India vs England Highlights, U19 World cup Final: वैभव सूर्यवंशी का तूफान, भारत ने लगाया वर्ल्ड कप जीत का 'छक्का'
India U19 vs England U19 : भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सितारे एक बार फिर विश्व पटल पर छा गए। टीम इंडिया ने फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों से हरा दिया औ ...और पढ़ें

भारत और इंग्लैंड के बीच खिताबी जंग
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वैभव सूर्यवंशी की 175 रनों की शानदार मैच जिताऊ पारी के दम पर भारत ने शुक्रवार को आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप-2026 के फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों से हरा दिया। इसी के साथ भारत ने छठी बार ये ट्रॉफी जीती है। इससे पहले भारत ने साल 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था।
वैभव सूर्यवंशी के शानदार शतक के दम पर भारत ने 50 ओवरों में नौ विकेट खोकर 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। ये पहली बार है जब किसी टीम ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 400 का आंकड़ा पार किया है। इस विशाल स्कोर के सामने इंग्लैंड 40.2 ओवरों में 311 रनों पर ही ढेर हो गई।
वैभव ने इस मैच में 80 गेंदों पर 15 चौके और 15 छक्कों की मदद से 175 रनों की पारी खेली है। वैभव का ये शतक अंडर-19 वर्ल्ड कप में दूसरा सबसे तेज शतक है। उनके अलावा आयुष म्हात्रे ने 51 गेंदों पर 53 रन बनाए जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल रहे। अंत में अभिज्ञान कुंडू ने 31 गेंदों पर 40 रनों की पारी खेली जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल रहा।
इंग्लैंड की तरफ से कैलेब फॉल्कनर ने जुझारू पारी खेली और शतक जमाया। लेकिन उनकी ये पारी तब आई जब टीम के हाथों से मैच फिसलन शुरू हो गया था। उन्होंने 67 गेंदों पर 115 रन बनाए जिसमें नौ चौके सात छक्के शामिल रहे। उनके रूप में ही इंग्लैंड ने अपना आखिरी विकेट खोया।