दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन की रिहर्सल से ट्रैफिक प्रभावित, दिनभर जाम से जूझते रहे लोग
राजधानी में ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियों के तहत सुरक्षा रिहर्सल के कारण नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के कई इलाकों ...और पढ़ें

ब्रिक्स सम्मेलन की रिहर्सल ने दिल्ली में लगाया जाम, यात्री हुए परेशान।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। सम्मेलन को लेकर जहां विभिन्न इलाकों में सुंदरीकरण और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, वहीं दिल्ली पुलिस भी सुरक्षा-व्यवस्था को परखने के लिए लगातार रिहर्सल कर रही है।
बुधवार को भारत मंडपम के आसपास सुरक्षा रिहर्सल और यातायात विनियमन के कारण नई दिल्ली समेत मध्य दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर दिनभर यातायात प्रभावित रहा। सुबह से ही वाहन चालकों को जाम और धीमी गति से चल रहे यातायात के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
भारत मंडपम के आसपास यातायात को कुछ समय के लिए नियंत्रित किए जाने से मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। इसका असर मथुरा रोड, तिलक मार्ग और इंडिया गेट सर्कल पर साफ दिखाई दिया। इन मार्गों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। जैसे-जैसे दिन बढ़ा, यातायात का दबाव आइटीओ, डीडीयू मार्ग और सराय काले खां की ओर भी बढ़ गया।
जाम के कारण कार्यालय और अन्य जरूरी काम से निकले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लगा। कई वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करते नजर आए, जिससे आसपास की सड़कों पर भी यातायात का दबाव बढ़ गया। शाम के समय स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई।
सुरक्षा व यातायात प्रबंधन का लिया जा रहा जायजा
ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान विदेशी मेहमानों और महत्वपूर्ण प्रतिनिधियों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली पुलिस और यातायात पुलिस की ओर से सुरक्षा व यातायात प्रबंधन की लगातार रिहर्सल की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इन अभ्यासों का उद्देश्य सम्मेलन के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने और वीवीआइपी आवाजाही के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखना है। हालांकि, रिहर्सल के कारण सम्मेलन से पहले ही राजधानी के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी है।
