यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
SMAT: रुतुराज गायकवाड़ और अजिंक्य रहाणे ने जड़े तूफानी अर्धशतक, मुंबई-महाराष्ट्र ने दर्ज की धांसू जीत
सैदय मुश्ताक अली ट्रॉफी में भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन देखने को मिला। अजिंक्य रहाणे और रुतुराज गायकवाड़ ने तूफानी अर्धशतक जड़कर मुंबई व मह ...और पढ़ें

HighLights
- अजिंक्य रहाणे ने हरियाणा के खिलाफ तूफानी अर्धशतक जमाया
- रुतुराज गायकवाड़ ने बंगाल के खिलाफ केवल 22 गेंदों में जड़ा अर्धशतक
- सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई और महाराष्ट्र ने आसानी से जीते अपने मैच
जयपुर, एजेंसी। अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने 32 गेंद पर अर्धशतक जमाया, जिससे मौजूदा चैंपियन मुंबई ने सोमवार को यहां हरियाणा को आठ विकेट से करारी शिकस्त देकर सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।
हरियाणा ने मुंबई के सामने 148 रन का लक्ष्य रखा था। अजिंक्य रहाणे की 43 गेंद पर खेली गई नाबाद 76 रन की परी की मदद से मुंबई ने 13 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया। रहाणे ने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए।
वहीं, मोहाली में खेले गए एक अन्य मैच में रुतुराज गायकवाड की 40 गेंद पर खेली गई 82 रन की पारी की मदद से महाराष्ट्र ने बंगाल को आठ विकेट से हराया। गायकवाड़ ने केवल 22 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और पांच छक्के लगाए।
इसके अलावा कप्तान केदार जाधव ने 26 गेंद पर नाबाद 40 रन बनाए जिससे महाराष्ट्र ने 159 रन का लक्ष्य पांच ओवर शेष रहते ही हासिल कर लिया। बंगाल ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर छह विकेट पर 158 रन बनाए थे।