विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Duleep Trophy 2026: रिंकू सिंह बने सेंट्रल जोन के लिए 'संकटमोचक', साउथ जोन को तिलक वर्मा से कप्तानी पारी की उम्मीद

Updated: Sun, 30 Aug 2026 06:54 PM (IST)

दिलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में रिंकू सिंह के अर्धशतक (60) से मध्य क्षेत्र ने पूर्व क्षेत्र के खिलाफ 266 रन बनाए, जबकि ईशान किशन चोटिल होकर मैदान से बाहर हो गए।

रिंकू सिंह

रिंकू सिंह

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दलीप ट्रॉफी में रविवार से शुरू हुए सेमीफाइनल में पूर्व क्षेत्र के विरुद्ध मध्य क्षेत्र की पारी को भारतीय बल्लेबाज रिंकू सिंह ने अपने शानदार अर्धशतक (60) रन से संभाल लिया। इसकी बदौलत मध्य क्षेत्र दिन का खेल समाप्त होने तक सभी विकेट खोकर 266 रन तक पहुंचने में सफल रहा।

हालांकि पूर्व क्षेत्र के गेंदबाज मुकेश कुमार और अभिजीत के सरकार ने तीन-तीन विकेट लेकर मध्य क्षेत्र के अन्य बल्लेबाजों को विकेट पर अधिक देर तक टिकने का अवसर नहीं दिया। बेंगुलरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में चल रहे इस मुकाबले में पहले दिन पूर्व क्षेत्र के कप्तान व भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। उनका यह निर्णय सही साबित भी होने लगा था, जब मध्य क्षेत्र ने 125 रन के स्कोर पर ही पांच विकेट गंवा दिए और उसका पूरा शीर्ष क्रम पवेलियन जा पहुंचा।

रिंकू सिंह ने पारी को संभाला

इसमें विकेटकीपर आर्यन जुयाल (46) और यश राठौर (27) के अलावा अन्य बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे सके। हालांकि, छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए रिंकू ने मध्य क्षेत्र की इस लड़खड़ाती पारी को संभाला और हर्ष दुबे (27) के साथ मिलकर 55 रन की अहम साझेदारी की और फिर सारांश जैन के साथ मिलकर 29 रन जोड़े।

रिंकू ने अपनी इस पारी में आठ चौके जड़े। अंतिम क्रम में आर्यन पांडे ने 22 रन और यश ठाकुर ने नाबाद 30 रन बनाकर मध्य क्षेत्र को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा ही दिया। पूर्व क्षेत्र की ओर से भारतीय टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और कौनेन कुरैशी ने भी दो-दो विकेट लेकर अपनी छाप छोड़ी।

ईशान के चोटिल होने पर वैभव ने संभाली कप्तानी

भारतीय युवा बल्लेबाज और पूर्व क्षेत्र टीम के उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी ने कप्तान और विकेटकीपर ईशान किशन के चोटिल होने पर टीम की कमान संभाली। दिन का खेल समाप्त होने तक वैभव ही टीम की कप्तानी कर रहे थे। मैच के 19 वें ओवर में विकेटकीपिंग के दौरान इशान को कलाई पर गेंद लगी और वह फीजियोथेरेपिस्ट की मदद लेने के बाद मैदान छोड़कर चले गए।

इसके बाद वैभव ने टीम की कमान संभाली और कुमार कुशाग्र ने विकेटकीपिंग की। यह पहली बार है, जब वैभव सूर्यवंशी किसी सीनियर टीम की कप्तानी कर रहे हैं। वह अपने करियर का सिर्फ दूसरा दलीप ट्रॉफी मैच और कुल 10वां प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे हैं।

उत्तर क्षेत्र को जल्द समेटकर खुद भी लड़खड़ाया दक्षिण क्षेत्र

बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ही ग्राउंड-2 पर चल रहे दलीप ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में पहले दिन दक्षिण क्षेत्र अपने तेज गेंदबाज विरुद्ध कावेरप्पा के चार विकेट की मदद से उत्तर क्षेत्र को 195 रन पर ऑलआउट करने में सफल रहा, लेकिन दिन का खेल समाप्त होने तक दक्षिण क्षेत्र ने भी 40 रन पर दो विकेट गंवाकर अपनी परेशानी बढ़ा ली।

उत्तर क्षेत्र के प्रारंभिक बल्लेबाज कामरान इकबाल (76) और विकेटकीपर कन्हैया वाधवान (35) के अलावा अन्य सभी बल्लेबाज फ्लाप साबित हुए। दक्षिण की ओर से एमडी निधीश और तनाय त्यागराजन ने भी दो-दो विकेट लिए। वहीं कावुरी साईतेजा और श्रेयस गोपाल को एक-एक विकेट मिला। दिन का खेल समाप्त होने तक दक्षिण के नारायण जगदीशन (35) के साथ कप्तान तिलक वर्मा एक रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। उत्तर की ओर से अंशुल कंबोज और गुरनूर बराड़ ने एक-एक विकेट लिया।

यह भी पढ़ें- 'इमरान खान पर चुप रहें', लॉर्ड्स टेस्ट के बीच पाकिस्‍तान क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों को दी सख्त हिदायत

यह भी पढ़ें- रणजी और IPL के बाद अब काउंटी में आकिब नबी का जलवा, 'सरे' टीम में डेब्यू कर टीम इंडिया में जगह पक्की करने उतरेंगे