Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    OMA vs ZIM: तीन खिलाड़‍ियों की बड़ी उपलब्धि के साथ जिम्‍बाब्‍वे ने बजाया जीत का बिगुल, ओमान को आसानी से रौंदा

    Updated: Mon, 09 Feb 2026 08:40 PM (GMT+05:30)

    जिम्‍बाब्‍वे ने टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत आसान जीत के साथ की। जिम्‍बाब्‍वे ने ओमान को 39 गेंदें शेष रहते 8 विकेट से पटखनी दी। जिम ...और पढ़ें

    जिम्‍बाब्‍वे ने ओमान को 39 गेंदें शेष रहते 8 विकेट से पटखनी दी

    जिम्‍बाब्‍वे ने ओमान को 39 गेंदें शेष रहते 8 विकेट से पटखनी दी

    HighLights

    1. जिम्‍बाब्‍वे ने ओमान को 39 गेंदें शेष रहते 8 विकेट से हराया

    2. जिम्‍बाब्‍वे के तीन खिलाड़‍ियों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की

    3. ब्‍लेसिंग मुजरबानी को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया

    स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत जिम्‍बाब्‍वे ने सोमवार को टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 में अपने अभियान की विजयी शुरुआत की। कोलंबो के एसएससी मैदान पर जिम्‍बाब्‍वे ने ओमान को 39 गेंदें शेष रहते 8 विकेट से मात दी।

    ग्रुप बी के टूर्नामेंट के आठवें मुकाबले में ओमान ने पहले बल्‍लेबाजी के आमंत्रण को स्‍वीकार किया और उसकी पूरी टीम 19.5 ओवर में 103 रन पर ऑलआउट हुई। जवाब में जिम्‍बाब्‍वे ने 13.3 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल किया। जिम्‍बाब्‍वे के तेज गेंदबाज ब्‍लेसिंग मुजरबानी को प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्‍होंने 4 ओवर में एक मेडन सहित 16 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

    बेनेट की उम्‍दा पारी

    104 रन के आसान लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी जिम्‍बाब्‍वे को ओपनर्स ब्रायन बेनेट (48*) और तदीवनाशे मरुमानी (21) ने 30 रन की साझेदारी करके सधी हुई शुरुआत दिलाई। महमूद ने तीन गेंदों के अंतराल में मरुमानी और डियोन मायर्स के विकेट लेकर जिम्‍बाब्‍वे पर दबाव बनाया।

    ब्रायन बेनेट ने अनुभवी ब्रेंडन टेलर (31 रिटायर्ड हर्ट) के साथ तीसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी करके जिम्‍बाब्‍वे की जीत सुनिश्चित कर दी। सिकंदर रजा (5*) ने विजयी चौका लगाया। बेनेट ने 36 गेंदों में 7 चौके की मदद से नाबाद 48 रन बनाए। टेलर ने 30 गेंदों में तीन चौके की मदद से 30 रन बनाए। ओमान की तरफ से दोनों विकेट सुफ्यान महमूद ने लिए।

    खबरें और भी

    जिम्‍बाब्‍वे के गेंदबाजों का कहर

    इससे पहले ओमान की शुरुआत बेहद खराब रही। 27 रन पर उसकी आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ओमान को पहला झटका मुजरबानी ने दिया, जिन्‍होंने ओमान के कप्‍तान और ओपनर जतिंदर सिंह को क्‍लीन बोल्‍ड किया। फिर हम्‍माद मिर्जा और करण सोनावले खाता भी नहीं खोल सके।

    ओमान की तरफ से केवल तीन बल्‍लेबाज दहाई संख्‍या में रन बना सके। सुफ्यान महमूद (25), विनायक शुक्‍ला (28) और नदीम खान (20) ही जिम्‍बाब्‍वे के गेंदबाजों का कुछ हद तक सामना कर सके। जिम्‍बाब्‍वे की तरफ से मुजरबानी के अलावा रिचर्ड एनगरावा और ब्रेड इवांस ने तीन-तीन विकेट झटके। सिकंदर रजा को एक सफलता मिली।

    तीन खिलाड़‍ियों की बड़ी उपलब्धियां

    1. सिकंदर रजा ने टी20 वर्ल्‍ड कप में जिम्‍बाब्‍वे के लिए सबसे ज्‍यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड बनाया। रजा ने टी20 वर्ल्‍ड कप में अपना 15वां मैच खेला। उन्‍होंने शॉन विलियम्‍स को पीछे छोड़ा, जिन्‍होंने 14 मैच खेले थे।
    2. ब्रेंडन टेलर ने टी20 वर्ल्‍ड कप में विकेटकीपर के रूप में सबसे ज्‍यादा शिकार करने का रिकॉर्ड बनाया। टेलर ने जिम्‍बाब्‍वे की तरफ से टी20 वर्ल्‍ड कप में अब तक कुल 8 शिकार किए। उन्‍होंने चकाब्‍वा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्‍होंने 5 शिकार किए थे।
    3. ब्‍लेसिंग मुजरबानी टी20 वर्ल्‍ड कप में जिम्‍बाब्‍वे के लिए सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। मुजरबानी ने टी20 वर्ल्‍ड कप में अपने विकेटों की संख्‍या 15 पहुंचाई। उन्‍होंने सिकंदर रजा को पीछे छोड़ा, जिन्‍होंने 14 विकेट झटके हैं।

    यह भी पढ़ें- SA20: Sikandar Raza आपको सलाम! भाई को खोने के बावजूद रॉयल्स को दिलाई ये ऐतिहासिक जीत

    यह भी पढ़ें- जिम्‍बाब्‍वे के स्‍टार खिलाड़ी सिकंदर रजा की निजी जिंदगी में आया भूचाल, 13 साल के भाई की हुई मौत