IND vs SLC XI Day 3 Highlights: मोहम्मद सिराज ने की छक्कों की बारिश, भारत ने प्रैक्टिस मैच में श्रीलंका को हराया
भारत और श्रीलंका के बीच प्रैक्टिस मैच समाप्त हो गया है। भारत ने मुकाबले को 6 विकेट से अपने नाम कर लिया है। अब टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया 15 अगस्त से श्रीलंकाई टीम का सामना करेगी।

इंडिया वर्सेस श्रीलंका प्रैक्टिस मैच
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच प्रैक्टिस मैच समाप्त हो गया है। टीम इंडिया ने इसे 6 विकेट से अपने नाम कर लिया। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने बल्ले से कमाल दिखाया और नाबाद 32 रनों की पारी खेलकर टीम इंडिया को जीत दिलाई।
IND vs SLC XI Live: भारत ने जीता अभ्यास मैच
श्रीलंका के खिलाफ खेले गए प्रैक्टिस मैच में भारत ने जीत हासिल की। टीम इंडिया के लिए अंत में मोहम्मद सिराज ने छक्कों की बारिश कर दी। भारत को आखिरी ओवर में मुकाबला जीतने के लिए 16 रनों की जरूरत थी। सिराज ने लगातार तीन छक्के लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। उन्होंने (32*) रन बनाए। दूसरी पारी में भारत के लिए सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (61) ने अर्धशतक लगाया। पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल ने शतक लगाया था, जबकि रवींद्र जडेजा ने अर्धशतकीय पारी खेली।
IND vs SLC XI Live: गुरनूर बराड़ आउट
श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे प्रैक्टिस मैच में भारत ने चौथा विकेट गंवा दिया है। गुरनूर बराड़ 5 गेंदों पर 2 रन बनाकर आउट हो गए हैं। उन्हें रमेश मेंडिस ने अपना शिकार बनाया।
IND vs SLC XI Live: ऋषभ पंत आउट
भारत को श्रीलंका XI के खिलाफ तीसरा झटका लगा है। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को शुरुआत मिली लेकिन वे उसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। पंत 68 गेंदों पर 28 रन बनाकर आउट हो गए।
IND vs SLC XI Live: जुरेल हुए आउट
फर्नांडो ने 29वें ओवर की पहली गेंद पर जुरेल को आउट कर दिया। ऑफ स्टम्प के बाहर की गेंद को जुरेल ने कट करने की कोशिश की, लेकिन गेंद ने उनके बल्ले का बाहरी किनारा लिया और विकेटकीपर के पास चली गई। जुरेल ने 17 रन बनाए।
IND vs SLC XI Live: पंत की अजीब बल्लेबाजी
यशस्वी के रिटायर होने के बाद मैदान पर आए पंत अलग ही अंदाज में दिख रहे हैं। शुरुआत में वह काफी डिफेंसिव थे। 21वीं गेंद तक उनका खाता तक नहीं खुला था। 22वीं गेंद पर उन्होंने छक्का मारा और खाता खोला। फिर वह रंग में आए। इस बीच उन्होंने लेग स्टम्प के बाहर की गेंदों पर लात चलाई जिसने सभी को हैरान कर दिया।
IND vs SLC XI Live: अर्धशतक से चूके गिल
शुभमन गिल शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और लग रहा था कि वह आसानी से अर्धशतक पूरा कर लेंगे। हालांकि, 44 के निजी स्कोर पर एक बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह आउट हो गए। नुवांथा की गेंद पर रत्नायाके ने उनका कैच लपका।
IND vs SLC XI Live: यशस्वी अर्धशतक पूरा करने के बाद रिटायर
यशस्वी जायसवाल ने 15वें ओवर की चौथी गेंद पर छक्का मार अपना अर्धशतक पूरा किया। पहली पारी में जीरो पर आउट होने वाले यशस्वी ने इस पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी की है। उन्होंने गिल के साथ शतकीय साझेदारी की। अर्धशतक पूरा करने के बाद वह रिटायर हो गए।
IND vs SLC XI Live: भारत की सधी शुरुआत
यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने टीम को अच्छी शुरुआत दी है। दोनों ने मिलकर टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया है।
IND vs SLC XI Live: तीसरा सेशन शुरू, गिल बल्लेबाजी के लिए उतरे
तीसरा सेशन शुरू हो चुका है और इसमें भारत के लिए अच्छी खबर ये है कि कप्तान शुभमन गिल बल्लेबाजी करने उतरे हैं। गिल उंगली में चोट के कारण पहली पारी खेलने नहीं आए थे और न ही उन्होंने इस मैच में फील्डिंग की। उनका दूसरी पारी में उतरना भारत के लिए अच्छा संकते है। भारत को जीत के लिए 207 रनों की जरूरत है।
IND vs SLC XI Live: टी का एलान, श्रीलंका ने की पारी घोषित
दूसरे सेशन का खेल खत्म हो गया है। इसी के साथ श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी छह विकेट के नुकसान पर 200 रनों पर घोषित कर दी है।
IND vs SLC XI Live: अर्धशतक से चूके निपुन
जडेजा ने निपुन को अर्धशतक पूरा नहीं करने दिया। वह 46 रन बनाकर आउट हो गए। निपुन ने आगे निकलकर मारने की कोशिश की, लेकिन चूक गए और जुरेल ने उन्हें स्टम्प कर दिया।
IND vs SLC XI Live: गुरनूर को मिला एक और विकेट
गुरनूर ने श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के कप्तान सोनल को पवेलियन भेज भारत को पांचवीं सफलता दिला दी है। गुरनूर की ऑफ स्टम्प के बाहर पटकी छोटी गेंद सोनल के बल्ले का किनारा लेकर गई और विकेटकीपर ध्रुव जुरेल ने कैच लपकने में कोई गलती नहीं की।
IND vs SLC XI Live: जडेजा ने किया बंदारा का शिकार
श्रीलंका का चौथा विकेट गिर चुका है। जडेजा ने बंदारा को पवेलियन की राह दिखा दी है। बंदारा ने 35 रनों की पारी खेली।
IND vs SLC XI Live: दूसरा सेशन शुरू
दूसरा सेशन शुरू हो चुका है। श्रीलंकाई टीम ने बड़ा फैसला लेते हुए मदुश्का को रिटायर कर दिया है और निपुन उनकी जगह बल्लेबाजी करने आए हैं। मदुश्का 73 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 63 रन बनाकर रिटायर हुए।
IND vs SLC XI Live: पहला सेशन खत्म
पहला सेशन खत्म हो गया है। भारतीय गेंदबाजों ने इसमें तीन विकेट लिए और 106 रन दिए। श्रीलंका की तरफ से मदुश्का अर्धशतक बनाने में सफल रहे। वह 63 रन बनाकर खेल रहे हैं।
IND vs SLC XI Live: मदुश्का ने पूरा किया अर्धशतक
मदुश्का ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपने 50 रन पूरे किए।
IND vs SLC XI Live: गुरनूर को मिली सफलता
गुरनूर ने भारत को तीसरी सफलता दिला दी है। उन्होंने रत्नायाके को हर्ष दुबे के हाथों कैच कराया। ये गुरनूर का इस पारी का पहला विकेट है। रत्नायाके ने 16 रनों की पारी खेली।
IND vs SLC XI Live: मदुश्का और रत्नायाके टिके
शुरुआत में दो विकेट मिलने के बाद मदुश्का और रत्नायाके ने अपने पैर जमा लिए हैं और टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया है। भारतीय गेंदबाजों को विकेट लेने में परेशानी हो रही है।
IND vs SLC XI Live: कृष्णा को मिला विकेट
आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने पासिंदू सूर्याबंदारा के विकेट उड़ा दिए। कृष्णा की यॉर्कर का उनके पास कोई जवाब नहीं था। वह चार रन ही बना सके।
IND vs SLC XI Live: सिराज ने दिलाया पहला विकेट
भारत को पहली सफलता मिल गई है। सिराज ने राविंडू को एलबीडब्लूय कर मेजबान टीम को पहला झटका दिया। वह आठ रन ही बना सके।
IND vs SLC XI Live: भारत ने की पारी घोषित
भारत ने अपनी पहली पारी घोषित कर दी है। वह श्रीलंका के स्कोर से छह रन पीछे थी। टीम इंडिया के मैनेजमेंट ने अपने गेंदबाजों को तैयारी का एक और मौका दिया है।
IND vs SLC XI Live: पडिक्कल पर रहेंगी नजरें
भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने कल शतक जमाया था और फिर रिटायर हो गए थे। हालांकि, दिन के अंत में वह दोबारा बल्लेबाजी करने आए। आज उनके ऊपर काफी कुछ निर्भर होगा।
IND vs SLC XI Live: तीसरे दिन भारतीय टीम लगाएगी जोर
भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच खेले जा रहे अभ्यास मैच का आखिरी दिन है। टीम इंडिया अपनी पहली पारी के स्कोर छह विकेट के नुकसान पर 357 रनों से अपनी पारी को आगे बढ़ाएगी। देखना होगा कि भारतीय टीम कब तक बल्लेबाजी करती है।