IND vs SL: आउट होने के बाद गेंदबाज से भिड़ बैठे यशस्वी जायसवाल, हो गई धक्का-मुक्की; साथी खिलाड़ियों ने किया बचाव- Video
भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की दूसरे टेस्ट मैच में श्रीलंकाई गेंदबाज आशिता फर्नांडो से लड़ाई हो गई। इस घटना का वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
-1787468483408_m.webp)
आशिता फर्नांडो और यशस्वी जायसवाल की हुई लड़ाई

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पहले टेस्ट मैच में बुरी तरह से फेल होने वाले यशस्वी जायसवाल दूसरे टेस्ट की पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। वह आसानी से अर्धशतक पूरा करते दिख रहे थे, लेकिन आउट हो गए। यशस्वी इससे निराश थे और पवेलियन लौटते वक्त उनकी श्रीलंकाई गेंदबाज अशिता फर्नांडो से बहस भी हो गई।
भारत ने इस मैच में टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। यशस्वी ने आराम से बल्लेबाजी की। वह अच्छी लय में नजर आ रहे थे और फर्नांडो द्वारा फेंके गए 17वें ओवर में उन्होंने तीन चौके भी जड़ दिए थे, लेकिन फिर वह आउट हो गए। ओवर की आखिरी गेंद पर यशस्वी के विकेट उड़ गए।
हो गई लड़ाई
फर्नांडो ने आखिरी गेंद थोड़ी शॉर्ट फेंकी जिस पर यशस्वी ने बैकफुट पर जाकर ड्राइव मारने की कोशिश की। यहीं वह चूक गए और बोल्ड हो गए। यशस्वी अपने अर्धशतक से सिर्फ पांच रन दूर थे और इसलिए वह बेहद निराश हुए। वह आउट होकर पवेलियन की तरफ ही जा रहे थे कि तभी फर्नांडो ने उनसे कुछ कहा। यशस्वी ने तुरंत पलटकर देखा और ताव में फर्नांडो की तरफ आए। दोनों खिलाड़ी काफी करीब थे और धक्का-मुक्की करने लगे थे।
हालांकि, बात ज्यादा बिगड़ती तभी श्रीलंका के बाकी खिलाड़ियों ने दोनों को अलग किया। यशस्वी फिर फर्नांड को घूरते हुए और कुछ कहते हुए वापस लौट गए। इस घटना का वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यशस्वी ने 53 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौकों की मदद से 45 रन बनाए।
Heated moment between Yashasvi Jaiswal and Asitha Fernando pic.twitter.com/wWtWSoxqk0
— Abid Hasan (@Abid_kw22) August 23, 2026
पहला सेशन बराबरी का
आज से ही ये टेस्ट मैच शुरू हुआ है और पहले दिन का पहला सेशन दोनों ही टीमों के लिए बराबरी का साबित हुआ। श्रीलंका ने जहां केएल राहुल और यशस्वी के विकेट लिए तो वहीं भारत ने अपना स्कोर 88 रनों तक पहुंचा दिया। राहुल ने 33 गेंदों पर 18 रन बनाए।
