दिल्ली के कनॉट प्लेस में जुटे आरक्षण विरोधी प्रदर्शनकारी, दर्जनभर से ज्यादा हिरासत में
कनाट प्लेस में आरक्षण नीति, 'यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन 2026' और रोस्टर सिस्टम के विरोध में प्रदर्शन हुआ। पुलिस ने बिना ...और पढ़ें

जंतर मंतर मार्ग पर तैनात अर्धसैनिक बल के जवान और पुलिसकर्मी। जागरण
HighLights
कनाट प्लेस में आरक्षण नीति के खिलाफ प्रदर्शन।
यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन 2026 का विरोध किया गया।
दिल्ली पुलिस ने दर्जनभर से अधिक प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नई दिल्ली के कनाट प्लेस में रविवार को उस समय अचानक हलचल बढ़ गई, जब आरक्षण नीति, ‘यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन 2026’ और रोस्टर सिस्टम के विरोध में लोग आउटर सर्कल पर जुटने लगे। बिना अनुमति के प्रदर्शन करने को लेकर दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को हटाया।
इस दौरान दर्जनभर से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर प्रदर्शन स्थल से दूर ले जाया गया और बाद में छोड़ दिया गया। भीड़ को देखते हुए कनाट प्लेस के आसपास भारी पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात कर दिए गए।
पुलिस के अनुसार, नई दिल्ली और उत्तरी दिल्ली जिले में बीएनएस की धारा 163 लागू है। इसके तहत सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों के जमावड़े पर प्रतिबंध है। पुलिस ने सुबह ही इंटरनेट मीडिया के जरिए लोगों को ऐसे किसी भी प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी थी।
आरक्षण विरोधी नारे लगाए, यातायात प्रभावित
इसके बावजूद दोपहर के बाद कनाट प्लेस आउटर सर्कल पर प्रदर्शनकारी पहुंचने लगे। इनमें बड़ी संख्या में युवा शामिल थे। कई लोगों के हाथों में आरक्षण विरोधी नारे लिखी तख्तियां और बैनर थे। भीड़ बढ़ने के साथ आउटर सर्कल पर यातायात प्रभावित होने लगा।
इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर वहां से हटने को कहा। कुछ लोगों के नहीं हटने पर उन्हें हिरासत में लिया गया और पुलिस गाड़ियों से प्रदर्शन स्थल से दूर ले जाया गया।
यह भी पढ़ें- 'छात्रों के आंदोलन पर राजनीति बंद हो', रांची में प्रदर्शन कर SFI ने हेमंत सरकार और BJP दोनों को घेरा
यह भी पढ़ें- 'खैरात में नहीं मिला है आरक्षण', जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच चिराग पासवान ने शेयर किया पुराना वीडियो
