दिल्ली के 'दिल' पर आंदोलन की मार, CP और जनपथ में खरीदार गायब; दुकानें बंद करने की नौबत
दिल्ली में CJP विरोध प्रदर्शनों के कारण कनॉट प्लेस और जनपथ बाजार में कारोबार पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे व्यापारियों में भारी चिंता है।
-1784783516382_m.webp)
सीजेपी के प्रदर्शन के कारण बंद पड़ी जनपथ मार्केट। फोटो- जागरण
HighLights
कनॉट प्लेस, जनपथ में CJP विरोध से कारोबार ठप
चार दिनों से ग्राहकों की आवाजाही शून्य, भारी नुकसान
व्यापारियों ने प्रशासन से स्थिति नियंत्रण की अपील की
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। CJP Protest In Delhi: राजधानी दिल्ली के प्रमुख शॉपिंग और व्यावसायिक केंद्र कनॉट प्लेस तथा जनपथ बाजार में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के कारण कारोबार पूरी तरह ठप हो गया है। दिल्ली के दिल में 20 जुलाई से प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ जुट रही है।
4 दिनों से बाजार में पसरा सन्नाटा
इसी तरह कनॉट प्लेस से सटे मार्गों पर हिंसक विरोध प्रदर्शन का दौर तेज है। जिससे रेस्त्रां, होटल, दुकानें और आउटलेट्स का व्यवसाय नाममात्र का रह गया है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, चार दिनों से बाजार में ग्राहकों की आवाजाही शून्य के बराबर है।
-1784783528029.jpg)
प्रदर्शनकारियों द्वारा सार्वजनिक संपत्तियों को निशाना बनाने और हिंसक गतिविधियों के कारण व्यापारियों में भारी आक्रोश और चिंता व्याप्त है।
-1784783257033.jpg)
कई दुकानदारों ने आशंका जताई है कि कहीं ये प्रदर्शन अब उनके निजी कारोबार को नुकसान पहुंचाने लगें। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) के महासचिव विक्रम बधवार ने कहा कि स्थिति काफी चिंतनीय है। यह माहौल दशकों बाद दिखा है। जब जंतर मंतर से लेकर अन्य हिस्सों में भारी जमावड़ा और हिंसा है।
रोजाना का खर्चा नहीं निकाल पा रहे रेस्त्रां संचालक
एक रेस्त्रां संचालक ने बताया, हम रोजाना का खर्चा भी नहीं निकाल पा रहे हैं। प्रदर्शनकारी जनपथ पर तो भारी संख्या में मौजूद हैं, वहीं कनॉट प्लेस में भी रह-रहकर जुट रहे हैं। इससे कई रेस्त्रां बंद है, क्योंकि कर्मचारी भी नहीं आ पा रहे हैं। दुकानें खोल रहे हैं, लेकिन ग्राहक नहीं आ रहे।
प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे बाजार की छवि खराब हो रही है। एनडीटीए ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द स्थिति को नियंत्रित किया जाए ताकि सामान्य कारोबार बहाल हो सके।
वर्तमान में दोनों बाजारों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है, लेकिन प्रदर्शनों के कारण पर्यटकों और खरीदारों का आना-जाना बंद हो गया है। कनॉट प्लेस दिल्ली का दिल माना जाता है, जहां देश-विदेश से लोग खरीदारी और घूमने आते हैं। ऐसे में इस क्षेत्र पर पड़ रहे असर से न सिर्फ स्थानीय व्यापारी, बल्कि पूरे दिल्ली के पर्यटन और सेवा क्षेत्र को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है।
