चोटिल विराट कोहली का कब होगा फिटनेस टेस्ट? इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में मिली जगह
चोटिल विराट कोहली को अगले महीने इंग्लैंड के विरुद्ध होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। ...और पढ़ें
-1782044063939_m.webp)
आईपीएल में चोटिल हो गए थे विराट
HighLights
बुमराह की वापसी, हार्दिक टीम से बाहर
यशस्वी जायसवाल को नहीं मिला मौका
14 जुलाई से होगी वनडे सीरीज की शुरुआत
नई दिल्ली, पीटीआई। चोटिल विराट कोहली को अगले महीने इंग्लैंड के विरुद्ध होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। हालांकि उनका चयन फिटनेस मंजूरी पर निर्भर करेगा। इसके अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की टीम में वापसी हुई है।
वहीं, स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को चोट के कारण टीम में जगह नहीं मिली है। वह अभी वनडे क्रिकेट के लिए जरूरी गेंदबाजी कार्यभार और अपेक्षित फिटनेस स्तर तक नहीं पहुंच पाए हैं।
COE में फिटनेस टेस्ट देंगे
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रविवार को इस सीमित ओवरों की सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की। कोहली सोमवार को बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में फिटनेस टेस्ट देंगे। कोहली को आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिताब बचाने के अभियान के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी।
इसी वजह से वह हाल ही में अफगानिस्तान के विरुद्ध खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर रहे थे। उनकी रिकवरी का आकलन करने के लिए सीओई के स्पोर्ट्स साइंस स्टाफ ने कुछ समय पहले इंग्लैंड जाकर उनसे मुलाकात भी की थी।
जायसवाल को जगह नहीं
शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम में कोई बड़ा चौंकाने वाला फैसला नहीं लिया गया है। हालांकि, युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम से बाहर कर दिया गया है। जायसवाल अफगानिस्तान सीरीज में कोहली के विकल्प के रूप में शामिल किए गए थे और उन्होंने तीसरे वनडे में शतक भी जड़ा था।
खबरें और भी
चयन समिति की सामान्य नीति के तहत चोटिल खिलाड़ी की वापसी होने पर उनके स्थान पर शामिल किए गए खिलाड़ी को टीम से बाहर होना पड़ता है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा कि इंग्लैंड के विरुद्ध शीर्ष क्रम में ज्यादा प्रयोग नहीं होंगे। विराट नंबर-3 पर वापसी करेंगे, जबकि शुभमन गिल और रोहित शर्मा पारी की शुरुआत करेंगे। बैकअप ओपनर के तौर पर ईशान किशन मौजूद हैं।
बुमराह को दिया गया था आराम
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी टीम में वापसी हुई है। उन्हें कार्यभार प्रबंधन के तहत आराम दिया गया था। वहीं अनुभवी ऑलराउंडर अक्षर पटेल को भी टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने बाएं हाथ के युवा स्पिनर हर्ष दुबे की जगह ली है। हर्ष अब श्रीलंका-ए के विरुद्ध बहुदिवसीय सीरीज के लिए भारत-ए की लाल बाल टीम से जुड़ेंगे।
टीम प्रबंधन समय-समय पर अक्षर और हर्ष दोनों को मौके देगा, ताकि यह देखा जा सके कि विश्व कप को देखते हुए कौन अधिक उपयुक्त है। फिलहाल रवींद्र जडेजा को टेस्ट विशेषज्ञ के तौर पर देखा जा रहा है। भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे मुकाबले 14 जुलाई को एजबेस्टन, 16 जुलाई को सोफिया गार्डन्स और 19 जुलाई को लार्ड्स में खेले जाएंगे।
आयरलैंड सीरीज से बाहर हुए वरुण
स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को पैर की चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाने के कारण आयरलैंड के विरुद्ध टी-20 सीरीज की टीम से बाहर कर दिया गया है। बीसीसीआई के अनुसार, वरुण आइपीएल 2026 के दौरान लगी बाएं पैर की चोट से उबर रहे हैं और फिलहाल सीओई में पुनर्वास के अंतिम चरण में हैं। आयरलैंड दौरे पर टी-20 टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे।
इंग्लैंड के विरुद्ध भारतीय वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली*, केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार।
वनडे सीरीज का शेड्यूल
- पहला वनडे: 14 जुलाई- एजबेस्टन, बर्मिंघम
- दूसरा वनडे: 16 जुलाई- सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ
- तीसरा वनडे: 19 जुलाई- लॉर्ड्स, लंदन
आयरलैंड टी-20 सीरीज के लिए संशोधित टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी और प्रसिद्ध कृष्णा।