'उसे जेल में होना चाहिए', युजवेंद्र चहल की एक हरकत पर भड़का पूर्व क्रिकेटर; जुर्माने को बताया मामूली
पंजाब किंग्स के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल हाल ही में फ्लाइट में वेपिंग करते हुए पकड़े गए थे। इसे लेकर उनकी जमकर आलोचना हो रही है।
-1778316684034_m.webp)
युजवेंद्र चहल आलोचकों के निशाने पर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब किंग्स के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल इस समय आलोचकों के निशाने पर हैं। इसका कारण आईपीएल-2026 में उनका प्रदर्शन नहीं है बल्कि उनकी एक हरकत है जिसके कारण वह सभी के निशाने पर आ गए हैं। चहल को प्लेन में वेपिंग करते हुए देखा गया था।
इसी के बाद से चहल की जमकर आलोचना हो रही है। अब भारत के पूर्व लेग स्पिनर लक्ष्मण शिवरामाकृष्णन ने चहल को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने इस लेग स्पिनर के लिए कड़ी सजा की मांग कर डाली है।
चहल को जेल में होना चाहिए
शिवरामाकृष्णन ने कहा है कि जब वेपिंग बैन है तो फिर चहल को इसका इस्तेमाल करने की सजा मिलनी चाहिए। चहल पर इसे लेकर 25 फीसदी मैच फीस का जुर्माना भी लगा था। शिवारामाकृष्णन ने कहा है कि ये जुर्माना काफी कम है।
अपने एक्स पर भारत के पूर्व लेग स्पिनर और दिग्गज कमेंटेटर ने लिखा, "वेपिंग भारत में बैन है। चहल को इसके लिए जेल में होना चाहिए। कानून होने और उनको लागू न करने का क्या फायदा? 25 फीसदी मैच फीस काफी कम है। अगर कोई आम इंसान ये करता तो क्या होता? तब क्या एक्शन लिया जाता?"
Vape is banned in India. Should be behind bars. What is the point in having Laws and not implementing them. 25% of match fees is peanuts. What if a regular person had done this, What would the action be?
— Laxman Sivaramakrishnan (@LaxmanSivarama1) May 8, 2026
वीडियो से हुआ था खुलासा
पंजाब के ही तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह फ्लाइट में एक वीडियो बना रहे थे तभी इस वीडियो में चहल को चुपके से वेपिंग करते हुए देखा गया था। इसी के बाद से सोशल मीडिया पर उनको जमकर कोसा जा रहा था। चहल आईपीएल-2026 में वेपिंग करने वाले पहले क्रिकेटर नहीं हैं। उनसे पहले राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग को भी ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते हुए देखा गया था।
इन मामलों के बाद बीसीसीआई सख्त हुई है और उसने सभी 10 फ्रेंचाइजियों को एडवाइजरी जारी कर इस संबंध में कड़े कदम उठाने की बात कही है।

