Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    LSG vs RR Match Preview: लखनऊ के बल्लेबाजों को दिखाना होगा दम, वैभव सूर्यवंशी से पार पाना होगा मुश्किल

    By Vikash MishraEdited By: Abhishek Upadhyay
    Updated: Wed, 22 Apr 2026 04:00 AM (IST)

    लखनऊ सुपर जायंट्स अपने घर में राजस्थान रॉयल्स से टकराएगी। ये टीम अपने घर पर जीत को बेताब दिख रही है। वहीं राजस्थान भी जीत की पटरी पर लौटने की कोशिश कर ...और पढ़ें

    HighLights

    1. लखनऊ लगातार तीन हार के बाद घरेलू मैदान पर दबाव में

    2. राजस्थान के वैभव सूर्यवंशी शानदार फॉर्म में हैं

    3. लखनऊ की खराब बल्लेबाजी और मध्यक्रम की विफलता चिंता का विषय

    विकास मिश्र, लखनऊ: आईपीएल में बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की भिड़ंत राजस्थान रॉयल्स (आरआर) से होगी। लगातार तीन हार के बाद लखनऊ टीम घरेलू मैदान अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में वापसी और अपनी पहली जीत का खाता खोलने के लिए दबाव में है।

    घर में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है, जिससे दबाव और बढ़ गया है। ऐसे में कप्तान ऋषभ पंत के सामने टीम को जीत की राह पर वापस लाने की चुनौती होगी। उसकी अब तक लगातार हार के पीछे खराब बल्लेबाजी रही है।

    बिगड़ गई राजस्थान की लय

    एलएसजी को पिछले मैच में पंजाब के खिलाफ करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार की थी, लेकिन पिछले दो मैचों में हार के कारण टीम की लय बिगड़ी है। अब तक दोनों टीमों के बीच छह मुकाबले हुए हैं, जिसमें लखनऊ ने सिर्फ दो मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान के नाम चार जीत रही है।

    इस बार लखनऊ का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। टीम लगातार हार का सामना कर रही है, जिससे न केवल अंकतालिका में उसकी स्थिति कमजोर हुई है, बल्कि प्लेऑफ की राह भी मुश्किल होती जा रही है। सवाल उठ रहा है कि आखिर मजबूत दिखने वाली टीम के लगातार हारने की वजहें क्या हैं?

    खबरें और भी

    ये है कमजोरी

    लखनऊ की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी अस्थिर बल्लेबाजी रही है। टॉप ऑर्डर कुछ मैचों में अच्छा प्रदर्शन करता है, लेकिन मिडिल ऑर्डर लगातार विफल साबित हो रहा है। बड़े स्कोर खड़े करने में टीम को दिक्कत हो रही है। लक्ष्य का पीछा करते समय मजबूत साझेदारियां नहीं बन पा रहीं। शुरुआती दो मैचों को छोड़ दें तो टीम पावरप्ले में अच्छी शुरुआत के बावजूद सात से 15 ओवर के बीच रन गति बनाए रखने में नाकाम रही है।

    इस दौरान विकेट गिरने और रन न बनने से दबाव बढ़ता है, जिसका असर आखिरी ओवरों में साफ दिखता है। लखनऊ घरेलू परिस्थितियों का फायदा नहीं उठा पाई है। रणनीति और टीम संयोजन में कमी साफ नजर आई है। मैदान पर फैसलों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। गेंदबाजों का सही उपयोग नहीं, बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव और मैच के दबाव में रणनीतिक चूक हुई है।

    पूरन और पंत की खराब फॉर्म

    सबसे बड़ा झटका एलएसजी को अपने प्रमुख बल्लेबाजों निकोलस पूरन और पंत के खराब फॉर्म से लगा है। दोनों खिलाड़ियों से टीम को बड़े स्कोर और मैच जिताने वाली पारियों की उम्मीद थी, लेकिन अब तक उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। कप्तान के बल्ले से एक अर्धशतक भी निकला है। यदि लखनऊ को वापसी करनी है, तो पूरन और पंत का फॉर्म में लौटना बेहद जरूरी है। दोनों खिलाड़ी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें संयम और सही शॉट चयन के साथ खेलना होगा। टीम की गेंदबाजी की बात करें तो मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव के अलावा कोई और अभी तक प्रभाव नहीं छोड़ पाया है।

    राजस्थान का टॉप ऑर्डर मजबूत

    राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी में जहां टॉप ऑर्डर मजबूत है, वहीं मिडिल ऑर्डर में निरंतरता की कमी देखने को मिली है। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी मजबूत शुरुआत देने में सफल रहे हैं। खासकर, युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी तो प्रचंड फॉर्म में हैं। इकाना में भी वैभव की भूमिका अहम होगी। हाल के मैचों में अपने प्रदर्शन से ध्यान खींचने वाले सूर्यवंशी को टीम प्रबंधन एक 'इंपैक्ट प्लेयर' के तौर पर देख रहा है।

    वैभव ने छह मैचों में 246 रन बनाए हैं। वह पावरप्ले में तेज गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। इसके अलावा कप्तान रियान पराग, ध्रुव जुरेल के साथ ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और स्पिनर रवि बिश्नोई जैसे खिलाड़ियों पर भी अहम जिम्मेदारी रहेगी। कभी लखनऊ के साथ रहे बिश्नोई इस बार छह मैचों में 10 विकेट हासिल कर चुके हैं। तेज गेंदबाजी की कमान जोफ्रा आर्चर के कंधों पर होगी।

    दोनों टीमें इस प्रकार हैं

    लखनऊ सुपर जायंट्स : ऋषभ पंत (कप्तान), एडेन मार्करम, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीट्ज्के, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस, मिचेल मार्श, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, वानिंदु हसरंगा, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, एम सिद्धार्थ, दिग्वेश राठी, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, अर्जुन तेंदुलकर, एनरिक नॉर्खिया, नमन तिवारी, मयंक यादव, मोहसिन खान।

    राजस्थान रॉयल्स : रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, रवींद्र जडेजा, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई, संदीप शर्मा।

    यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे नहीं, ये बल्लेबाज है भारत का भविष्य; अश्विन ने बताया दोनों से एक कदम आगे

    यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी को कैसे करें आउट? इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज ने बता दिया पूरा प्लान