AAP का एक और नेता गिरफ्तार, दिल्ली में जमीन कब्जा का है मामला; कोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका
आम आदमी पार्टी की पार्षद हेमा वोहरा के पति श्रीचंद वोहरा को जमीन पर कब्जा और धमकी देने के आरोप ...और पढ़ें

दिल्ली में AAP नेता श्रीचंद वोहरा जमीन कब्जा मामले में गिरफ्तार।
HighLights
AAP पार्षद पति श्रीचंद वोहरा जमीन कब्जा मामले में गिरफ्तार।
ग्वालियर से गिरफ्तारी, शिकायतकर्ता को धमकी देने का आरोप।
कोर्ट ने जमानत खारिज कर न्यायिक हिरासत में भेजा।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। जैतपुर से आम आदमी पार्टी की पार्षद और नेशनल काउंसिल सदस्य हेमा वोहरा के पति श्रीचंद वोहरा को जमीन पर कब्जा करने और शिकायतकर्ता को धमकी देने के आरोप में मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया है।
कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने राकेश कुमार की शिकायत पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। राकेश कुमार भी आप के कार्यकर्ता हैं। मंगलवार को आरोपित को साकेत कोर्ट में पेश किया गया। आरोपित की ओर से जमानत याचिका लगाई गई, जिसे कोर्ट ने खारिज करते हुए उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया
अभियोजन पक्ष ने जमानत याचिका का विरोध करते हुए कहा कि आरोपित श्रीचंद वोहरा क्षेत्र में प्रभाव रखता है और जांच को प्रभावित कर सकता है। आरोपित ने ही जांच अधिकारी को अपना कब्जा बताते हुए फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराए थे। कोर्ट ने फर्जी दस्तावेजों की पूरी शृंखला का पता लगाने के लिए आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
बता दें कि पीड़ित राकेश कुमार ने 31 जुलाई को कालिंदी कुंज थाना पुलिस को अपनी शिकायत दी थी। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-2 के नाला रोड स्थित ए-835ए/10 नंबर का उनकी जमीन वर्ष 2019 में कुछ दिनों के लिए इस्तेमाल करने के लिए श्रीचंद वोहरा को दी थी।
आरोप है कि समय पूरा होने के बाद भी उन्होंने जमीन खाली नहीं किया और बार-बार कहने के बावजूद कब्जा वापस नहीं किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपित ने जमीन पर कब्जा बनाए रखने के साथ वहां अलग बिजली मीटर लगाने में भी बाधा डाली।
एयर कंडीशनर भी उसकी अनुमति के बिना हटा दिए गए
21 जुलाई 2026 को कथित तौर पर पहली मंजिल से शिकायतकर्ता के एयर कंडीशनर भी उसकी अनुमति के बिना हटा दिए गए। इसका विरोध करने पर आरोपित ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी दी गई।
पुलिस के मुताबिक 21 जुलाई को इस विवाद को लेकर कालिंदी कुंज थाने में पीसीआर काल मिली थी। इसके बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता की लिखित शिकायत लेकर दोनों पक्षों के दस्तावेजों की जांच की और स्थानीय स्तर पर सत्यापन कराया।
जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज किया। पुलिस ने श्रीचंद वोहरा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस अब जमीन के स्वामित्व, कब्जे और दोनों पक्षों के दावों से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
