दिल्ली में हसीनों के जाल से सावधान! तीन महिलाओं ने डेटिंग ऐप से युवक को बनाया शिकार; लाखों रुपये लूटे
पश्चिमी दिल्ली में डेटिंग ऐप के जरिए एक युवक से 2.15 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में तीन ...और पढ़ें

दिल्ली में डेटिंग ऐप के जरिए तीन महिलाओं ने एक युवक से वसूले लाखों रुपये।
HighLights
डेटिंग ऐप के जरिए युवक से दोस्ती कर ठगी की।
तीन महिलाओं सहित चार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
नजफगढ़ में युवक से 2.15 लाख रुपये की वसूली का मामला।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। छांवला थाना पुलिस ने वसूली के एक ऐसे रैकेट का भंडाफोड़ किया है, जिसकी महिला सदस्य ने डेटिंग एप के जरिये दोस्ती कर एक शख्स को फरीदाबाद से छावला क्षेत्र के ढांसा मेट्रो स्टेशन बुलाया। यहां पहुंचने पर उसे एक कमरे में ले जाकर वहां उपस्थित दो अन्य महिला और पुरुष ने उसे बनाकर और उससे 2.15 लाख रुपये वसूल लिए।
पुलिस ने इस मामले में तीनों महिलाओं और उसके पु्रुष साथी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि इस दौरान एक महिला ने खुद को पुलिसकर्मी बताया, जबकि उनके पुरुष साथी ने भी खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताया। आरोपितों के कब्जे से वसूली गई रकम में से 70,500 रुपये बरामद कर लिए हैं। बाकी रकम जिन बैंक खातों में भेजी गई, उन्हें पुलिस ने होल्ड करा दिया है।
कंझावला थाने में वर्ष 2022 में मारपीट का मामला दर्ज
आरोपितों में सोनीपत निवासी मंदीप (38), गाजियाबाद निवासी प्रीति (32), नजफगढ़ निवासी कमलेश (42) और नजफगढ़ निवासी रितु (40) शामिल है। मंदीप के खिलाफ सोनीपत सिटी थाने में वर्ष 2024 में रंगदारी और धमकी समेत तीन प्राथमिकी और कंझावला थाने में वर्ष 2022 में मारपीट का मामला दर्ज है। कमलेश के खिलाफ द्वारका नार्थ थाने में वर्ष 2023 में प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
उपायुक्त कुशलपाल सिंह के अनुसार, 14 सितंबर को 44 वर्षीय चंद्रभान सिंह निवासी नगला बार, मगोर्रा, मथुरा, उत्तर प्रदेश ने छांवला थाने में शिकायत दी थी। पीडित फरीदाबाद में सिक्योरिटी गार्ड का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि क्वैकक्वैक डेटिंग एप के माध्यम से उनकी एक महिला से दोस्ती हुई थी।
अलग-अलग यूपीआई लेनदेन के माध्यम से रुपये लिए गए
महिला ने उन्हें ढांसा मेट्रो स्टेशन बुलाया। वहां से उन्हें नजफगढ़ स्थित एक मकान में ले जाया गया। वहां पर पहले से दो महिला और एक पुरुष मौजूद थे। आरोप है कि मकान में पहुंचने के बाद उन्हें धमकाकर उनके पास मौजूद 22 हजार रुपये नकद और अलग-अलग यूपीआई लेनदेन के माध्यम से रुपये लिए गए।
शिकायत के आधार पर छांवला थाने में प्राथमिकी दर्ज की एसीपी छांवला जसवंत सिंह की निगरानी और एसएचओ छांवला निरीक्षक दलीप कुमार के नेतृत्व में एसआइ विकास, पीएसआइ दीक्षा, हेड कांस्टेबल जसवंत, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र और महिला हेड कांस्टेबल कविता की एक टीम गठित की गई।
जांच के दौरान मिले तकनीकी और पीडित के बताए गए हुलिया के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर चारों को एक एक करके उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर उनके पुराने आपराधिक मामलों, संभावित अन्य साथियों और इस तरह ठगी या वसूली के शिकार हुए अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
