'विकसित दिल्ली 2047': मास्टर प्लान से बदलेगी राजधानी की सूरत, सीएम रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी का जताया आभार
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'दिल्ली मास्टर प्लान 2047' का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री शाह और ...और पढ़ें

HighLights
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'दिल्ली मास्टर प्लान 2047' का स्वागत किया।
मास्टर प्लान 'विकसित दिल्ली' की मजबूत नींव रखेगा।
झुग्गी-झोपड़ी पुनर्विकास और हरित परिवहन पर विशेष जोर।
डिजिटल टीम, नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के सर्वांगीण और सुव्यवस्थित विकास के लिए 'दिल्ली मास्टर प्लान 2047' का स्वागत किया है। उन्होंने इस महत्वाकांक्षी विजन के लिए दिल्ली की जनता की ओर से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मास्टर प्लान 2047 केवल एक नीतिगत दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह 'विकसित दिल्ली' की मजबूत नींव और भावी पीढ़ियों के लिए एक हरित, आधुनिक और सुविधाजनक शहर का ठोस भरोसा है।
मास्टर प्लान 2047 की मुख्य विशेषताएं और बड़े बदलाव
दिल्ली की बढ़ती आबादी, यातायात के दबाव और पर्यावरण (प्रदूषण) से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए इस मास्टर प्लान में कई क्रांतिकारी प्रावधान किए गए हैं। झुग्गी-झोपड़ी वाले क्षेत्रों में रहने वाले गरीब परिवारों को उसी स्थान पर पक्के और आधुनिक मकान उपलब्ध कराने के संकल्प को गति मिलेगी। अधिक फ्लोर एरिया रेशियो (FAR) मिलने से पुरानी आवासीय कॉलोनियों, अनधिकृत कॉलोनियों और व्यावसायिक बाजारों के पुनर्विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
बढ़ती आबादी और परिवहन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रदूषण-मुक्त परिवहन, हरित क्षेत्रों के विस्तार और आधुनिक पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को प्राथमिकता दी गई है। कॉलोनियों के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रशासनिक और निर्माण संबंधी नियमों को बेहद सरल बनाया गया है।
दिल्ली मास्टर प्लान 2047 के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी, माननीय गृह मंत्री श्री @AmitShah जी और माननीय केंद्रीय मंत्री श्री @mlkhattar जी का समस्त दिल्लीवासियों की ओर से हृदय से आभार।#ViksitDelhi pic.twitter.com/9T2yAR24dc
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) August 20, 2026
उपराज्यपाल के साथ तालमेल से धरातल पर उतरेगा विजन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के साथ बेहतर समन्वय बनाकर इस मास्टर प्लान को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली मास्टर प्लान 2047 के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का दिल्ली की जनता की ओर से हृदय से आभार। यह मास्टर प्लान विकसित दिल्ली का पूरा रोडमैप है और हमारी भावी पीढ़ियों के लिए एक व्यवस्थित, सुविधाजनक और बेहतर दिल्ली का भरोसा है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू जी के समन्वय में दिल्ली सरकार इस विजन को धरातल पर उतारते हुए विकसित दिल्ली के संकल्प को निर्णायक रूप से आगे बढ़ाएगी।
