RR vs MI Highlights: राजस्थान के तूफान के सामने पस्त हुई मुंबई, लगाई जीत की हैट्रिक
Rajasthan Royals vs Mumbai Indians: राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को एकतरफा अंदाज में मात देते हुए जीत की हैट्रिक लगा दी है। बारिश के कारण ये मैच 11 ओवर प्रति पारी का खेला गया था।
-1775588994810_m.webp)
राजस्थान ने मुंबई को दी मात
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। राजस्थान रॉयल्स ने मंगलवार को बारिश से बाधित मैच में मुंबई इंडियंस को 27 रनों से हरा दिया। राजस्थान ने मुंबई के सामने 151 रनों का टारगेट रखा था। पांच बार की चैंपियन ये हासिल नहीं कर पाई और नौ विकेट खोकर 123 रन ही बना सकी। मैच की शुरुआत से पहले ही बारिश आ गई थी जिससे काफी समय बर्बाद हुआ और इसी कारण ये मैच 11 ओवर प्रति पारी कर दिया गया। राजस्थान के बल्लेबाजों ने मुंबई के गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। यशस्वी जायसवाल ने अर्धशतक जमाया। उन्होंने 32 गेंदों पर नाबाद 72 रन बनाए।
वैभव सूर्यवंशी ने 14 गेंदों पर पांच छक्के और एक चौके की मदद से 39 रनों की पारी खेली। कप्तान रियान पराग ने 10 गेंदों पर 20 रन बनाए। मुंबई शुरू से विशाल स्कोर के दबाव में दिखी। उसका कोई भी बल्लेबाज उस अंदाज में नहीं खेल सका जैसी बल्लेबाजी राजस्थान के बल्लेबाजों ने की थी।
RR vs MI Live Score: राजस्थान को मिली जीत
राजस्थान द्वारा रखे गए 151 रनों के टारगेट के सामने मुंबई 123 रन ही बना सकी और 27 रनों से मैच हार गई। राजस्थान की टीम अंक तालिका में पहले नंबर पर हैं।
RR vs MI Live Score: बोल्ट रन आउट
11वें ओवर की पहली गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने बोल्ट को रन आउट कर दिया। इसी के साथ मुंबई का नौवां विकेट गिर गया।
RR vs MI Live Score: मुंबई का एक और विकेट गिरा
10वें ओवर की चौथी गेंद पर संदीप शर्मा ने ठाकुर को जुरेल के हाथों आउट कर मुंबई का आठवां विकेट गिरा दिया। वह आठ रन ही बना पाए।
RR vs MI Live Score: नमन धीर आउट
मुंबई ने अपना एक और विकेट खो दिया। नौवें ओवर की पांचवीं गेंद पर बिश्नोई ने नमन धीर की पारी का अंत दिया। उन्होंने 13 गेंदों पर 25 रन बनाए जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल रहा।
RR vs MI Live Score: रदरफर्ड भी आउट
खतरनाक दिख रहे रदफर्ड को तुषार देशपांडे ने आठवें ओवर की चौथी गेंद पर आउट कर दिया। शॉर्ट थर्डमैन पर संदीप ने उनका कैच लपका। इसी के साथ मुंबई ने अपना छठा विकेट खो दिया। रदरफर्ड ने आठ गेंदों पर 25 रन बनाए।
RR vs MI Live Score: तिलक वर्मा भी आउट
रवि बिश्नोई ने पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर तिलक वर्मा को भी आउट कर दिया। उनका कैच शिमरॉन हेटमायर ने लपका। इसी के साथ मुंबई ने अपना पांचवां विकेट खो दिया जबकि उसका स्कोर 46 रन है।
RR vs MI Live Score: पांड्या भी आउट
पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर रवि बिश्नोई ने हार्दिक पांड्या को आउट कर दिया। लॉन्ग ऑन पर उनका कैच जायसवाल ने पकड़ा। पांड्या नौ रन ही बना पाए।
RR vs MI Live Score: पावरप्ले खत्म
पावरप्ले खत्म हो गया है। तीन ओवरों में मुंबई ने तीन विकेट खोकर 25 रन ही बनाए हैं। इस स्कोर के साथ मुंबई का जीतना नामुमकिन सा लग रहा है। कप्तान पांड्या और तिलक इस समय क्रीज पर हैं।
RR vs MI Live Score: रोहित भी लौटे पवेलियन
संदीप शर्मा ने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर रोहित शर्मा को आउट कर मुंबई को तीसरा झटका दे दिया। रोहित पांच रन ही बना सके।
RR vs MI Live Score: सूर्यकुमार यादव भी आउट
मुंबई को दूसरा झटका भी लग गया है। दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर बर्गर ने सूर्यकुमार को डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री पर आर्चर के हाथों कैच कराया। वह छह रन ही बना सके।
RR vs MI Live Score: मुंबई का पहला विकेट गिरा
पहले ओवर की आखिरी गेंद पर मुंबई का पहला विकेट गिर गया है। आर्चर ने रिकल्टन को आउट कर राजस्थान को पहली सफलता दिलाई। बड़ा शॉट खेलने गए रिकल्टन गेंद को सही से बल्ले पर ले नहीं पाए और गेंद हवा में गई। विकेटकीपर जुरेल ने शानदार कैच लपक अपनी टीम को सफलता दिलाई। मुंबई के बल्लेबाज ने आठ रन बनाए।
RR vs MI Live Score: मुंबई की पारी शुरू
मुंबई की पारी शुरू हो गई है। रोहित के साथ रयान रिकल्टन पारी की शुरुआत करने आए हैं। राजस्थान की तरफ से जोफ्रा आर्चर पहला ओवर फेंक रहे हैं।
RR vs MI Live Score: राजस्थान की पारी खत्म
राजस्थान की पारी खत्म हो गई है। टीम ने 11 ओवरों में तीन विकेट खोकर 150 रन बनाए हैं। यशस्वी 77 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके साथ हेटमायर छह रन बनाकर नाबाद लौटे।
RR vs MI Live Score: पराग लौटे पवेलियन
नौवें ओवर की पांचवीं गेंद पर रियान पराग ने गजनफर पर एक और छक्का मारने की कोशिश की जिसमें वो असफल रहे और लॉन्ग ऑन पर तिलक के हाथों लपके गए। पराग ने 10 गेंदों पर 20 रन बनाए जिसमें दो छक्के और एक चौका शामिल रहा।
RR vs MI Live Score: आठ ओवरों का खेल खत्म
आठ ओवरों का खेल खत्म हो गया है। राजस्थान ने दो विकेट खोकर 110 रन बना लिए हैं। यशस्वी के साथ कप्तान रियान पराग मैदान पर हैं।
RR vs MI Live Score: यशस्वी का अर्धशतक
आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर यशस्वी ने चौका मार अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। इसी के साथ राजस्थान के 100 रन भी पूरे हो गए हैं।
RR vs MI Live Score: राजस्थान को लगा दूसरा झटका
छठे ओवर की चौथी गेंद पर गजनफर ने राजस्थान को दूसरा झटका दे दिया। उन्होंने ध्रुव जुरेल को एलबीडब्ल्यू आउट किया। राजस्थान के बल्लेबाज ने रिव्यू लिया जो असफल रहा। गजनफर का ये पहला आईपीएल विकेट है। जुरेल ने दो रन ही बनाए।
RR vs MI Live Score: मुंबई को मिली पहली सफलता
मुंबई को पहली सफलता मिल गई है। पांचवां ओवर फेंकने आए शार्दुल ठाकुर ने रन तो दिए लेकिन आखिरी गेंद पर वैभव को तिलक वर्मा के हाथों कैच करा दिया। वैभव ने 14 गेंदों पर 39 रन बनाए जिसमें पांच छक्के और एक चौका शामिल रहा। राजस्थान ने 80 के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया है।
RR vs MI Live Score: पांड्या का अच्छा ओवर
पांड्या ने शानदार ओवर फेंका है। चौथा ओवर फेंकने आए कप्तान ने सिर्फ चार रन ही दिए हैं। चार ओवरों के बाद राजस्थान का स्कोर 62 रन है।
RR vs MI Live Score: पावरप्ले खत्म
तीसरा ओवर फेंकने आए बोल्ट पर यशस्वी ने दो छक्के दिए और वैभव ने एक छक्का मारा। इस ओवर से कुल 22 रन आए। तीन ओवरों का पावरप्ले खत्म हो गया है और राजस्थान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 58 रन है।
RR vs MI Live Score: बुमराह पर बरसे वैभव
दूसरा ओवर फेंकने आए बुमराह ने इसमें 14 रन दिए। उनकी पहली ही गेंद पर वैभव ने छक्का मारा और फिर चौथी गेंद पर भी शानदार छक्का मारा।
RR vs MI Live Score: राजस्थान की तेज शुरुआत
राजस्थान को तेज शुरुआत मिली है। दीपक चाहर द्वारा फेंके गए पहले ओवर में यशस्वी ने चार चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन बटोरे हैं।
RR vs MI Live Score: राजस्थान की पारी शुरू
राजस्थान की पारी शुरू हो गई है। वैभव के साथ यशस्वी पारी की शुरुआत कर रहे हैं। मुंबई के लिए पहला ओवर दीपक चाहर फेंक रहे हैं।
RR vs MI Live Score: राजस्थान की प्लेइंग-11
रियान पराग (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरन हेटमायर, डोनोवान फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा
RR vs MI Live Score: मुंबई की प्लेइंग-11
हार्दिक पांड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, रयान रिकेलटन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, गजनफर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह
RR vs MI Live Score: मुंबई की पहले गेंदबाजी
मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने इस मैच में टॉस जीता है और पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। ट्रेंट बोल्ट की टीम में वापसी हुई है।
RR vs MI Live Score: बदल गईं प्लेइंग कंडीशंस
चूंकि मैच 11 ओवर प्रति पारी हो गया है तो ऐसे में पावरप्ले तीन ओवरों का होगा। चार गेंदबाज दो-दो ओवर डाल सकते हैं जबकि एक गेंदबाज तीन ओवर फेंकेगा।
RR vs MI Live Score: 9:55 बजे होगा टॉस
गुवाहाटी में बारिश रुक गई है और मैच होने की संभावना बन गई है। ओवरों में कटौती हुई है और 11 ओवर प्रति पारी मैच होगा। 9:55 बजे टॉस होगा।
RR vs MI Live Score: बारिश हुई हल्की
बारिश हल्की हो गई है। हालांकि, पूरी तरह से बंद नहीं हुई है जिसके चलते कवर्स मैदान पर अभी भी मौजूद हैं।
RR vs MI Live Score: बारिश तेज, ओवर होंगे कम
बारिश फिर से तेज हो गई है और अब समय भी हो गया जब अंपायर ओवरों में कटौती करेंगे। ये बात तय है कि अब ये मैच पूरे 20-20 ओवरों का नहीं हो पाएगा। देखना होगा कि बारिश कितने ओवरों की कुर्बानी लेती है या फिर मैच ही रद हो जाएगा।
RR vs MI Live Score: बारिश की रफ्तार हुई कम
बारिश की रफ्तार धीमी हो गई है, लेकिन रुकी नहीं है। इस बीच ग्राउंड स्टाफ ने मैदान सुखाने की तैयारी शुरू कर दी है।
RR vs MI Live Score: पिच क्यूरेटर कर रहे हैं चर्चा
इस समय बीसीसीआई के चीफ पिच क्यूरेटर, एसीए के पिच क्यूरेटर अभिजीत भट्टाचार्या एक और पिच क्यूरेटर मुकेश कालिटा के साथ चर्चा कर रहे हैं। जाहिर ये चर्चा मैदान को बारिश के बाद जल्दी से तैयार करने को लेकर होगी।
RR vs MI Live Score: बारिश के बाद भी सुपर सोबर काम पर लगे
क्रिकबज के मुताबिक, बारिश के बाद भी दो सुपर सोबर मैदान पर काम में लगे हैं। इनका काम मैदान को सुखाना है। यानी ग्राउंड स्टाफ मैच को कराने की पूरी कोशिश में लगा है।
RR vs MI Live Score: बारिश हुई तेज
बारिश ने अचानक से रफ्ताप पकड़ ली है और काफी तेज हो रही है। ऐसे में मैच में अच्छी-खासी देरी हो सकती है।
RR vs MI Live Score: रद न हो जाए मैच
बारिश के कारण कल कोलकाता और पंजाब के बीच मैच नही हो पाया था। भारी बारिश के कारण उसे रद कर दिया था। इस मैच पर भी बारिश का साया पड़ चुका है। देखना होगा कि बारिश मैच को रद कर पाती है या फिर मैच हो पाता है।
RR vs MI Live Score: फिर आई बारिश
गुवाहाटी में फिर से बारिश आ गई है और इस बार बारिश पहले से तेज है। मैदान पूरी तरह से कवर्स से ढका हुआ है। इससे मैच में ओवरों की कटौती का डर भी अब दोनों टीमों को सता रहा होगा।
RR vs MI Live Score: बारिश रुकी, कवर्स हटे
गुवाहाटी में बारिश रुक गई है और मैदान पर से अधिकतर कवर्स हट गए हैं। कुछ खिलाड़ी इस समय मैदान पर है। राजस्थान के कप्तान रियान पराग स्टाफ से बातें कर रही है। मैदानकर्मी इस समय मैदान सुखाने में लगे हुए हैं।
RR vs MI Live Score: बारिश के कारण टॉस में देरी
मुकाबले का टॉस समय पर शुरू होता नहीं दिख रहा है। गुवाहाटी में इस समय बारिश हो रही है और इसी कारण इसमें देरी हो सकती है।
RR vs MI Live Score: हेड टू हेड आंकड़े
दोनों टीमों के बीच अभी तक के आंकड़े देखे जाएं तो इसमें मुंबई का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। अभी तक दोनों टीमों के बीच कुल 31 मैच खेले गए हैं जिसमें से 16 मैचों में मुंबई ने जीत हासिल की है और 14 मैचों में राजस्थान को विजय मिली है। एक मैच बेनतीजा रहा है।
RR vs MI Live Score: जीत की हैट्रिक पर राजस्थान की नजरें
राजस्थान ने अपने पिछले दोनों मैच जीते हैं और अब उसकी नजरें लगातार तीसरी जीत पर होंगी। राजस्थान जिस फॉर्म में नजर आ रही है उससे वह ये काम कर सकती है, लेकिन मुंबई को हल्के में लेना उसे भारी भी पड़ सकता है।
RR vs MI Live Score: वैभव और बुमराह की टक्कर
इस मैच में सबसे ज्यादा नजरें 15 साल के वैभव सूर्यवंशी और जसप्रीत बुमराह के बीच होने वाली टक्कर पर होगी। वैभव ने अपने बल्ले से गजब का तूफान मचाया है। ऐसे में सभी ये देखना चाहेंगे कि वह बुमराह के सामने अपनी तूफानी बैटिंग को जारी रख पाते हैं या नहीं।
RR vs MI Live Score: पांड्या की वापसी
इस मैच में मुंबई के लिए अच्छी बात ये है कि उसके नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या वापसी के लिए तैयार हैं। टीम के गेंदबाजी कोच पारस महाम्ब्रे ने इस बात की जानकारी कल हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में दे दी थी उनके आने से टीम मजबूत होगी।
RR vs MI Live Score: राजस्थान के सामने मुंबई
आईपीएल-2026 में आज राजस्थान रॉयल्स का सामना मुंबई इंडियंस से है। ये मैच गुवाहाटी के बारसापरा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। गुवाहाटी राजस्थान का दूसरा घर है और वह कई सालों से यहां मैच खेल रही है। इस मैच में उसकी नजरें सीजन की लगातार तीसरी जीत हासिल करने पर होंगी।