विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CBSE कक्षा 9वीं का पहला सेमेस्टर खत्म, दूसरे की किताबें नदारद! अभिभावकों ने पूछा- कब तक करें इंतजार?

Updated: Thu, 03 Sep 2026 10:09 AM (IST)

राजधानी दिल्ली में सीबीएसई नौवीं कक्षा की गणित और सामाजिक विज्ञान की भाग-2 की पाठ्यपुस्तकें अभी तक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे अभिभावकों में गहरा असंतोष है।

दूसरे सेमेस्टर के लिए संशोधित पाठ्यक्रम की पुस्तकें बाजार और स्कूलों में उपलब्ध नहीं हैं। एआई इमेज

दूसरे सेमेस्टर के लिए संशोधित पाठ्यक्रम की पुस्तकें बाजार और स्कूलों में उपलब्ध नहीं हैं। एआई इमेज

HighLights

  1. दिल्ली में नौवीं कक्षा की भाग-2 किताबें अनुपलब्ध।

  2. अभिभावकों ने शिक्षा मंत्रालय और सीबीएसई को लिखा पत्र।

  3. किताबों की कमी से शिक्षण कार्य बुरी तरह प्रभावित।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी के सीबीएसई स्कूलों में नौवीं कक्षा की गणित और सामाजिक विज्ञान की भाग-2 की पाठ्यपुस्तकें अभी तक उपलब्ध न होने से अभिभावकों में गहरा असंतोष है। पहला सेमेस्टर लगभग समाप्त होने को है, लेकिन दूसरे सेमेस्टर के लिए संशोधित पाठ्यक्रम की पुस्तकें बाजार और स्कूलों में उपलब्ध नहीं हैं।

अभिभावकों का आरोप है कि नए सत्र में पूरा पाठ्यक्रम बदल दिया गया था और भाग-1 की किताबें भी सत्र शुरू होने के एक-दो महीने बाद ही मिल पाई थीं। किताबों के अभाव में कक्षाओं में शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है और शिक्षक न तो पाठ योजना बना पा रहे हैं और न ही बदले हुए पाठ्यक्रम को ठीक से समझ पा रहे हैं।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए अभिभावकों के एक समूह ने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और सीबीएसई सचिव को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। अभिभावकों का कहना है कि यह केवल किताबों की आपूर्ति में देरी का मामला नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर बच्चों के शैक्षणिक भविष्य को नुकसान पहुंचा रहा है।

उन्होंने मांग की है कि भाग-2 की किताबों की जल्द से जल्द छपाई और वितरण सुनिश्चित किया जाए, किताबें उपलब्ध होने की स्पष्ट समय-सीमा दी जाए और बदले हुए पाठ्यक्रम को पढ़ाने के लिए शिक्षकों के लिए मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएं। हालांकि, बोर्ड की ओर से इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है।