MI vs RR Highlights: राजस्थान ने जीती आखिरी लड़ाई, मुंबई को मात देकर बनाई प्लेऑफ में जगह
Mumbai Indians vs Rajasthan Royals: राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ में जाने के लिए ये मैच हर हाल में जीतना था जो उसने जीत लिया। अब उसका सामना एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।

राजस्थान रॉयल्स का सामना मुंबई इंडियंस से
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जोफ्रा आर्चर के ऑलराउंड खेल के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने रविवार को मुंबई इंडियंस को उसके ही घर वानखेड़े स्टेडियम में 30 रनों से हरा दिया। इसी के साथ राजस्थान आईपीएल-2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी और आखिरी टीम बन गई है।
राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 205 रन बनाए थे। मुंबई की टीम 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 175 रन ही बना सकी। आर्चर ने पहले बल्ले से 15 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 32 रनों की पारी खेल टीम को 200 के पार पहुंचाया और फिर अपनी गेंदबाजी से मुंबई के अहम विकेट लेकर राजस्था को जीत दिलाई।
MI vs RR Live Score: मैंने लिए बहादुरी भरे फैसले- पराग
प्लेऑफ में जगह बनाने के बाद राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने अपनी ही तारीफ कर डाली है। उन्होंने कहा कि इस सीजन उन्होंने कई बहादुरी भरे फैसले लिए जिसका टीम का फायदा मिला। पराग ने टीम के बल्लेबाजों के साथ-साथ आर्चर और रवींद्र जडेजा की तारीफ की है।
MI vs RR Live Score: जीत से कुमार संगाकारा खुश
राजस्थान के प्लेऑफ में पहुंचने से टीम के कोच कुमार संगाकारा काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि ये दबाव में बेहतर खेलने की बात थी जो उनकी टीम ने किया। कोच ने अपने गेंदबाजों की जमकर तारीफ की है। उन्होंने खासतौर पर जोफ्रा आर्चर को सराहा है जिन्होंने आज बल्ले, गेंद के अलावा फील्डिंग से जीत में अहम भूमिका निभाई।
MI vs RR Live Score: दे दिए ज्यादा रन- पांड्या
राजस्थान से हार के बाद मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा है कि उनकी टीम ने 10-15 रन ज्यादा दे दिए। हालांकि, उनका मानना है कि 206 रनों का टारगेट भी चेज किया जा सकता था, लेकिन उनकी टीम ने शुरुआत में कुछ विकेट जल्दी खो दिए जिसका उन्हें नुकसान हुआ।
MI vs RR Live Score: सनराइजर्स हैदराबाद से होगा सामना
राजस्थान ने लीग चरण का अंत 14 मैचों में आठ जीत और छह हार के साथ 16 अंक लेकर चौथे स्थान पर किया है। यानी वो अब एलिमिनेटर मैच खेलेगी जिसमें उसका सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।
MI vs RR Live Score: राजस्थान ने जीता मैच, प्लेऑफ में बनाई जगह
राजस्थान ने मुंबई को हराकर प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर लिया है। राजस्थान ने ये मैच 30 रनों से अपना नाम किया। मुंबई की टीम 206 रनों के जवाब में 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 175 रन ही बना सकी।
MI vs RR Live Score: दीपक चाहर भी आउट
19वें ओवर की तीसरी गेंद पर बृजेश शर्मा ने दीपक चाहर को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। दीपक ने रिव्यू लिया जो असफल रहा। वह पांच गेंदों पर आठ रन ही बना सके।
MI vs RR Live Score: सूर्यकुमार आउट, मुंबई की उम्मीदें खत्म
18वें ओवर की तीसरी गेंद पर नांद्रे बर्गर ने सूर्यकुमार यादव को अपनी ही गेंद पर कैच कर मुंबई की जीत की उम्मीदें खत्म कर दी हैं और राजस्थान की प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की कर दी है। सूर्यकुमार ने 43 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्कों की मदद से 60 रन बनाए।
MI vs RR Live Score: मुंबई का सातवां विकेट गिरा
17वें ओवर की तीसरी गेंद पर यश राज ने कार्बिन बोश्च को डीप मिडविकेट पर फरेरा के हाथों आउट करा मुंबई को सातवां झटका दे दिया है। बोश्च ने दो रन बनाए।
MI vs RR Live Score: पांड्या लौटे पवेलियन, मुंबई संकट में
राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने विकेट की तलाश में आर्चर को वापस बुलाया और इस गेंदबाज ने 16वें ओवर में पांड्या को आउट कर दिया। ओवर की चौथी गेंद पर पांड्या पुल खेला और गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से में लग लॉन्ग ऑन पर गई, जहां बर्गर ने उनका कैच लपका। पांड्या ने 15 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 34 रन बनाए।
MI vs RR Live Score: सूर्यकुमार ने पूरा किया अर्धशतक
सूर्यकुमार ने 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। ये उनका इस सीजन का दूसरा अर्धशतक है जो 10 पारियों के बाद आया है। मुंबई को जीतना है तो सूर्यकुमार को अंत तक टिके रहना होगा।
MI vs RR Live Score: विल जैक्स हुए आउट
12वें ओवर की तीसरी गेंद पर यश राज ने विल जैक्स को आउट कर दिया। बड़ा शॉट खेलने गए विल जैक्स गेंद को बल्ले पर सही से ले नहीं पाए और विकेटकीपर ध्रुव जुरेल ने समझदारी दिखाते हुए शानदार कैच लपका। इसी के साथ जैक्स और सूर्यकुमार के बीच 63 रनों की साझेदारी टूट गई।
MI vs RR Live Score: पावरप्ले खत्म, मुंबई ने गंवाए चार विकेट
मुंबई की पारी का पावरप्ले खत्म हो गया है। छह ओवरों में इस टीम ने चार विकेट खो दिए हैं और सिर्फ 49 रन बनाए हैं। सूर्यकुमार यादव और विल जैक्स इस समय क्रीज पर हैं।
MI vs RR Live Score: तिलक वर्मा लौटे पवेलियन
छठे ओवर की पहली गेंद पर तिलक वर्मा आउट हो गए हैं। बृजेश शर्मा ने उन्हें बोल्ड कर दिया। इसी के साथ मुंबई ने अपना चौथा विकेट खो दिया है। तिलक ने सिर्फ तीन रन ही बनाए।
MI vs RR Live Score: रयान रिकल्टन आउट
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने बेहद खराब शुरुआत की है। मुंबई ने 24 रनों के स्कोर पर तीसरा विकेट गंवा दिया है। नांद्रे बर्गर ने रयान रिकल्टन को 12 रनों के स्कोर पर मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया।
MI vs RR Live Score: नमन धीर आउट
मुंबई इंडियंस को तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने दूसरा झटका दे दिया है। उन्होंने रोहित शर्मा के बाद नमन धीर को अपना शिकार बनाया है। धीर 5 गेंदों पर 6 रन बनाकर आउट हुए।
MI vs RR Live Score: मुंबई का पहला विकेट गिरा, रोहित आउट
मुंबई को पहले ही ओवर में झटका लग गया है। चौथी गेंद पर आर्चर ने रोहित शर्मा को ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। रोहित खाता तक नहीं खोल पाए।
MI vs RR Live Score: मुंबई की पारी शुरू
मुंबई की पारी शुरू हो गई है। रोहित शर्मा के साथ रियान रिकल्टन पारी की शुरुआत करने आए हैं। राजस्थान की तरफ से जोफ्रा आर्चर पहला ओवर फेंक रहे हैं।
MI vs RR Live Score: राजस्थान की पारी खत्म
राजस्थान की पारी खत्म हो गई है। बीच के ओवरों में लड़खड़ाने के बाद जोफ्रा आर्चर और रवींद्र जडेजा की पारियों ने राजस्थान को 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 205 रनों के स्कोर तक पहुंचा दिया।
MI vs RR Live Score: जोफ्रा आर्चर का तूफान खत्म
ठाकुर ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर जोफ्रा आर्चर के तूफान को भी खत्म कर दिया। बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में आर्चर लॉन्ग ऑन पर तिलक वर्मा के हाथों लपके गए। उन्होंने 15 गेंदों पर 32 रन बनाए जिसमें तीन छक्के और एक चौका शामिल रहा।
MI vs RR Live Score: शुभम दुबे नहीं दिखा पाए कमाल
शुभम दुबे से राजस्थान को तेजी से रन बनाने की उम्मीद थी, लेकिन इस खिलाड़ी ने निराश किया। 18वें ओवर की चौथी गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने उनका शिकार किया। उन्होंने छह गेंदों पर पांच रन बनाए।
MI vs RR Live Score: फरेरा भी बने दीपक चाहर का शिकार
डोनोवान फरेरा आउट हो गए हैं। 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर फरेरा को चाहर ने कार्बिन बोश्च के हाथों कैच कराया। फरेरा ने 18 रन बनाए।
MI vs RR Live Score: जुरेल भी लौटे पवेलियन, राजस्थान परेशान
13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर कार्बिन बॉश्च ने राजस्थान को बड़ा झटका दे दिया है। उन्होंने सेट बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को बोल्ड कर दिया। जुरेल ने 26 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाए।
MI vs RR Live Score: शनाका हुए रन आउट
11वें ओवर की तीसरी गेंद पर राजस्थान को एक और झटका लग गया। दासुन शनाका रन आउट हो गए हैं। ध्रुव जुरेल के साथ हुई गलतफहमी के चलते शनाका को अपना विकेट गंवाना पड़ा।
MI vs RR Live Score: 10 ओवरों का खेल खत्म
राजस्थान की पारी के 10 ओवर हो चुके हैं। टीम ने अपने तीन विकेट खो दिए हैं और 94 रन बनाए हैं। इस समय क्रीज पर ध्रुव जुरेल और दासुन शनाका हैं।
MI vs RR Live Score: पावरप्ले खत्म
राजस्थान की पारी का पावरप्ले खत्म हो गया है। तेज शुरुआत करने वाली राजस्थान की हालत ज्यादा अच्छा नहीं है। उसने 54 रन तो बनाए हैं, लेकिन अपने तीन बड़े विकेट खो दिए हैं। इस समय ध्रुव जुरेल और दासुन शनाका क्रीज पर हैं।
MI vs RR Live Score: पराग भी लौटे पवेलियन
तूफानी रफ्तार पकड़ रहे राजस्थान के कप्तान रियान पराग की पारी का अंत हो गया है। छठे ओवर की आखिरी गेंद पर पराग को तिलक वर्मा ने लॉन्ग ऑन बाउंड्री पर लपका। उनका विकेट गजनफर के हिस्से आया। पराग ने आठ गेंदों पर 14 रन बनाए जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल रहा।
MI vs RR Live Score: वैभव सूर्यवंशी भी लौटे पवेलियन
पांचवें ओवर की पहली गेंद पर दीपक ने मुंबई को बड़ी सफलता दिला दी है। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को आउट कर दिया। वैभव भी यशस्वी की तरह बड़ा शॉट खेलने गए और मिस टाइम कर गए। नमन धीर ने उनका कैच लपका। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने छह गेंदों पर चार रन ही बनाए।
MI vs RR Live Score: विल जैक्स ने जायसवाल को किया चलता
आक्रामक हो रहे यशस्वी जायसवाल को विल जैक्स ने आउट कर दिया। चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर यशस्वी ने बड़ा शॉट मारने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से में लगी और कार्बिन बॉश्च के हाथों में गई जिन्होंने कैच लेने में कोई गलती नहीं की। यशस्वी ने 17 गेंदों पर 27 रन बनाए जिसमें एक चौका और तीन छक्के शामिल रहे।
MI vs RR Live Score: विल जैक्स का अविश्वसनीय फील्डिंग
राजस्थान की पारी की पहली ही गेंद पर विल जैक्स ने ऐसी फील्डिंग की है जिसे देख हर कोई हैरान रह गया। वैभव सूर्यवंशी ने दीपक चाहर की पहली गेंद पर लॉन्ग ऑन पर शॉट मारा जो छक्का हो गया था, लेकिन जैक्स ने हवा में छलांग लागते हुए कैच लपका और बाउंड्री के बाहर लगे विल बोर्ड पर गिरने से पहले गेंद को अंदर फेक छक्का बचा लिया।
MI vs RR Live Score: राजस्थान की पारी शुरू
राजस्थान की पारी शुरू हो गई है। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल पारी की शुरुआत कर रहे हैं। मुंबई के लिए पहला ओवर दीपक चाहर फेंक रहे हैं।
MI vs RR Live Score: मुंबई इंडियंस की प्लेइंग-11
हार्दिक पांड्या (कप्तान), रियान रिकल्टन, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, विल जैक्स, कार्बिन बोश्च, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, अल्लाह गजनफर, रघु शर्मा।
MI vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग-11
रियान पराग (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), डोनोवान फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, यश राज पूनिया, बृजेश शर्मा।
MI vs RR Live Score: मुंबई ने जीता टॉस
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने इस मैच में टॉस जीता है और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। मुंबई ने जसप्रीत बुमराह को आराम दिया है। दीपक चाहर को प्लेइंग-11 में मौका मिला है। राजस्थान ने तीन बदलाव किए हैं। पराग की वापसी हुई है। उनके अलावा नांद्रे बर्गर और रवींद्र जडेजा की भी वापसी हुई है। जडेजा को इम्पैक्ट सब में रखा गया है।
MI vs RR Live Score: कुछ ही देर में होगा टॉस
राजस्थान के लिए ये मैच काफी अहम है और इसलिए टीम चाहेगी कि टॉस वही जीते ताकी अपनी मर्जी के मुताबिक फैसला कर सके। कुछ ही देर में टॉस होगा इसके बाद पता चलेगा कि पहले किस टीम की बल्लेबाजी है।
MI vs RR Live Score: ऐसे हैं हेड टू हेड आंकड़े
दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल 32 मैच खेले गए हैं जिसमें से 16 में मुंबई ने जीत हासिल की है तो वहीं 15 में राजस्थान ने बाजी मारी है।
MI vs RR Live Score: वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी नजरें
राजस्थान का मैच हो और वैभव सूर्यवंशी पर फोकस न हो, ऐसा नहीं हो सकता। बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से गजब कोहराम मचाया है। राजस्थान को अगर प्लेऑफ में जाना है तो फिर वैभव के बल्ले का चलना जरूरी है।
MI vs RR Live Score: जीत से विदाई चाहेगी मुंबई
वहीं पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में तो नहीं पहुंच पाई है, लेकिन उसकी कोशिश होगी कि वह सीजन का अंत जीत के साथ करे।
MI vs RR Live Score: राजस्थान को चाहिए सिर्फ जीत
इस मैच में राजस्थान को सिर्फ जीत चाहिए। अगर उसे जीत मिलती है तो फिर उसका प्लेऑफ का टिकट कट जाएगा और अगर हार मिलती है तो फिर पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच आखिरी स्थान की टक्कर होगी, राजस्थान इससे बाहर हो जाएगी।
MI vs RR Live Score: राजस्थान रॉयल्स का सामना मुंबई इंडियंस से
आईपीएल का लीग चरण खत्म होने की कगार पर है। आज इसका अंत हो जाएगा। इस सीजन के आखिरी डबल हैडर के दिन पहले मैच में मुंबई इंडियंस का सामना अपने घर में राजस्थान रॉयल्स से है। दोनों ही टीमों का ये आखिरी मैच है।