विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

IND W vs ENG W: भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड का बजा दिया बाजा, पहली बार अंग्रेजों के खिलाफ जीती T20I सीरीज

Published: Sun, 13 Jul 2025 08:09 AM (IST)

एजबेस्टन में खेले गए पांचवें और आखिरी टी20I मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 5 विकेट से हराकर अपनी लाज ...और पढ़ें

भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ जीती सीरीज। फोटो- BCCI
भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ जीती सीरीज। फोटो- BCCI

HighLights

  1. आखिरी टी20I मुकाबले में जीती इंग्लैंड की टीम
  2. भारत ने 3-2 से सीरीज की अपने नाम
  3. इंग्लैंड में पहली बार भारत ने जीती सीरीज

 स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बर्मिंघम के एजबेस्टन में शनिवार को खेले गए पांचवें और आखिरी मुकाबले में इंग्लैंड ने पांच विकेट से शिकस्त दी। हालांकि, 3-1 की अजेय बढ़त के साथ अंतिम मैच खेलने उतरी भारतीय टीम ने 3-2 से सीरीज अपने नाम कर ली। सीरीज जीतने के साथ ही भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया।

यह महिला क्रिकेट इतिहास में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की पहली टी20I सीरीज जीत है। इससे पहले भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 6 द्विपक्षीय टी20I सीरीज में हार का सामना किया था। भारत ने 2006 में डर्बी में इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र T20 मैच जीता था, जो दोनों टीमों के बीच इस फॉर्मेट का पहला मैच था।

इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 167 रन का स्कोर बनाया। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। शेफाली ने 23 गेंद में अपना 11वां T20I अर्धशतक जड़ा।

शेफाली का धमाका

पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ ऋचा घोष के 18 गेंद के अर्धशतक के बाद किसी भी भारतीय द्वारा इस फॉर्मेट में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। शेफाली (75) के आउट होने से भारतीय पारी थोड़ी डगमगा गई।

ऋचा घोष (14 गेंद में 20 रन), राधा यादव (14 गेंद में नाबाद 14) और अरुंधति रेड्डी (5 गेंद में नाबाद 9 रन) की छोटी पारियों ने भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। चार्ली डीन ने इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए।

आखिरी गेंद पर जीता मुकाबला

भारतीय टीम के स्कोर के जवाब में इंग्लैंड ने आखिरी गेंद पर 5 विकेट खोकर 168 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। साथ ही इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम ने T20I में अपना तीसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज किया।

इंग्लैंड के लिए सोफिया डंकले और डेनिएल व्याट-हॉज की सलामी जोड़ी ने ठोस शुरुआत की। सोफिया डंकले ने 46 रनों की पारी खेली, जबकि डेनिएल 56 रन बनाकर आउट हुईं। इसके अलावा इंग्लिश कप्तान टैमी ब्यूमोंट ने 30 रनों का योगदान दिया। भारत की तरफ से दीप्ति और अरुंधति ने दो-दो विकेट लिए।

हरमनप्रीत कौर ने भी रचा इतिहास

बता दें कि इस मैच में भारतीय T20 कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 334वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। कौर ने पूर्व कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ दिया। वह भारतीय महिला क्रिकेट में सबसे अधिक मैच खेलने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।