पहाड़ तले दबा साउथ जोन, मोहम्मद शमी-मुकेश कुमार का कहर; कप्तान तिलक वर्मा बने आखिरी उम्मीद

यह भी पढ़ें- Duleep Trophy Final: वैभव सूर्यवंशी की बैटिंग देखने उमड़ा जनसैलाब, स्टेडियम के खोलने पड़े एक्स्ट्रा स्टैंड