विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

VHT 2025: मुश्किल पिच पर स्पिनरों के सामने अभिषेक का 'सिक्सर शो', प्रैक्टिस करते हुए जमा दिए 45 छक्के

Published: Sun, 28 Dec 2025 07:23 PM (IST)

भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा विजय हजारे ट्रॉफी में अपना दम दिखाने को तैयार हैं। उन्होंने नेट्स सेशन में अपने अंदाज दिखाया और 45 छक्के ठोके।

News Article Hero Image

HighLights

  1. जयपुर में पंजाब का सामना उत्तराखंड से होगा

  2. कप्तान अभिषेक ने करीब एक घंटा किया अभ्यास

  3. अभिषेक ने जमकर बरसाए चौके-छक्के

पीटीआई, जयपुर : पंजाब के कप्तान अभिषेक शर्मा रविवार सुबह नेट सत्र के लगभग 10 मिनट बाद रुके और साथी खिलाड़ी गौरव चौधरी से पूछा, क्षेत्ररक्षण कैसा है। ऑफ स्पिनर चौधरी ने जवाब दिया, मिड ऑफ पर एक रन बचाने के लिए रखा है। अभिषेक ने काल्पनिक क्षेत्ररक्षण के बारे में पूछा था, लेकिन इसके बाद जो हुआ वह रोमांचक था।

अभिषेक ने चिरपरिचित अंदाज में बल्ला घुमाया और गेंद को मैदान से बाहर भेज दिया। दुनिया के नंबर एक टी-20 बल्लेबाज ने लगभग एक घंटे अभ्यास किया और इस दौरान डिफेंस को कोई तवज्जो नहीं दी। उन्होंने जयपुर शहर की सीमा से थोड़ी दूर खेत की जमीन पर बने खूबसूरत अनंतम क्रिकेट ग्राउंड पर कम से कम 45 छक्के लगाए।

खास था सेशन

यह एक विशेष बल्लेबाजी सत्र जैसा लग रहा था जहां अभिषेक सिर्फ स्पिनरों का सामना करना चाहते थे। एक ऐसी पिच पर ऑफ स्पिन, लेग स्पिन और बाएं हाथ की धीमी गेंदबाजी का सामना जहां गेंद बार-बार रुककर आ रही थी और अगर गेंदबाज सही जगह पर गेंद डालते तो काफी टर्न मिल रहा था। अभिषेक ने मैदान कर्मियों को हल्का रोलर चलाने के लिए कहा लेकिन मुश्किलें कम नहीं हुई क्योंकि नेट गेंदबाजों की गेंदें लगातार परेशान कर रही थीं।

कुछ गेंद अप्रत्याशित रूप से ऊपर उठ रही थीं, जबकि कुछ खतरनाक तरीके से नीचे रह रहीं थी। जब भी लेंथ थोड़ी छोटी होती तो अभिषेक को परेशानी होती, लेकिन जिस तरह से वह अपने पैरों का इस्तेमाल कर रहे थे वह देखना बहुत शानदार था। गेंद को खेलने से चूकने और उछलते हुए देखने के बाद वह पिच पर आगे बढ़ते और अपने बल्ले से निशान पर टैप करते और फिर अपनी महारत दिखाते।

छोटी लेंथ की गेंद पर वह पिच पर आगे बढ़कर ऑफ स्पिन और गुगली के सामने एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से इनसाइड-आउट शॉट लगाते थे। इनसाइड-आउट शॉट इतनी बार दोहराया गया कि टीम के मुख्य कोच संदीप शर्मा ने मजाक में कहा, तू अपना शतक पूरा करने के लिए सिर्फ एक्स्ट्रा कवर के ऊपर ही छक्के मारना चाहता है। गलत शॉट के लिए शॉर्ट एक्स्ट्रा कवर पर एक लाल क्षेत्ररक्षण नेट लगाया गया था। वह एक बार उस जाल में फंस गए लेकिन जल्दी ही सामंजस्य बैठाया और कुछ सीधे छक्के मारने का फैसला किया।

नहीं मिली इस बात की इजाजत

जब 25 साल का खिलाड़ी बाकी टीम के लगभग 45 मिनट बाद ट्रेनिंग के लिए आया तो वह पांच केंद्रीय पिच में से एक पर अभ्यास करना चाहते थे। ये सभी लाल मिट्टी की पिचें थीं। हालांकि मैच की पिच तय नहीं हुई थी इसलिए बीसीसीआई के नियमों के अनुसार उन्हें वहां बल्लेबाजी करने की इजाजत नहीं थी। फिर उन्होंने लगभग 40 मिनट तक बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी की और मुख्य कोच तथा सहायक कोच उदय कौल के साथ बल्लेबाजी के बारे में बात की। जब पूरी टीम का सत्र पूरा हो गया तो कप्तान के लिए पैड पहनने का समय था। उन्होंने शुरू में तेज गेंदबाजों का सामना करने का फैसला किया लेकिन एक युवा नेट गेंदबाज लगातार पांचवें स्टंप की लाइन पर गेंदबाजी कर रहा था जिससे अभिषेक ने सलाह दी, भाई, तुम स्टंप्स के करीब गेंदबाजी करो।

दुनिया के सबसे बेहतरीन टी-20 बल्लेबाजों में से एक अभिषेक ने खुद को हर कीमत पर आक्रमक करने के लिए तैयार किया है जो टीम की सामूहिक सोच को दिखाता है। छक्के मारना उनके लिए स्वाभाविक लगता है। एक घंटे के नेट सत्र के दौरान वह तीन से चार बार आउट हुए और हर बार डिफेंस करते हुए। आक्रामक रवैया दिखाते हुए वह हमेशा नियंत्रण में दिखे। कुछ ऐसा ही भारत अगले नौ हफ्तों में देखने की उम्मीद करेगा।

यह भी पढ़ें- VHT 2025: विराट-पंत के पचासे से जीती दिल्ली, रिंकू सिंह ने शतक ठोक यूपी को दिलाई जीत, रोहित हुए गोल्डन डक का शिकार

यह भी पढ़ें- VHT 2025: विराट कोहली ने तोड़ा ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज का दशकों पुराना रिकॉर्ड, इस मामले में बने नंबर-1 बल्लेबाज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।