'केजरीवाल सरकार के घोटालों के कारण सत्येंद्र जैन जेल में', सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा आरोप
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर पिछली केजरीवाल सरकार को घेरा, आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल के घोटालों की परतें अब खुल रही हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली विधानसभा में पेश कैग की 19 रिपोर्टों में पिछली आप सरकार की अनियमितताओं का जिक्र है।
-1787159043372_m.webp)
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता।
HighLights
सीएम रेखा गुप्ता ने केजरीवाल सरकार पर साधा निशाना।
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को घोटालों से जोड़ा।
कैग रिपोर्टों में अनियमितताओं पर कार्रवाई जारी है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को लेकर पिछली अरविंद केजरीवाल सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में हुए कथित घोटालों की परतें अब खुल रही हैं और जांच एजेंसियां संबंधित मामलों में कार्रवाई कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली विधानसभा में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की 19 रिपोर्टें पेश की गई हैं, जिनमें पिछली आप सरकार के कार्यकाल में हुई कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का उल्लेख है। उन्होंने कहा कि इन रिपोर्टों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। सीएम ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) से जुड़े कथित घोटाले में कार्रवाई के चलते जैन जेल गए हैं। उन्होंने कहा कि उनके बोए बीज अब सामने आ रहे हैं।
जांच एजेंसियां अपना काम कर रही: रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री के मुताबिक जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और सरकार सीएजी रिपोर्टों में सामने आए मामलों पर कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। गौरतलब है कि दिल्ली जल बोर्ड की सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने जैन और डीजेबी के पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
