इंडिया गेट पर कनाडा के पुलिसकर्मी का मोबाइल झपटा, दिल्ली में सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
दिल्ली के इंडिया गेट के पास कनाडा के एक पुलिसकर्मी का मोबाइल झपट लिया गया। स्कूटी सवार दो बदमाशों ने सेल्फी लेते समय उनका आईफोन-16 छीना और फरार हो गए, ...और पढ़ें

इंडिया गेट पर कनाडाई पुलिसकर्मी का मोबाइल बदमाशों ने झपटा।
HighLights
कनाडा के पुलिसकर्मी का इंडिया गेट पर मोबाइल झपटा।
स्कूटी सवार नकाबपोश बदमाशों ने आईफोन-16 छीना।
दिल्ली पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी के अति सुरक्षित माने जाने वाले लुटियंस जोन में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने दिल्ली घूमने आए कनाडा के एक पुलिसकर्मी को भी निशाना बना डाला। घटना इंडिया गेट के पास की है, जहां स्कूटी सवार दो बदमाश विदेशी पर्यटक का मोबाइल झपटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित सुखविंदर सिंह कनाडा पुलिस में तैनात हैं। वह 20 मई को दिल्ली घूमने आए थे और एरोसिटी स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। 22 मई की देर रात वह इंडिया गेट घूमने पहुंचे थे। रात करीब एक बजे वह शेरशाह सूरी रोड पर खड़े होकर अपने आइफोन-16 से सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान पीछे से स्कूटी पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने उनका मोबाइल झपट लिया और मथुरा रोड की ओर फरार हो गए।
पीड़ित ने तुरंत कर्तव्य पथ थाने पहुंचकर शिकायत दी
वारदात के बाद पीड़ित ने तुरंत कर्तव्य पथ थाने पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके। बताया जा रहा है कि बदमाश स्कूटी पर सवार थे और वारदात को अंजाम देने के बाद कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गए।
घटना के तीन दिन बाद भी आरोपित पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्कूटी नंबर और फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में यमुना घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया भाग