दिल्ली में 'ऑपरेशन विस्टा 1.0' के तहत 11 बांग्लादेशी गिरफ्तार, वीजा खत्म होने के बाद भी रह रहे थे
केंद्रीय जिला की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाॅड ने वीजा नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से रह रहे 11 बांग्लादेशी नागरिकों को दिल्ली में हिरासत में लिया है। इन ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस ने 11 बांग्लादेशियों को पकड़ा। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
दिल्ली में 11 बांग्लादेशी नागरिक वीजा उल्लंघन में पकड़े गए
एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वायड ने 'ऑपरेशन विस्टा 1.0' चलाया
सभी को डिटेंशन सेंटर भेजा, वापसी की तैयारी
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्य जिला की एंटी आटो थेफ्ट स्क्वायड ने वीजा नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से रह रहे 11 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। इन सभी पर भारत में निर्धारित 15 दिनों की अवधि से अधिक रुकने का आरोप है।
मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए, विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) ने सभी को डिटेंशन सेंटर भेज दिया है। अब इनको वापस बांग्लादेश भेजने की तैयारी की जा रही है।
आरोपितों की पहचान तहमीद अहमद तंजीद, सज्जाद हुसैन, सब्बीर अहमद, नईम अहमद, मोहम्मद कमाल हुसैन, शकील अहमद नईम, अशराफुल हक मामून, सुल्तान अहमद सोजिब, मुजम्मिल अहमद, बख्तियार अहमद जोहरी और जकरिया के रूप में हुई है।
'ऑपरेशन विस्टा 1.0' के तहत हुई कार्रवाई
पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि यह लोग वीजा लेकर भारत में दाखिल हुए थे। वीजे की अवधि समाप्त होने के बाद भी यह लोग अवैध रूप से भारत में रुके हुए थे।
मध्य जिला के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई विदेशी नागरिकों द्वारा वीज़ा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
एएटीएस ने ''ऑपरेशन विस्टा 1.0'' (वीजा स्थिति सत्यापन) शुरू किया था, जिसका उद्देश्य ऐसे विदेशी नागरिकों की पहचान करना, सत्यापन करना और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना है जो वीजा की शर्तों का उल्लंघन कर रहे हैं या निर्धारित अवधि से अधिक समय से भारत में रह रहे हैं।
पहाड़गंज से सुराग, मालवीय नगर में छापा
पुलिस टीम ने होटल, गेस्ट हाउस और अन्य स्थानों पर गहन सत्यापन अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप वीजा उल्लंघनों का पता चला। प्रारंभिक सूचना के आधार पर, पुलिस ने पहाड़गंज इलाके में गश्त के दौरान एक बांग्लादेशी नागरिक, नईम अहमद को पकड़ा।
खबरें और भी
पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह निर्धारित वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहा है। उसके पासपोर्ट की जांच करने पर पाया गया कि उसके वीजे की अवधि 28 जून को समाप्त हो गई थी।
नईम अहमद से मिली जानकारी के आधार पर, पुलिस टीम ने मालवीय नगर के हौजरानी स्थित एक फ्लैट पर छापा मारा, जहां से 10 अन्य बांग्लादेशी नागरिकों को भी अवैध रूप से रहते हुए पकड़ा गया।
दस्तावेजों की जांच में मिला वीजा उल्लंघन
इन सभी के पासपोर्ट और यात्रा दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें पाया गया कि सभी ने अपने वीजा की शर्तों का उल्लंघन करते हुए भारत में निर्धारित 15 दिनों की अवधि से अधिक का समय बिताया था।