Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 06, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    IND vs ENG: 'रोहित आर्मी' के जांबाज गेंद और बल्‍ले से रहे सुपरहिट, भारत के सामने नागपुर में भीगी बिल्‍ली बने अंग्रेज

    Updated: Thu, 06 Feb 2025 08:39 PM (IST)

    IND vs ENG 1st ODI भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले वनडे में इंग्‍लैंड को 4 विकेट से हराया। नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मैच मे ...और पढ़ें

    शतक से चूके शुभमन गिल। इमेज- बीसीसीआई
    शतक से चूके शुभमन गिल। इमेज- बीसीसीआई

    HighLights

    1. शुभमन गिल ने खेली 87 रन की पारी
    2. अक्षर-अय्यर ने लगाया अर्धशतक
    3. राणा-जडेजा ने 3-3 विकेट लिए

     स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। हर्षित राणा और रवींद्र जडेजा की गेंदबाजी के बाद शुभमन गिल की पारी की बदौलत भारत ने पहले वनडे में इंग्‍लैंड को 4 विकेट से हराया। नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इंग्‍लैंड के कप्‍तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी चुनी।

    पहली बैटिंग करने उतरी मेहमान टीम 47.4 ओवर में 248 रन पर सिमट गई। इस टारगेट को भारतीय बल्‍लेबाजों ने 11 ओवर पहले चेज कर लिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। 

    इंग्‍लैंड को मिली अच्‍छी शुरुआत

    पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी इंग्‍लैंड को अच्‍छी शुरुआत मिली। बेन डकेट और फिलिप साल्ट ने पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े। 9वें ओवर में साल्‍ट रन आउट हुए। उन्‍होंने 26 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली। अगले ही ओवर में हर्षित राणा ने डकेट को अपना शिकार बनाया। उन्‍होंने 29 गेंदों का सामना किया और 32 रन बनाए। इसी ओवर में राणा ने हैरी ब्रूक को डक पर पवेलियन भेजा।

    वापसी के बाद फ्लॉप रहे रूट

    • 19वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने जो रूट को LBW आउट किया। लंबे समय बाद वनडे में वापसी करने वाले रूट ने 19 रन बनाए।
    • कप्‍तान जोस बटलर ने अर्धशतक लगाया। उन्‍होंने 67 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली।
    • इसके बाद लियाम लिविंगस्टोन ने 5, ब्रायडन कार्स ने 10, जैकब बेथेल ने 51, आदिल राशिद ने 8 और साकिब महमूद ने 2 रन बनाए।
    • जोफ्रा आर्चर 21 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से हर्षित राणा और रवींद्र जडेजा ने 3-3 विकेट लिए।
    • साथ ही शमी, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव के खाते में 1-1 विकेट आया।

    भारत की शुरुआत रही खराब

    249 रनों के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। 19 के स्‍कोर पर भारत को 2 झटके लगे। डेब्‍यू वनडे खेल रहे यशस्‍वी जायसवाल ने 15 और कप्‍तान रोहित शर्मा ने 2 रन बनाए। इसके बाद शुभमन गिल ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 94 रन जोड़े। 16वें ओवर में अय्यर LBW आउट हुए। उन्‍होंने 36 गेंदों पर 59 रन बनाए।

    खबरें और भी

    गिल ने पारी को संभाला

    इसके बाद गिल और अक्षर पटेल के बीच चौथे विकेट के लिए 108 रनों के साझेदारी हुई। 34वें ओवर में आदिल राशिद ने अक्षर को LBW आउट किया। अक्षर ने 47 गेंदों का सामना किया और 52 रन बनाए। केएल राहुल कुछ खास नहीं कर पाए और उन्‍होंने 2 रन बनाए।

    शतक की ओर बढ़ रहे शुभमन गिल 87 के स्‍कोर पर जोस बटलर को कैच थमा बैठे। अपनी इस पारी में उन्‍होंने 14 चौके भी लगाए। हार्दिक पांड्या 9 और रवींद्र जडेजा 12 रन बनाकर नाबाद रहे।

    ये भी पढ़ें: IND vs ENG: 600 विकेट पूरे करके Ravindra Jadeja ने तोड़ा जहीर खान का रिकॉर्ड, कपिल देव के खास क्‍लब में मारी एंट्री