विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 27, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

IND vs SL: पाथुम निसांका का शतक बेकार, रोमांचक मैच में टीम इंडिया ने सुपर ओवर में श्रीलंका को दी मात

Published: Sat, 27 Sep 2025 12:34 AM (GMT+05:30)

भारतीय क्रिकेट टीम आज श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप-2025 में अजेय रहते हुए उतरी थी। टीम इंडिया ने बैटिंग ऐसी ...और पढ़ें

टीम इंडिया ने सुपर चार में भी अपना अजेय क्रम रखा जारी
टीम इंडिया ने सुपर चार में भी अपना अजेय क्रम रखा जारी

HighLights

  1. IND vs SL: भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने जमाया अर्धशतक
  2. IND vs SL: श्रीलंका के लिए पाथुम निसांका ने ठोका शतक
  3. IND vs SL: कुसल परेरा ने भी खेली अर्धशतकीय पारी

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशिया कप-2025 में आज से पहले जो नहीं हुआ था वो शुक्रवार को एक बार नहीं दो-दो बार हो गया। टीम इंडिया ने इस रोमांचक मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए और इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। कुछ ही देर बाद श्रीलंका ने भारत के इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली और 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 202 रन ही बनाए।

मैच टाई रहा तो सुपर ओवर होना था जो हुआ जिसमें भारत ने जीत हासिल की। सुपर ओवर में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी की और सिर्फ दो रन बनाए। भारत ने ये रन आसानी से बना लिए और मैच अपने नाम किए। सुपर ओवर की पहली ही गेंद पर भारत ने तीन रन बना लिए। 

सुपर ओवर का रोमांच

सुपर ओवर भी काफी रोमांचक रहा। पहली ही गेंद पर अर्शदीप ने कुसल परेरा को रिंकू सिंह के हाथों आउट कर दिया। तीसरी गेंद पर दासुन शनाका रन आउट हो गए, लेकिन यहां ट्विस्ट आ गया क्योंकि शनाका रन आउट नहीं हुए क्योंकि अर्शदीप सिंह ने कैच आउट की अपील की थी और अंपायर ने उन्हें आउट भी दे दिया था। शनाका ने तुरंत रिव्यू ले लिया। इसलिए ये माना नहीं गया। इसे लेकर काफी कन्फ्यूजन था जिसकी शिकायत कप्तान सूर्यकुमार अंपायर से कर रहे थे। इसका फायदा श्रीलंका को नहीं हुआ क्योंकि चौथी गेंद पर शनाका फिर कैच आउट हो गए।

टीम इंडिया की ग्राउंड फील्डिंग अगर खराब नहीं होती तो भारत ये सुपर ओवर से पहले ही जीत जाता। आखिरी ओवर में भारतीय फील्डरों ने तीन फम्बल हुए जिसके कारण भारत ने जीत का मौका गंवा दिया।

इन बल्लेबाजों ने दिखाया दम

श्रीलंका ने इस मैच में शानदार लड़ाई लड़ी और मैच को रोमांचक बना दिया। उसके लिए पाथुम निसांका ने शतक जमाया। उन्होंने 107 रनों की पारी खेली जिसमें 58 गेंदों का सामना किया। अपनी पारी में उन्होंने सात चौके और छह छक्के मारे। कुसल परेरा ने 32 गेंदों का सामना कर 58 रन बनाए। अपनी पारी में इस बल्लेबाज ने आठ चौके और एक छक्का मारा।

भारत के लिए एक बार फिर अभिषेक शर्मा का बल्ला चमका। उन्होंने लगातार तीसरे मैच में अर्धशतक जमाया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के बल्ले से 31 गेंदों पर आठ चौके और दो छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। अंत में तिलक वर्मा ने नाबाद 49 रनों की पारी खेली

श्रीलंका का तूफान

पहले ओवर में हार्दिक पांड्या ने श्रीलंका को झटका दे दिया। पांड्या की गेंद पर शुभमन गिल ने स्लिप पर कुसल मेंडिस का कैच लपका जो बिना खाता खोले आउट हो गए। यहां से फिर भारत की परेशानियां बढ़नी शुरू हो गईं क्योंकि पाथुम निसांका और कुसल परेरा ने तूफानी बैटिंग करते हुए भारतीय गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। दोनों ने शतकीय साझेदारी की। दोनों ही बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। दोनों के बीच 127 रनों की साझेदारी हो चुकी थी। तभी वरुण ने 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर संजू सैमसन की मदद से परेरा को स्टम्प कर दिया। परेरा ने 32 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्के की मदद से 58 रन जोड़े।

यहां से श्रीलंका को 46 गेंदों पर 69 रनों की जरूरत थी। सारी उम्मीदें अब निसांका पर थीं जो दमदार बल्लेबाजी कर रहे थे। असालंका ने उनका साथ दिया। कुलदीप ने 16वें ओवर पहली गेंद पर असालंका को गिल के हाथों कैच करा भारत को दूसरी सफलता दिलाई। वह पांच रन ही बना सके। 17वें ओवर की तीसरी गेंद पर अर्शदीप सिंह ने कामिंडू मेंडिस को अपना शिकार बना भारत की वापसी की उम्मीद जगाई। कामिंडु तीन रन ही बना सके।

निसांका का शतक

निसांका अभी तक टिके हुए थे और 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का मार उन्होंने अपना शतक पूरा किया। ये इस एशिया कप का पहला शतक है। शतक बनाने के लिए दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 52 गेंदों का सामना किया और सात चौकों के अलावा छह छक्के मारे। आखिरी तीन ओवरों में श्रीलंका को 33 रन चाहिए थे। 18वें ओवर में श्रीलंका ने 10 रन लिए और अब दो ओवरों में उसे 23 रन चाहिए थे। अर्शदीप ने 19वें ओवर की जिम्मेदारी ली। उन्होंने शुरू की पांच गेंदों पर सात रन ही दिए। आखिरी गेंद पर वह चौका खा गए। आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 12 रन चाहिए थे।

आखिरी ओवर फेंकने आए राणा ने पहली ही गेंद पर निसांका को आउटकर भारत की उम्मीदों को जिंदा रखा। शॉर्ट फाइन लेग पर वरुण ने उनका शानदार कैच लपका। दूसरी गेंद पर लियान्गे ने दो रन लिए। तीसरी गेंद पर एक रन आया और दासुन शनाका स्ट्राइक पर आ गए। ये भारत के लिए परेशानी थी। अगली गेंद पर शिवम दुबे की गलती से शानाका ने दो रन लिए। पांचवीं गेंद पर शनाका ने थर्डमैन पर चौका मार दिया। आखिरी गेंद पर तीन रन चाहिए थे। श्रीलंका ने आखिरी गेंद पर दो रन बना लिए।

गिल हुए फेल

इस मैच में अभिषेक और गिल की जोड़ी टीम को तूफानी शुरुआत नहीं दे सकी। महीष तीक्षणा ने दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर गिल का कैच अपनी ही गेंद पर लपक भारत को झटका दिया। उप-कप्तान चार रन ही बना सके। कप्तान सूर्यकुमार यादव फिर फेल हुए और 13 गेंदों पर 12 रन ही बना सके। अभिषेक तूफानी बैटिंग कर रहे थे और श्रीलंकाई गेंदबाजों को परेशान कर रहे थे। दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिल रहा था। संजू के आने के बाद उनको थोड़ी राहत मिली क्योंकि वह भी आज अपनी लय में थे और तेजी से रन बना रहे थे।

अभिषेक की बैटिंग देख लग रहा था कि आज तो वह शतक पूरा कर लेंगे जो हुआ नहीं। पिछले दो मैचों की तरह इस मैच में भी अभिषेक ने शतक बनाने का मौका गंवा दिया। उनका विकेट नौवें ओवर की चौथी गेंद पर गिरा। असालंका की गेंद पर कामिंडू मेंडिस ने उनका कैच लपका।

संजू और तिलक का कमाल

यहां से फिर संजू और तिलक ने तूफानी बैटिंग की। संजू आज अपनी लय में दिख रहे थे। उन्होंने सामने की तरफ कुछ शानदार शॉट्स जमाए। हालांकि, वह अर्धशतक नहीं बना सके। दासुन शनाका ने उनकी पारी का अंत कर दिया। 23 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्के मार संजू पवेलियन लौट गए। हार्दिक पांड्या ने सिर्फ दो रन बनाए।

अक्षर पटेल ने तिलक का साथ दिया दोनों ने मिलकर आखिरी के चार ओवरों में 40 रन जोड़े। अक्षर 15 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 21 रन बनाने में सफल रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।