कनॉट प्लेस के एस्केलेटर को मिलेगी सुरक्षा, एनडीएमसी खर्च करेगी 3.81 करोड़
एनडीएमसी कनॉट प्लेस के 20 सबवे एस्केलेटर को वर्षा और चोरी से बचाने के लिए कवर लगाएगी। इस परियोजना पर ...और पढ़ें

एनडीएमसी कनॉट प्लेस के 20 सबवे एस्केलेटर को वर्षा और चोरी से बचाने के लिए कवर लगाएगी।
HighLights
कनॉट प्लेस के 20 एस्केलेटर को मिलेगा नया कवर।
वर्षा और चोरी से बचाने के लिए स्टेनलेस स्टील का उपयोग।
एनडीएमसी द्वारा 3.81 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कनॉट प्लेस के विभिन्न सबवे में खुले आसमान के नीचे चल रहे एस्केलेटर अब वर्षा और अन्य नुकसान से सुरक्षित होंगे। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने 20 एस्केलेटर के ऊपर और किनारों पर स्टेनलेस स्टील से कवर लगाने की योजना तैयार की है। इसके लिए करीब 3.81 करोड़ रुपये की लागत का टेंडर प्रक्रिया में है।
एनडीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान कनाट प्लेस के पुनर्विकास परियोजना के तहत ईआईएल ने विभिन्न सबवे में 22 एस्केलेटर लगाए थे। इनमें सुपर बाजार सबवे, स्टेट्समैन सबवे, बाराखंभा रोड सबवे और केजी मार्ग सबवे में दो-दो जोड़े तथा जनपथ सबवे में तीन जोड़ी एस्केलेटर शामिल हैं।
उस दौरान केवल जनपथ सबवे के एस्केलेटर को ढका गया था। बाकी सारे अभी भी खुले आसमान के नीचे हैं। ऐसे में वर्षा होने की स्थिति में लोग इनका उपयोग करने से भी कतराते हैं, साथ ही दुर्घटना की भी संभावना होती है। इसके साथ ही खुले आसमान के नीचे होने की वजह से असामाजिक तत्व इनके महंगे पुर्जों को भी चुरा लेते हैं।
पिछले वर्षों में इन एस्केलेटर पर चोरी की घटनाएं हुई हैं, जिसकी वजह से कई-कई माह तक ये खराब भी पड़े रहे थे। इसे देखते हुए इन एस्केलेटर के ऊपर शेड लगाए जाएंगे, साथ ही चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए स्टील के कवर भी होंगे, ताकि इनमें चोरी की घटनाएं न हों।
अधिकारी ने आगे बताया कि अब इन 20 एस्केलेटर के ऊपर और किनारों पर जनपथ सबवे में लगाए गए कवर के समान डिजाइन तैयार किया जाएगा। इसके लिए मजबूत स्टेनलेस स्टील के एंगल और प्लेट का सपोर्टिंग स्ट्रक्चर बनाया जाएगा। किनारों पर 12 मिलीमीटर मोटे टफेंड ग्लास और ऊपर चार मिलीमीटर मोटी पॉलीकार्बोनेट शीट लगाई जाएगी।
