Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    SMAT 2025: उत्‍तर प्रदेश को हराकर बिहार ने दर्ज की पहली जीत, मोहम्‍मद शमी ने फिर उगली आग; रिंकू हुए फेल

    Updated: Mon, 08 Dec 2025 07:37 PM (GMT+05:30)

    यश धुल और कप्तान नितीश राणा के अर्धशतक से दिल्ली ने सोमवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपने अभियान का अंत उत्तराखंड पर 18 रन की जीत के साथ किया। धु ...और पढ़ें

    लगातार अच्‍छा प्रदर्शन कर रहे शमी।

    लगातार अच्‍छा प्रदर्शन कर रहे शमी।

    HighLights

    1. दिल्ली का जीत के साथ अभियान खत्म

    2. बिहार ने उत्तर प्रदेश को छह विकेट से हराया

    3. छह हार के बाद बिहार की यह पहली जीत

    जागरण संवाददाता, कोलकाता: बिहार ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप-बी मुकाबले में उत्तर प्रदेश को छह विकेट से हराकर उलटफेर किया। बिहार की यह लगातार छह हार के बाद पहली जीत है। इसी जीत के साथ बिहार अंक तालिका में चार अंक के साथ अपने ग्रुप में आठवें नंबर पर है।

    प्लेयर आफ द मैच रहे पीयूष सिंह की 54 गेंदों में 57 रनों की पारी के दम पर बिहार ने 145 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली। इससे पहले मंगल महरौर ने चार ओवर में 12 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जिससे उत्तर प्रदेश छह विकेट पर 144 रन ही बना सका।

    रिंकू ने बनाए 19 रन

    मध्यम गति की गेंदबाजी करने वाले महरौर को कप्तान सकीबुल गनी (1/20) और साकिब हुसैन (1/31) का अच्छा साथ मिला। इन दोनों ने अपने-अपने चार ओवरों में एक-एक विकेट लिया। आमोद यादव महंगे साबित हुए और उन्होंने एकमात्र सफलता के लिए 50 रन लुटाए। रिंकू की 19 रन पारी पर महरौर ने विराम लगाया।
    वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए पीयूष और आयुष लोहारुका (36) की प्रारंभिक जोड़ी ने 11.3 ओवर में 83 रन जोड़कर बिहार को मजबूत शुरुआत दिलाई। पीयूष ने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। बिपिन सौरभ ने 16 गेंदों में नाबाद 26 रनों की आक्रामक पारी खेलकर बिहार की जीत सुनिश्चित की। प्रिंस यादव 24 रन पर तीन विकेट के साथ उत्तर प्रदेश के सबसे सफल गेंदबाज रहे।

    दिल्ली का जीत के साथ अभियान खत्म

    यश धुल और कप्तान नितीश राणा के अर्धशतक से दिल्ली ने सोमवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपने अभियान का अंत उत्तराखंड पर 18 रन की जीत के साथ किया। धुल (52 रन) और राणा (51 रन) ने टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन टीम को अगले दौर में ले जाने में नाकाम रहे।

    खबरें और भी

    दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 162 रन बनाए और फिर उत्तराखंड को सात विकेट पर 144 रन पर रोक दिया। उत्तराखंड की ओर से प्रशांत चोपड़ा 50 गेंद में 54 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। दिल्ली के लिए सुयश शर्मा और दिग्वेश सिंह राठी ने दो-दो विकेट चटकाए।

    बंगाल को हराकर हरियाणा सुपर आठ में

    मोहम्मद शमी ने 30 रन देकर चार विकेट चटकाते हुए प्रभावी प्रदर्शन किया, लेकिन इसके बावजूद हरियाणा ने ग्रुप सी मैच में बंगाल को आसानी से 24 रन से हराकर सुपर आठ में जगह बनाई। हरियाणा और पंजाब दोनों के ग्रुप में समान 20 अंक रहे, लेकिन पंजाब की टीम बेहतर नेट रन रेट के कारण शीर्ष पर रही। पंजाब का नेट रन रेट प्लस 2.716 जबकि हरियाणा का प्लस 0.409 रहा।

    शमी ने टूर्नामेंट में 16 विकेट चटकाए। उनकी शानदार गेंदबाजी के कारण एक समय 17 ओवर में चार विकेट पर 170 रन बनाकर मजबूत स्थिति में दिख रही हरियाणा की टीम नौ विकेट पर 191 रन ही बना सकी। मौजूदा टूर्नामेंट में शमी ने डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी की है। हालांकि, पंजाब के विरुद्ध अभिषेक शर्मा ने उनके विरुद्ध काफी रन बटोरे थे। इसके जवाब में बंगाल की टीम 20 ओवर में 167 रन पर आलआउट हो गई। हरियाणा की ओर से अंशुल कंबोज, इशांत भारद्वाज और सुमित कुमार ने दो-दो विकेट चटकाए।

    रहाणे की आतिशी पारी से मुंबई ने ओडिशा को हराया

    सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्राफी में विजय रथ पर सवार मुंबई ने सोमवार को एक और जीत दर्ज की। अजिंक्य रहाणे (95) की आतिशी अर्धशतकीय पारी की बदौलत मुंबई ने ओडिशा एकतरफा नौ विकेट से हराया।

    अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में सोमवार को खेले गए मैच में ओडिशा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 167 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। संदीप पटनायक ने सबसे अधिक 31 रनों की पारी खेली। मध्यक्रम में संबित एवं आशीर्वाद 28-28 रन बनाकर आउट हुए। मुंबई की ओर से सूर्यांश ने तीन और एसबी पाटिल ने दो विकेट झटके।

    जवाब में खेलने उतरी मुंबई टीम ने 16 ओर में एक विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। अजिंक्य रहाणे ने सिर्फ 56 गेंदों पर नौ चौके व तीन छक्के के दम शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। सरफराज खान 28 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ए. रघुवंशी 38 रन बनाकर नाबाद रहे। अंजिक्य मैन ऑफ द मैच बने।


    रेलवे की एक और हार

    दूसरे मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने रेलवे को पांच विकेट से पराजित किया। रेलवे ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 170 रन बनाए। ओपनर सूरज आहूजा ने 30 गेंदों पर छह चौके व एक छक्के की मदद से उम्दा 47 रनों की पारी खेली। नवनीत ने तेजी से 30 रन जोड़े।

    जवाब में छत्तीसगढ़ की टीम ने 19.1 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अमनदीप खरे ने 47 गेंदों पर 10 चौके और दो छक्के के सहारे 78 रन बनाए। संजीत देसाई ने 36 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा विदर्भ ने आंध्र प्रदेश को 19 रन से और असम की टीम ने केरल को पांच विकेट से हराकर पूरे अंक झटके।

    यह भी पढ़ें- SMAT 2025: विराट सुपर हिट तो वैभव हुए फ्लॉप, संजू का अर्धशतक गया बेकार; कप्‍तान रिंकू की पारी नहीं आई यूपी के काम

    यह भी पढ़ें- गौतम गंभीर हो जाएं सावधान! टी20 सीरीज से 3 दिन पहले संजू सैमसन का कमाल, बल्‍ले से ढाया कहर