SRH vs KKR Highlights: कोलकाता ने लगाई जीत की हैट्रिक, जिंदा रखी प्लेऑफ की उम्मीदें
Sunrisers Hyderabad vs Kolkata Knight Riders: कोलकाता ने हैदराबाद को मात देकर इस सीजन जीत की हैट्रिक पूरी की है। इस जीत ने उसकी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है।
-1777796297973_m.webp)
हैदराबाद की चुनौती का सामना करेगी कोलकाता की टीम
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अंगकृष रघुवंशी की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद को उसके ही घर में सात विकेट से हरा दिया। इसी के साथ कोलकाता ने आईपीएल-2026 में जीत की हैट्रिक लगा दी है। हैदराबाद द्वारा रखे गए 166 रनों के टारगेट को कोलकाता ने 18.2 ओवरों में हासिल कर लिया। हैदराबाद को हराने के बाद कोलकाता ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदें कायम रखी हैं। कोलकाता की इस जीत में कप्तान अजिंक्य रहाणे के 43 रनों का भी अहम रोल रहा। अंगकृष ने 47 गेंदों पर 59 रनों की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और दो छक्के मारे।
इससे पहले, कोलकाता ने अपने गेंदबाजों के दम पर वापसी करते हुए उप्पल स्टेडियम में खेले गए मैच में हैदराबाद को 165 रनों पर ही रोक दिया। हैदराबाद की पूरी टीम 19 ओवरों में पवेलियन लौट गई जबकि एक समय ये टीम आसानी से 200 की तरफ जाती दिख रही थी। हैदराबाद के लिए ट्रेविस हेड ने 28 गेंदों पर नौ चौके और तीन छक्कों की मदद से 61 रनों की पारी खेली। ईशान किशन ने 29 गेंदों पर 42 रन बनाए।
SRH vs KKR Live: कोलकाता की जीत
रिंकू सिंह ने 19वें ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर दो चौके मार अपनी टीम को सात विकेट से जीत दिला दी। रिंकू 22 रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के बाद कोलकाता ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखी हैं। ये उसकी लगातार तीसरी जीत है।
SRH vs KKR Live: रघुवंशी लौटे पवेलियन
17वें ओवर की चौथी गेंद पर शिवांग ने अंगकृष रघुवंशी को आउट कर दिया। इसी के साथ कोलकाता ने अपना तीसरा विकेट खो दिया। उन्होंने 47 गेंदों पर 59 रन बनाए जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे।
SRH vs KKR Live: रहाणे अर्धशतक से चूके
15वें ओवर की आखिरी गेंद पर साकिब हुसैन ने रहाणे को आउट कर कोलकाता को दूसरा झटका दे दिया है। रहाणे ने 36 गेंदों पर 43 रन बनाए।
SRH vs KKR Live: रघुवंशी का अर्धशतक
14वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर रघुवंशी ने अपना इस सीजन का तीसरा अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने रहाणे के साथ मिलकर टीम को अच्छे से संभाला है।
SRH vs KKR Live: कोलकाता का शतक पूरा
10वें ओवर की पहली गेंद पर रघुवंशी द्वारा एक रन लेते ही कोलकाता के 100 रन पूरे हो गए। 10 ओवरों के बाद टीम का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 105 रन है। रहाणे और रघुवंशी मैदान पर हैं।
SRH vs KKR Live: 8 ओवरों का खेल खत्म
आठ ओवरों का खेल खत्म हो गया है। कोलकाता ने एक विकेट खोकर 89 रन बना लिए है। वह इस समय मजबूत स्थिति में लग रही है।
SRH vs KKR Live: पावरप्ले खत्म
कोलकाता की पारी के छह ओवर यानी पावरप्ले खत्म हो गया है। इन छह ओवरों में कोलकाता ने एक विकेट खोकर 71 रन बनाए हैं। रहाणे और रघुवंशी मैदान पर हैं।
SRH vs KKR Live: फिन एलन को कमिंस ने भेजा पवेलियन
चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर पैट कमिंस ने फिन एलन को आउट कर दिया। इसी के साथ कोलकाता ने अपना पहला विकेट खो दिया। क्लासेन ने उनका कैच पकड़ा। एलन ने 13 गेंदों पर 29 रनों की पारी खेली।
SRH vs KKR Live: कोलकाता की पारी शुरू
कोलकाता की पारी शुरू हो गई है। अजिंक्य रहाणे के साथ फिन एलन मैदान पर है। हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने हैरान करने वाला फैसला किया और पहला ओवर अभिषेक शर्मा को दिया जिसमें आठ रन आए।
SRH vs KKR Live: हैदराबाद की पारी खत्म
कार्तिक त्यागी ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर हर्षल पटेल को आउट कर हैदराबाद की पारी समेट दी। मेजबान टीम 19 ओवरों में 165 रनों पर ही ढेर हो गई।
SRH vs KKR Live: हैदराबाद का नौवां विकेट गिरा
18वें ओवर की पहली गेंद पर वैभव ने शिवांग को आउट कर दिया। लेग साइड की गेंद पर शिवांग ने पुल करना चाहा, लेकिन चूक गए। अंपायर ने वाइड दी तभी वैभव ने डीआरएस लिया जिसमें शिवांग आउट पाए गए।
SRH vs KKR Live: पैट कमिंस भी आउट
17वें ओवर की आखिरी गेंद पर हैदराबाद को एक और झटका लग गया। अनुकूल रॉय ने हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस को आउट कर दिया। वह एक रन ही बना पाए।
SRH vs KKR Live: हैदराबाद को लगा बड़ा झटका, ईशान लौटे पवेलियन
नरेन ने 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर ईशान किशन को आउट कर हैदराबाद का सातवां विकेट गिरा दिया। अनुकूल ने ईशान का कैच लपका। ईशान ने 29 गेंदों पर 42 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके और दो छक्के मारे।
SRH vs KKR Live: सलिल लौटे पवेलियन
16वें ओवर की पहली ही गेंद पर नरेन ने सलील अरोड़ा को बोल्ड कर दिया। इसी के साथ नरेन ने आईपीएल में अपने 200 विकेट पूरे कर लिए हैं।
SRH vs KKR Live: अनिकेत लौटे पवेलियन
अनिकेत आउट हो गए हैं। उनको वरुण ने 14वें ओवर की चौथी गेंद पर रहाणे के हाथों कैच कराया। अनिकेत छह रन ही बना सके।
SRH vs KKR Live: पावेल के कैच ने खत्म की क्लासेन की पारी
पावेल ने 11वें ओवर की चौथी गेंद पर शानदार कैच लेकर क्लासेन की पारी का अंत कर दिया। सुनील नरेन की गेंद पर क्लासेन ने डीप मिडविकेट पर शॉट मारा और पावेल ने अपने दाईं तरफ कूदते हुए शानदार कैच लपका। उन्होंने आठ गेंदों पर 11 रन बनाए।
SRH vs KKR Live: वरुण ने हेड को भेजा पवेलियन
वरुण ने ट्रेविस हेड को आउट कर कोलकाता को बड़ी सफलता दिला दी है। नौवें ओवर की आखिरी गेंद पर वरुण ने हेड को ग्रीन के हाथों कैच कराया। हेड ने 28 गेंदों पर 61 रन बनाए जिसमें नौ चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
SRH vs KKR Live: हेड का अर्धशतक पूरा
हेड ने सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का मार अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके लिए उन्होंने 22 गेंदों का सामना किया।
SRH vs KKR Live: पावरप्ले खत्म
हैदराबाद का पावरप्ले खत्म हो गया है। हैदराबाद ने छह ओवरों में एक विकेट खोकर 71 रन बनाए हैं। हेड के साथ ईशान किशन मैदान पर हैं।
SRH vs KKR Live: अभिषेक शर्मा लौटे पवेलियन
चौथे ओवर की चौथी गेंद पर कार्तिक त्यागी ने अभिषेक को आउट कर दिया। अभिषेक ने बड़ा शॉट खेलना चाहा, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से पर लगी और हवा में गई। मिडविकेट पर कैमरन ग्रीन ने उनका कैच लपका। उन्होंने 10 गेंदों पर 15 रन बनाए जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल रहा।
SRH vs KKR Live: हैदराबाद की तेज शुरुआत
अभिषेक और हेड से टीम को जिस तूफानी शुरुआत की उम्मीद थी वो मिली है। तीन ओवरों के बाद टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 37 रन है।
SRH vs KKR Live: हैदराबाद की पारी शुरू
हैदराबाद की पारी शुरू हो गई है। अभिषेक शर्मा के साथ ट्रेविस हेड ओपनिंग कर रहे हैं। कोलकाता की तरफ से सुनील नरेन पहला ओवर फेंक रहे हैं।
SRH vs KKR Live: हैदराबाद की प्लेइंग-11
सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, स्मरण रविचंद्रन, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा।
SRH vs KKR Live: कोलकाता की प्लेइंग-11
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, कैमरन ग्रीन, रोवमैन पावेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती।
SRH vs KKR Live: हैदराबाद की पहले बल्लेबाजी
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीता है और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। हैदराबाद ने अपनी टीम में दो बदलाव किए हैं। नीतीश कुमार रेड्डी की जगह स्मरण रविचंद्रन आए हैं। वहीं हर्ष दुबे की जगह हर्षल पटेल को जगह मिली है। वहीं कोलकाता ने भी दो बदलाव किए हैं। मनीष पांडे इस सीजन का अपना पहला मैच खेल रहे हैं। वह रमनदीप की जगह आए हैं। फिन एलन की वापसी हुई है और इसलिए टिम सेइफर्ट को बाहर जाना पड़ा है।
SRH vs KKR Live: कुछ ही देर में होगा टॉस
दोनों टीमों के खिलाड़ी इस समय मैदान पर अभ्यास कर रहे हैं। कुछ ही देर में टॉस होगा।
SRH vs KKR Live: हेड टू हेड आंकड़े
आईपीएल में अभी तक इन दोनों टीमों ने कुल 31 मैच खेले हैं। कोलकाता ने इनमें से 20 में जीत हासिल की है और 11 में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
SRH vs KKR Live: हैदराबाद को रोकना चुनौती
सनराइजर्स हैदराबाद ऐसी टीम है जो इस समय शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। कोलकाता के लिए इस टीम को उसके ही घर में रोकना काफी बड़ी चुनौती होगा।
SRH vs KKR Live: क्या जीत की हैट्रिक लगा पाएगी कोलकाता?
कोलकात नाइट राडइर्स अपने पिछले दो मैच जीतकर आ रही है। उसने राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स को मात दी है। आज उसके सामने इनफॉर्म हैदराबाद है जो अपने घर में खेल रही है। देखना होगा कि क्या कोलकाता जीत की हैट्रिक लगा पाती है या नहीं।
SRH vs KKR Live: हैदराबाद के सामने कोलकाता
शानदार फॉर्म में चल रही सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आज कोलकाता नाइट राइडर्स से टकराने जा रही है। इस मैच में पलड़ा जाहिर तौर पर मेजबान टीम का ही भारी है, लेकिन बीते दो मैचों में शानदार जीत हासिल करने वाली कोलकाता को हल्के में नही लिया जा सकता।