Who Is Nathan Smith: आयरलैंड के खिलाफ स्मिथ ने काटा गदर, 5 ओवर में पंजा खोलकर एकतरफा किया मैच
आयरलैंड और न्यूजीलैंड के बीच इकलौता टेस्ट मैच सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेला जा रहा है। ...और पढ़ें

नाथन स्मिथ

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आयरलैंड और न्यूजीलैंड के बीच इकलौता टेस्ट मैच सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेला जा रहा है। आयरलैंड के कप्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने 490/8 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी। इसके बाद पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की कमर न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर नाथन स्मिथ ने तोड़ दी।
टेस्ट करियर की बेस्ट गेंदबाजी की
नाथन स्मिथ ने अपने कोटे के पहले 5 ओवर में आयरलैंड के 5 विकेट चटकाए और अपने टेस्ट करियर का पहला पंजा खोला। पारी के पहले ही ओवर में नाथन स्मिथ ने 2 सफलताएं प्राप्त कीं। दूसरी गेंद पर उन्होंने स्टीफन डोहेनी को LBW आउट किया। आखिरी गेंद पर स्मिथ ने केड कारमाइकल को टॉम लाथम के हाथों कैच आउट कराया। दोनों ही बल्लेबाजों का खाता नहीं खुला।
4 बैटर को खाता नहीं खोलने दिया
7वें ओवर में नाथन स्मिथ ने आयरलैंड को तीसरा झटका दिया। ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने कप्तान एंड्रयू बालबर्नी को बोल्ड किया। एंड्रयू ने 1 चौके की बदौलत 16 गेंदों पर 13 रन की पारी खेली। अपने अगले और पारी के 9वें ओवर में नाथन स्मिथ ने 2 सफलताएं प्राप्त कर अपने करियर का पहला 5 विकेट हॉल लिया।
उन्होंने कर्टिस कैम्फर को LBW आउट किया और लोरकान टकर को बोल्ड किया। यह दोनों बैटर भी डक पर आउट हुए। नाथन ने अपने पहले 5 ओवर में 5 शिकार किए। इसके बाद सवाल उठ रहे हैं कि आखिरी यह गेंदबाज कौन है।
खबरें और भी
अमेलिया को कर रहे डेट
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर नाथन स्मिथ का जन्म 15 जुलाई, 1998 को डुनेडिन, ओटागो में हुआ। वह दाएं हाथ से बल्लेबाजी के साथ ही मीडियम फास्ट बॉलर हैं। उन्होंने नवंबर 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। खबरों की मानें तो न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेटर अमेलिया केर और नाथन स्मिथ एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। दोनों सोशल मीडिया पर साथ में तस्वीरें भी शेयर करते रहते हैं।
इंटरनेशनल प्रदर्शन पर एक नजर
27 साल के नाथन स्मिथ ने इस टेस्ट से पहले खेले 4 मुकाबलों की 6 पारियों में 125 रन बनाए और 10 विकेट अपने नाम किए। वह 17 वनडे और 2 टी20 इंटरनेशनल भी खेल चुके हैं। वनडे की 12 पारियों में उन्होंने 84 रन बनाने के साथ ही 22 विकेट झटके हैं। वहीं टी20 इंटरनेशनल में उनके खाते में 3 विकेट हैं।