पूर्वी दिल्ली के अमर विहार में नाला निर्माण शुरू, सालों पुरानी जलभराव की समस्या से मिलेगी निजात
पूर्वी दिल्ली के अमर विहार में रघुनाथ मंदिर के पास जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नाला निर्माण कार्य शुरू हो गया है। एमसीडी जोन चेयरमैन पुनीत शर्मा ...और पढ़ें

पूर्वी दिल्ली के अमर विहार में रघुनाथ मंदिर के पास जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नाला निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इमेज एआई
HighLights
अमर विहार में जलभराव समस्या हेतु नाला निर्माण शुरू।
बरसात में लोगों को मिलेगी बड़ी राहत, आवागमन सुगम।
एमसीडी चेयरमैन पुनीत शर्मा ने किया कार्य का शुभारंभ।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दयालपुर वार्ड, अमर विहार में रघुनाथ मंदिर के पास लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। क्षेत्र में नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ एमसीडी जोन चेयरमैन पुनीत शर्मा द्वारा किया गया।
इस दौरान विधायक एवं डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट भी विशेष रूप से मौजूद रहे। नारियल फोड़कर विधिवत रूप से निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। पुनीत शर्मा ने बताया कि यह कार्य एमसीडी द्वारा कराया जा रहा जिससे लोगों को फायदा मिलेगा। यह नाला निर्माण कार्य मेन रोड से सीधे बड़े नाले तक जोड़ा जाएगा।
इससे बरसात के दौरान क्षेत्र में होने वाली जलभराव की समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी। हर वर्ष बारिश के समय सड़कों और गलियों में पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। जल निकासी बाधित होने से आवागमन प्रभावित होता था और गंदगी फैलने से बीमारियों का खतरा भी बना रहता था।
स्थानीय लोगों ने इस विकास कार्य का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में मजबूत जल निकासी व्यवस्था की मांग की जा रही थी।
लोगों का कहना है कि नाला निर्माण पूरा होने के बाद अमर विहार के निवासियों को बरसात में बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र की सफाई व्यवस्था में भी सुधार आएगा। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का भरोसा भी दिलाया।