GT vs RR Highlights: राजस्थान ने गुजरात को रोमांचक मुकाबले में हराया, आर्चर-तुषार बने हीरो
GT vs RR Highlights: राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच में राजस्थान ने 6 रनों से जीत हासिल की।
-1775309839010_m.webp)
राजस्थान ने गुजरात को हराया
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात को रोमांचक मुकाबले में 6 रनों से हराया। मैच में आरआर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रन बनाए थे। इसके जवाब में गुजरात की टीम 204 रन ही बना सकी और उन्हें रनों से शिकस्त झेलनी पड़ी। राजस्थान ने इसी के साथ आईपीएल 2026 में लगातार दो मुकाबले जीत लिए हैं। इससे पहले उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को हराया था।
GT vs RR Live Score: राजस्थान की जीत
गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में राजस्थान ने 6 रनों से जीत हासिल की है। इस रोमांचक मुकाबले में जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे ने 19वें और 20वें ओवर में बेहतरी गेंदबाजी की। इसकी वजह से राजस्थान ने मुकाबले को अपने नाम किया। आरआर के लिए रवि विश्नोई ने कमाल की गेंदबाजी की और 4 विकेट हासिल किए।
GT vs RR Live Score: राहुल तेवतिया और शाहरुख खान आउट
गुजरात टाइटंस को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में छठा झटका लगा है। राहुल तेवतिया 6 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद शाहरुख खान भी रन आउट हो गए हैं। इसी के साथ उन्होंने अपना सातवां विकेट गंवा दिया है।
GT vs RR Live Score: शाहरुख बने इम्पैक्ट प्लेयर
गुजरात ने अपने इम्पैक्ट प्लेयर का एलान कर दिया है। प्रसिद्ध कृष्णा की जगह शाहरुख खान बल्लेबाजी करने आए हैं। वह इम्पैक्ट प्लेयर चुने गए हैं।
GT vs RR Live Score: बटलर भी लौटे पवेलियन, गुजरात पर आई मुसीबत
14वें ओवर की पहली गेंद पर नांद्रे बर्गर ने जोस बटलर को डीप फाइन लेग पर संदीप शर्मा के हाथों आउट कर गुजरात का पांचवां विकेट गिरा दिया। इसी के साथ एक समय आसानी से जीत की तरफ जाती दिख रही गुजरात मुसीबत में आ गई है। एक समय टीम का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 117 रन था जो अब पांच विकेट खोकर 134 रन हो गया है। बटलर ने 14 गेंदों पर 26 रन बनाए।
GT vs RR Live Score: सुंदर भी लौटे पवेलियन
13वें ओवर की तीसरी गेंद पर रवि बिश्नोई ने सुंदर को आउट कर गुजरात को चौथा झटका दे दिया। बिश्नोई का ये इस ओवर में दूसरा विकेट है। इससे पहले उन्होंने पहली ही गेंद पर फिलिप्स को आउट किया था। सुंदर ने चार रन बनाए।
GT vs RR Live Score: आर्चर का शानदार कैच, फिलिप्स लौटे पवेलियन
13वें ओवर की पहली गेंद पर रवि बिश्नोई ने फिलिप्स को पवेलियन भेज दिया है। फिलिप्स ने लॉन्ग ऑन पर बड़ा शॉट खेलना चाहा, लेकिन आर्चर ने आगे की तरफ कूदते हुए शानदार कैच लपका। फिलिप्स चार गेंदों पर तीन रन ही बना सके।
GT vs RR Live Score: सुदर्शन की पारी खत्म
गुजरात टाइटंस का दूसरा विकेट गिर गया है। विकेटों के लिए तरस रही राजस्थान की टीम को रवि बिश्नोई ने सफलता दिलाई है। 11वें ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने सुदर्शन को 107 रनों के कुल स्कोर पर आउट किया। सुदर्शन ने 44 गेंदों पर 73 रनों की पारी खेली जिसमें नौ चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
GT vs RR Live Score: 10 ओवरों का खेल खत्म
10 ओवरों का खेल खत्म हो गया है। गुजरात ने एक विकेट खोकर 103 रन बना लिए हैं। सुदर्शन राजस्थान की मुसीबत बने हुए हैं। राजस्थान को इस समय विकेटों की सख्त जरूरत है जो उसे मिल नहीं रहे हैं।
GT vs RR Live Score: कुमार कुशाग्र आउट
कुमार कुशाग्र आउट हो गए हैं। आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर उनका विकेट गिरा। रियान पराग की गेंद पर उन्होंने लंबा शॉट मारना चाहा, लेकिन बाउंड्री पर हेटमायर द्वारा लपके गए। कुमार ने 14 गेंदों पर 18 रन बनाए। उनका विकेट 78 के कुल स्कोर पर गिरा।
GT vs RR Live Score: सुदर्शन ने पूरा किया अर्धशतक
सुदर्शन ने आठवें ओवर की चौथी गेंद पर छक्का मार अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। सुदर्शन राजस्थान के लिए मुसीबत बनते दिख रहे हैं। राजस्थान को अभी भी पहले विकेट की दरकार है।
GT vs RR Live Score: पावरप्ले खत्म
पावरप्ले खत्म हो गया है। इन छह ओवरों में गुजरात ने बिना कोई नुकसान के 56 रन बनाए हैं। सुदर्शन 33 और कुशाग्र 17 रन बनाकर खेल रहे हैं।
GT vs RR Live Score: दूसरा ओवर खत्म
दूसरा ओवर खत्म हो गया है। दो ओवरों के बाद गुजरात का स्कोर बिना किसी नुकसान के 22 रन है।
GT vs RR Live Score: आर्चर का महंगा ओवर
जोफ्रा आर्चर ने पहला ओवर फेंका जो काफी महंगा रहा। इस ओवर में कुल 15 रन आए। सुदर्शन ने इस ओवर में एक चौका और एक छक्का मारा जबकि एक वाइड का पंजा भी आर्चर ने दिया।
GT vs RR Live Score: गुजरात की पारी शुरू
गुजरात की पारी शुरू हो गई है। साई सुदर्शन को नया ओपनिंग जोड़ीदार मिला है। कुमार कुशाग्र उनके साथ ओपनिंग करने आए हैं क्योंकि गिल ये मैच नहीं खेल रहे हैं। ये उनका गुजरात के लिए डेब्यू मैच है।
GT vs RR Live Score: राजस्थान की पारी खत्म
राजस्थान की पारी खत्म हो गई है। टीम ने 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 210 रन बनाए। राजस्थान के लिए जुरेल और यशस्वी ने अर्धशतक जमाए।
GT vs RR Live Score: जुरेल पवेलियन लौटे
जुरेल आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हो गए हैं। सिराज ने उन्हें विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराया। उन्होंने 42 गेंदों पर 75 रन बनाए जिसमें पांच चौके और पांच छक्के मारे।
GT vs RR Live Score: राजस्थान 200 रनों के पार
19 ओवरों का खेल हो गया है। राजस्थान ने पांच विकेट खोकर 201 रन बना लिए हैं। आखिरी ओवर सिराज फेंक रहे हैं और राजस्थान की कोशिश 215 के पार जाने की होगी।
GT vs RR Live Score: 18 ओवरों का खेल खत्म
18 ओवरों का खेल खत्म हो गया है। राजस्थान ने पांच विकेट खोकर 190 रन बना लिए हैं। जुरेल 61 और जडेजा दो रन बनाकर खेल रहे हैं। राजस्थान की नजरें 210 के स्कोर के पार जाने पर होंगी।
GT vs RR Live Score: जुरेल का अर्धशतक
17वें ओवर की चौथी गेंद पर दो रन लेकर जुरेल ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। राजस्थान को उनसे अब और तेजी से रन बनाने की उम्मीद है।
GT vs RR Live Score: सिराज ने छोड़ा कैच
17वें ओवर की तीसरी गेंद पर सिराज ने बाउंड्री पर गलती करते हुए कैच छोड़ दिया। सिराज ने कैच तो लपक लिया था, लेकिन वह बाउंडी के अंदर जाने वाले थे तो इसलिए गेंद उछाल दी, लेकिन ये गेंद उन्होंने गलती से बाउंड्री के अंदर की उछाल दी जिससे जुरेल को छह रन मिल गए।
GT vs RR Live Score: राजस्थान को लगा पांचवां झटका
राजस्थान का एक और विकेट गिर गया है। 17वें ओवर की पहली गेंद पर डोनावान फरेरा को राशिद खान ने डीप मिडविकेट पर लपक लिया। फरेरा तूफानी बल्लेबाज हैं, लेकिन वह कुछ कर पाते उससे पहले ही आउट हो गए।
GT vs RR Live Score: हेटमायर की पारी खत्म
16वें ओवर की तीसरी गेंद पर अशोक शर्मा ने हेटमायर को पवेलियन भेज दिया। इसमें सिराज के शानदार कैच का रोल अहम रहा जो उन्होंने लॉन्ग ऑन पर अपने बाईं तरफ भागते हुए पकड़ा। इसी के साथ राजस्थान ने चौथा विकेट खो दिया। हेटमायर ने आठ गेंदों पर 18 रन बनाए।
GT vs RR Live Score: हेटमायर आए रंग में
14वें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर शिमरॉन हेटमायर ने दो छक्के मार गुजरात की परेशानी बढ़ा दी है। इस ओवर में रियान पराग के विकेट के बाद गुजरात वापसी करती दिख रही थी, लेकिन हेटमायर ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। इस ओवर में कुल 14 रन आए। 14 ओवरों के बाद राजस्थान का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 148 रन है।
GT vs RR Live Score: रियान पराग भी लौटे पवेलियन
राजस्थान को एक और बड़ा झटका लग गया है। 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर कप्तान रियान पराग आउट हो गए है। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने कुमार कुशाग्र के हाथों कैच कराया। उनका विकेट 135 के कुल स्कोर पर गिरा। यहां से गुजरात मैच में वापसी करती हुई दिख रही है। रियान ने चार गेंदों पर आठ रन बनाए।
GT vs RR Live Score: यशस्वी जायसवाल हुए आउट
यशस्वी जायसवाल आउट हो गए हैं और इसी के साथ राजस्थान को दूसरा झटका लग गया है। 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर रबाडा ने यशस्वी को बोल्ड कर दिया। यशस्वी ने हटकर शॉट खेलना चाहा, लेकिन चूक गए और बोल्ड हो गए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 36 गेंदों पर 55 रन बनाए जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनका विकेट 126 के कुल स्कोर पर गिरा।
GT vs RR Live Score: यशस्वी का अर्धशतक
यशस्वी जायसवाल ने 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर चौका मार अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 32 गेंदों पर अपने 50 रन पूरे किए। ये उनका इस सीजन का पहला अर्धशतक है। इसी के साथ उन्होंने गुजरात की टेंशन भी बढ़ा दी हैं। गुजरात को विकेट की सख्त जरूरत है।
GT vs RR Live Score: 10 ओवरों का खेल खत्म
10 ओवरों का खेल खत्म हो गया है। राजस्थान ने एक विकेट खोकर 97 रन बना लिए हैं। यशस्वी अपने अर्धशतक से तीन रन की दूरी पर हैं। गुजरात की टीम इस समय विकेटों के लिए तरस रही है।
GT vs RR Live Score: गुजरात को मिली पहली सफलता
गुजरात को पहली सफलता मिल गई है। राशिद खान ने सातवें ओवर की दूसरी गेंद पर वैभव सूर्यवंशी को डीप मिडविकेट पर ग्लेन फिलिप्स के हाथों कैच कराया। वैभव ने 18 गेंदों पर 31 रन बनाए जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा।
GT vs RR Live Score: पावरप्ले खत्म
पावरप्ले खत्म हो गया है। इन छह ओवरों में राजस्थान ने बिना कोई विकेट खोए 69 रन बनाए हैं। वैभव 17 गेंदों पर 31 और यशस्वी 19 गेंदों पर 35 रन बनाकर खेल रहे हैं।
GT vs RR Live Score: राजस्थान को मिली तेज शुरुआत
यशस्वी और वैभव ने राजस्थान को तेज शुरुआत दी है। दोनों ने तीन ओवरों में मिलकर 32 रन जोड़े हैं। गुजरात को विकेट की सख्त जरूरत है नहीं तो ये दोनों रनों का अंबार खड़ा कर देंगे।
GT vs RR Live Score: राजस्थान की पारी शुरू
राजस्थान की पारी शुरू हो गई है। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी मैदान पर हैं और गुजरात की तरफ से पहला ओवर फेंक रहे हैं मोहम्मद सिराज।
GT vs RR Live Score: राजस्थान की प्लेइंग-11
राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरैल, शिमरन हेटमायर, डोनोवान फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयर- रवि सिंह, लुहान ड्री प्रीटोरियस, शुभमन दुबे, बृजेश शर्मा, रवि बिश्नोई
GT vs RR Live Score: गुजरात की प्लेइंग-11
गुजरात टाइटंस- राशिद खान (कप्तान), कुमार कुशाग्र, साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, अशोक शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयर- शाहरुख खान, जेसन होल्डर, मानव सुथार, अनुज रावत, जयंत यादव।
GT vs RR Live Score: कुमार कुशाग्र का डेब्यू
शुभमन गिल की जगह कुमार कुशाग्र गुजरात की टीम में आए हैं। वह गुजरात के लिए डेब्यू कर रहे हैं।
GT vs RR Live Score: गुजरात की पहले गेंदबाजी
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने गुजरात के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में राशिद खान गुजरात की कप्तानी कर रहे हैं।
GT vs RR Live Score: गिल नहीं खेल रहे मैच
राजस्थान के खिलाफ शुभमन गिल नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह राशिद खान टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
GT vs RR Live Score: कुछ ही देर में टॉस
राजस्थान और गुजरात के बीच होने वाले मैच का टॉस कुछ ही देर में होगा। सिक्के की जंग दोनों ही टीमों के लिए काफी अहम है और दोनों ही कप्तान इसे जीतने की दुआ करेंगे।
GT vs RR Live Score: गिल की फॉर्म पर फोकस
शुभमन गिल का बल्ला चलना भी गुजरात के लिए काफी जरूरी है। गिल कप्तानी कर रहे हैं और अगर बल्ले से रन बनाएंगे तो इससे टीम का आत्मविश्वास ही बढ़ेगा।
GT vs RR Live Score: वैभव सूर्यवंशी पर नजरें
राजस्थान के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर एक बार फिर नजरें रहेंगी। इस युवा बल्लेबाज ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से हर किसी को हैरान किया है। गुजरात का गेंदबाज उनके खिलाफ खास रणनीति के साथ उतरेंगे। वैभव ने अपना पहला आईपीएल शतक गुजरात के खिलाफ ही पिछले साल बनाया था।
GT vs RR Live Score: जीत का खाता खोलना चाहेगी गुजरात
गुजरात टाइटंस का ये इस सीजन का दूसरा मैच है। इस मैच में उसकी कोशिश जीत का खाता खोलने की होगी। अपने घर में उसके पास ये काम करने का शानदार मौका है। गुजरात को पहले मैच में पंजाब से हार का सामना करना पड़ा था।
GT vs RR Live Score: गुजरात और राजस्थान की टक्कर
आईपीएल-2026 में आज डबल हैडर का दिन है। दिन के दूसरे मैच में गुजरात टाइटंस का सामना राजस्थान रॉयल्स से है। गुजरात को अपने पहले मैच में हार मिली थी। वहीं राजस्थान ने सीजन की शुरुआत जीत के साथ की थी।