SMAT 2025: जुयाल और वीर ने यूपी को दिलाई बड़ी जीत, आयुष म्हात्रे ने जमाया शतक, एमएस धोनी के चेले ने अभिषेक शर्मा को किया ढेर
अंडर-19 टीम के कप्तान नियुक्त किए गए आयुण म्हात्रे ने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में शानदार शतक जमाया है। हालांकि, भारत की टी20 टीम के तूफानी बल्लेब ...और पढ़ें
-1764340553993_m.webp)
आयुष म्हात्रे ने जमाया तूफानी शतक
HighLights
आयुष म्हात्रे ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में जमाया शतक
अभिषेक शर्मा हुए बुरी तरह से फेल
आर्यन जुयाल ने यूपी को दिलाई जीत
पीटीआई, कोलकाता: आर्यन जुयाल के लगातार दूसरे अर्धशतक और प्रशांत वीर के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश ने जम्मू-कश्मीर को 109 रन से मात दी। इस जीत से यूपी आठ अंक के साथ ग्रुप-बी तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। जुयाल ने 40 गेंदों में 51 रन बनाकर उत्तर प्रदेश को छह विकेट पर 193 रन तक पहुंचाया।
जम्मू-कश्मीर 84 रन पर सिमट गई। दिल्ली के स्पिन-ऑलराउंडर वीर ने 20 रन देकर तीन विकेट झटके। उन्होंने 10 गेंद में नाबाद 37 रन भी बनाए। ग्रुप के अन्य मैच में मध्य प्रदेश ने बिहार को 62 रनों से हराया।
म्हात्रे के तूफानी शतक से जीती मुंबई
लखनऊ में आयुष म्हात्रे के 53 गेंदों में नाबाद 110 रन और भारत के ऑलराउंडर शिवम दुबे के नाबाद 39 रनों की बदौलत मुंबई ने शुक्रवार को सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के एलीट ग्रुप ए मैच में विदर्भ को सात विकेट से आसानी से हरा दिया। म्हात्रे ने 49 गेंदों में शतक पूरा किया। उनकी पारी की बदौलत गत चैंपियन मुंबई ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए इकाना स्टेडियम में 193 रन का लक्ष्य 13 गेंद बाकी रहते तीन विकेट पर हासिल कर लिया।
म्हात्रे ने आठ छक्के और कुल आठ चौके लगाए। वहीं भारत के टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 35 रन की पारी खेली। इससे पहले, अथर्व ताइडे (64) और अमन मोखाडे (61) के दम पर विदर्भ ने नौ विकेट पर 192 रन का मजबूत स्कोर बनाया। दुबे और साईराज पाटिल ने तीन-तीन विकेट लिए।
खबरें और भी
ढुल के दम पर दिल्ली ने तमिलनाडु को हराया
अहमदाबाद में यश ढुल की 46 गेंद में 71 रन की आक्रामक अर्धशतकीय पारी से दिल्ली ने ग्रुप डी के रोमांचक मुकाबले में शुक्रवार को तमिलनाडु को छह विकेट से हराया। तमिलनाडु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 198 रन बनाए। दिल्ली ने चार विकेट पर 203 रन बनाए, हिम्मत सिंह ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर दिल्ली को जीत दिलाई। प्रियांश आर्य (35), कप्तान नीतिश राणा (34) और आयुष बडोनी (41) ने अहम योगदान दिया। दिल्ली के लिए तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने तीन विकेट लिए।
ग्रुप के एक अन्य मैच में उत्तराखंड ने कुणाल चंदेला (94) और आंजनेय सूर्यवंशी की नाबाद 73 रन की पारी से सौराष्ट्र को छह विकेट से हराया।
हरियाणा ने पंजाब को सुपर ओवर में हराया
हैदराबाद में चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने भारत के आक्रामक प्रारंभिक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को मैच में दो बार आउट किया, जिससे हरियाणा ने ग्रुप सी मैच में पंजाब को सुपर ओवर में हरा दिया। पंजाब ने 208 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सात विकेट पर 207 रन बनाए। सुपर ओवर में कंबोज ने तीन गेंद के भीतर अभिषेक और सनवीर सिंह को आउट किया, जिसके बाद निशांत सिंधू ने पहली गेंद पर चौका लगाकर हरियाणा को जीता दिया।
रेलवे ने केरल को हराया
इकाना में ही हुए एक अन्य मैच में रेलवे ने केरल को 32 रन से हरा दिया। रेलवे ने पहले खेलकर 20 ओवर में सात विकेट पर 149 रन बनाए। नवनीत ने सर्वाधिक 32 रन और रवि सिंह ने 25 रन जोड़े। आसिफ ने तीन विकेट झटके। जवाब में केरल की टीम निर्धारित ओवर में आठ विकेट पर 117 रन ही बना सकी। संजू सैमसन 19 रन बनाकर आउट हो गए। अटल बिहारी राय ने 23 रन देकर तीन विकेट झटके।
आंध्र प्रदेश की ओडिशा पर जीत
एक अन्य मुकाबले में आंध्र प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में सात विकेट खोकर 184 रन बनाए। जवाब में ओडिशा की टीम 17.2 ओवर में 118 रन ही बना सकी। एक भी बल्लेबाज टिक नहीं सके। पृथ्वी राज एवं सौरभ कुमार ने तीन-तीन विकेट झटके।