Duleep Trophy Final: ईशान किशन के 350 रनों के आगे पस्त हुई साउथ जोन, तिलक वर्मा ने अकेले लड़ी लड़ाई; पूरा नहीं कर सके शतक
दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ईस्ट जोन ने मजबूत पकड़ बना ली ...और पढ़ें

ईशान किशन-तिलक वर्मा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। तिलक वर्मा के 99 रनों के बावजूद साउथ जोन की टीम दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में काफी पीछे है। ईस्ट जोन ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक 584 रनों की विशाल बढ़त हासिल कर ली है। ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन बनाए थे, जिसके जवाब में साउथ जोन 336 रनों पर सिमट गई और किशन की अगुवाई वाली टीम ने 372 रनों की बढ़त हासिल कर ली।
साउथ जोन के लिए कप्तान तिलक वर्मा अकेले लड़े लेकिन शतक लगाने से चूक गए। साउथ जोन के 336 रनों पर सिमटने के बाद ईस्ट जोन ने दूसरी पारी में बैटिंग की। वैभव सूर्यवंशी अपना कमाल नहीं दिखा सके और 8 रन बनाकर आउट हो गए। पहली पारी में दोहरा शतक लगाने वाले ईशान ने दूसरी पारी में भी अपना जलवा दिखाया और 80 रनों की तेज तर्रार पारी खेली।
तिलक वर्मा नहीं लगा सके शतक
साउथ जोन की टीम ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 6 विकेट के नुकसान पर 242 रन बना लिए थे। इसके बाद चौथे दिन कप्तान तिलक वर्मा से साउथ जोन को उम्मीद थी। उन्होंने कमाल की बैटिंग की लेकिन शतक लगाने से चूक गए। तिलक ने 211 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 99 रनों की पारी खेली। ईस्ट जोन के लिए मुकेश कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट हासिल किए। मोहम्मद शमी और शिखर मोहन को भी 2-2 विकेट मिला। ईस्ट जोन के 708 रनों के जवाब में साउथ जोन की टीम 336 रनों पर सिमट गई। इसी के साथ ईस्ट जोन ने पहली पारी में ही 372 रनों की बढ़त हासिल कर ली।
वैभव सूर्यवंशी हुए फ्लॉप
372 रनों की बढ़त हासिल करने के बावजूद ईस्ट जोन ने दूसरी पारी में बैटिंग करने का फैसला किया। ईस्ट जोन के लिए शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन कुछ खास कमाल नहीं कर सके। वैभव 16 गेंदों पर 8 रन बनाकर आउट हो गए। ईश्वरन भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और उन्होंने 3 रन बनाए।
ईशान किशन और शिखर मोहन ने लगाया अर्धशतक
कप्तान ईशान किशन (270) ने पहली पारी में दोहरा शतक लगाने के बाद दूसरी पारी में अर्धशतक लगाया। उन्होंने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए 98 गेंदों पर 80 रनों की पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। किशन ने मुकाबले में कुल 350 रन बनाए और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनके अलावा शिखर मोहन ने भी 52 रनों की अहम पारी खेली।
ईस्ट जोन ने बनाई विशाल बढ़त
पहली पारी में ही ईशान किशन की कप्तानी वाली टीम ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक 5 विकेट के नुकसान पर 212 रन बना लिए हैं। पहली पारी में भी ईस्ट जोन को 372 रनों की बढ़त मिली थी। अब चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद ईस्ट जोन की बढ़त 584 रन हो गई है। ईस्ट जोन के लिए मोहम्मद कौनाइन कुरैशी 26 और कुमार कुशाग्र 34 रन बनाकर नाबाद हैं।
