यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 28, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
IPL 2025: ऑक्शन में अनसोल्ड रहे, जहीर खान की एक कॉल से LSG में मिला मौका; Shardul Thakur ने लगाया 'चौका'
ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स ने गुरुवार को आईपीएल 2025 की पहली जीत दर्ज की। लीग के 7वें मुकाबले में लखनऊ ने हैदराबाद को 5 विकेट से हराया ...और पढ़ें

HighLights
- शार्दुल ठाकुर ने 4 विकेट चटकाए
- मोहसिन खान की जगह मिला मौका
- प्लेयर ऑफ द मैच रहे शार्दुल ठाकुर
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। IPL 2025 के 7वें मुकाबले में गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को उनके घर में 5 विकेट से हराया। इस जीत के हीरो शार्दुल ठाकुर रहे। उन्होंने 4 ओवर गेंदबाजी की और 34 रन देकर 4 विकेट चटकाए। जीत के बाद शार्दुल ठाकुर एक बड़ा खुलासा किया। स्टार भारतीय गेंदबाज मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे। इसके बाद चोटिल मोहसिन खान की जगह लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें अपने साथ जोड़ा। जहीर खान की एक कॉल के कारण शार्दुल आईपीएल 2025 खेल रहे हैं।
शार्दुल को नहीं थी उम्मीद
प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए शार्दुल से पूछा गया कि ऑक्शन में अनसोल्ड रहने के बाद क्या उन्हें लगा कि वे इस सीजन में आईपीएल में खेलेंगे? इस पर शार्दुल ने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो नहीं, लेकिन मैंने अपने प्लान बना लिए थे। अगर मुझे आईपीएल में नहीं चुना गया तो मैं काउंटी क्रिकेट खेलने की भी योजना बना रहा था। जब मैं रणजी ट्रॉफी में खेल रहा था, तब जहीर खान ने मुझे फोन किया था और उन्होंने मुझसे कहा था कि आपको संभावित रिप्लेसमेंट के रूप में बुलाया जा सकता है। अगर आपको रिप्लेसमेंट के रूप में बुलाया जाता है, तो आपके फिर से शुरू करना होगा।"
मैंने चांस लेना पसंद किया
शार्दुल ने कहा, "उतार-चढ़ाव जीवन का एक हिस्सा हैं। मैंने हमेशा अपने स्किल का समर्थन किया है। कुछ स्विंग और जो मैंने पहले देखा है, हेड और अभिषेक अपने चांस लेना पसंद करते हैं, इसलिए मैंने सोचा कि मैं भी अपने चांस लूंगा। नई गेंद एक ऐसी चीज है जहां आप स्विंग होने पर विकेट ले सकते हैं और मैंने आज रात चांस लिए। इस तरह के मैचों में गेंदबाजों को बहुत कम मिलता है, यहां तक कि पिछले गेम में भी मैंने कहा था कि पिचों को इस तरह से तैयार किया जाना चाहिए कि खेल खास तौर पर अधर में लटक जाए। इम्पैक्ट सब नियम के आने के साथ अगर कोई टीम 240-250 रन बनाती है तो यह गेंदबाजों के साथ अन्याय है।"
हैट्रिक से चूके शार्दुल
शार्दुल ठाकुर ने हैदराबाद को शुरुआत में ही 2 झटके दे दिए। उन्होंने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर अभिषेक शर्मा और दूसरी गेंद पर ईशान किशन का विकेट चटकाया। शर्मा ने 6 रन बनाए तो वहीं पिछले मैच में शतक लगाने वाले ईशान का तो खाता तक नहीं खुला। इसके बाद शार्दुल ने अभिनव मनोहर और मोहम्मद शमी का विकेट अपने खाते में जोड़ा।