यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 14, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
MI vs CSK: वानखेड़े में उतरते ही MS Dhoni के नाम दर्ज हुआ स्पेशल रिकॉर्ड, चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी
एमएस धोनी ने आईपीएल में एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। माही चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खास उपलब्धि करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। चेन्नई सुपर ...और पढ़ें

HighLights
- एमएस धोनी के नाम जुड़ी एक और बड़ी उपलब्धि
- चेन्नई की ओर से खास मुकाम हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बने माही
- लिस्ट में दूसरे नंबर पर दर्ज है सुरेश रैना का नाम
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल के 'एल क्लासिको' मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की भिड़ंत मुंबई इंडियंस (MI vs CSK) के साथ हो रही है। मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। सीएसके के पूर्व कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) ने वानखेड़े के मैदान पर उतरते ही एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम दर्ज करा लिया है। धोनी से पहले चेन्नई के लिए यह कारनामा आजतक कोई भी प्लेयर नहीं कर सका है।
धोनी के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि
दरअसल, एमएस धोनी आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से 250वां मैच खेलने मैदान पर उतरे हैं। माही सीएसके की ओर से 250 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। धोनी ने सीएसके की ओर से साल 2008 में डेब्यू किया था। धोनी के बाद चेन्नई की ओर से सर्वाधिक मैच सुरेश रैना ने खेले हैं।
रैना ने सीएसके की ओर से 200 मैच खेले। इस लिस्ट में 178 मैच खेल चुके रविंद्र जडेजा तीसरे नंबर पर काबिज हैं। ड्वेन ब्रावो सीएसके की तरफ से 130 मैच खेलकर पांचवें नंबर पर काबिज हैं।
वानखेड़े में आखिर बार दिखेंगे माही?
आईपीएल 2024 को एमएस धोनी का बतौर खिलाड़ी आखिरी सीजन माना जा रहा है। ऐसे में वानखेड़े के मैदान पर माही का यह लास्ट मैच हो सकता है। धोनी ने बतौर कप्तान चेन्नई को इसी मैदान पर पहली बार आईपीएल की ट्रॉफी दिलाई थी। धोनी ने अपनी कप्तानी में सीएसके को पांच बार चैंपियन बनाया है।
काम नहीं आई सीएसके की चाल
मुंबई इंडियंस के खिलाफ कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने बड़ी चाल चली। बतौर ओपनर रुतुराज खुद मैदान पर नहीं उतरे, बल्कि उन्होंने अजिंक्य रहाणे को रचिन रविंद्र के साथ पारी का आगाज करने के लिए भेजा। हालांकि, सीएसके के कप्तान का यह दांव बिल्कुल भी फिट नहीं बैठा। रहाणे अपने ही होम ग्राउंड पर असहज नजर आए और वह 8 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 5 रन बनाकर चलते बने।