यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अपनी 'मुमताज' के साथ ताज का दीदार करने पहुंचे यूसुफ पठान, स्मारक में डेढ़ घंटे रुके टीएमसी सांसद
पूर्व भारतीय क्रिकेटर युसूफ पठान ने शनिवार दोपहर ताजमहल निहारा। वह इससे पूर्व वर्ष 2015 में ताजमहल देखने आए थे। साल 2021 में युसूफ पठान ने अंतरराष्ट्र ...और पढ़ें

HighLights
- पूर्व भारतीय क्रिकेटर शनिवार दोपहर पत्नी और बच्चों के साथ आए यूसुफ पठान
- प्रशंसकों ने लिए सेल्फी और फोटो, काले ताजमहल के बारे में ली जानकारी
- साल 2015 में भी कर चुके हैं ताजमहल का दीदार
जागरण, संवाददाता आगरा। पूर्व भारतीय क्रिकेटर युसूफ पठान ने शनिवार दोपहर ताजमहल निहारा। परिवार के साथ पठान स्मारक में करीब डेढ़ घंटे तक रहे। छोटे बेटे रेयान को कंधों पर बैठाकर उन्होंने स्मारक का दीदार कराया। काले ताजमहल, स्मारक की नींव, पच्चीकारी, इतिहास और यमुना की स्थिति जानने में उन्होंने काफी दिलचस्पी दिखाई।
पर्यटकों ने उनके साथ फोटो और सेल्फी लीं। स्मारक की देखरेख और व्यवस्थाओं को युसूफ पठान ने सराहा। पठान, पश्चिम बंगाल की बहरामपुर लोकसभा सीट से टीएमसी सांसद हैं। युसूफ पठान शनिवार दोपहर 2:45 बजे ताजमहल पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी आफरीन, बेटे अयान और रेयान थे। स्मारक में प्रवेश करते ही पर्यटकों ने उन्हें घेर लिया।

फोटो- जागरण
सुरक्षा घेरे में रहे सांसद
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने उन्हें सुरक्षा घेरे में लेकर स्मारक का भ्रमण कराया। वीडियो प्लेटफार्म, सेंट्रल टैंक, गार्डन और मुख्य मकबरे पर उन्होंने परिवार के साथ फोटो भी खिंचवाए। छोटे बेटे रेयान को उन्होंने अपने कंधों पर बैठा लिया। गाइड शिराज से उन्होंने काले ताजमहल के बारे में जानकारी जुटाई। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के उत्खनन करने से पूर्व गाइड मेहताब बाग को काला ताजमहल का अवशेष बताते थे।
ताजमहल देख मुग्ध हुए पठान
ताजमहल की पच्चीकारी पर मुग्ध पठान को गाइड ने वर्तमान में भी यह काम शहर में होने की जानकारी दी। ताजमहल की नींव कुओं पर आधारित होने पर भी सवाल पूछे। युसूफ ने यमुना के बारे में जानकारी की तो गाइड ने मुगल काल में उसके दोनों ओर बाग और हवेलियां होने की जानकारी दी। वह 4:10 बजे तक ताजमहल में रुके। मीडिया से वार्ता में युसूफ पठान ने कहा कि वह दूसरी बार परिवार के साथ ताजमहल देखने आए हैं।