दिल्ली के मुखर्जी नगर और सोनिया विहार में दबंगों ने रंजिशन कारों में लगाई आग, विरोध करने पर चाकू से जानलेवा हमला
राजधानी दिल्ली के मुखर्जी नगर और सोनिया विहार में आपसी दुश्मनी के चलते दो कारों में आग लगा दी गई। ...और पढ़ें

मुखर्जी नगर में गली में खड़ी वैगनआर कार को एक व्यक्ति दिनदहाड़े आग लगाकर फरार हो गया। वीडियो ग्रैब

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आपसी दुश्मनी में लोगों की सम्पत्ति को क्षति पहुंचाने की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। हाल के दिनों ऐसा देखा गया है कि इस तरह की रंजिश में घर के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाया जा रहा है। राजधानी के मुखर्जीनगर और सोनिया विहार में ऐसे ही दो मामलों में दबंगों ने दो कारों को आग लगा दिया। एक में तो विरोध करने पर चाकू से हमला भी किया गया।
दिनदहाड़े पेट्रोल छिड़ककर लगा दी आग
मुखर्जी नगर में गली में खड़ी वैगनआर कार को एक व्यक्ति दिनदहाड़े आग लगाकर फरार हो गया। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में आराम से कार पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़कते और आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में सारी घटना कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की पहचान और तलाश के प्रयास आरंभ कर दिए हैं। यह कार ऑनलाइन पुरानी कारों की खरीद-फरोख्त करने वाले व्यवसायी की बताई जा रही है।
गार्ड को इशारा करने के बाद फरार
यह घटना सोमवार की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में टोपी पहने एक युवक कंधे पर बैग लटकाए कार के पास पहुंचता दिखाई दे रहा है। इसके बाद कार के पिछले हिस्से पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा देता है। मौके पर मौजूद गार्ड को इशारा करने के बाद आरोपी पैदल चला जाता है। कार में लगी आग को देखकर आस-पड़ोस के लोगों ने आग को बुझाया और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने बताया कि कार मालिक तरुण कुमार कोहली ने अपनी कार घर के बाहर खड़ी की थी। पुलिस आग लगाने वाले शख्स की पहचान का प्रयास कर रही है।
कार फूंकने के बाद चाकू से किया घायल
दूसरी घटना में पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार में दबंगों ने गली में खड़ी एक कारोबारी की कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कारोबारी की पत्नी व उसके दो बेटों ने जब विरोध किया तो छह लोगों ने गली में महिला को पीट दिया व उसके दो बेटों पर चाकू से कई वार कर दिए। कारोबारी के घर पर पथराव भी किया। घायल हालत में रीता कश्यप और उनके बेटे अरुण व आर्यन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आर्यन की हालत गंभीर है।
घर में नशा कराने और तेज संगीत बजाने की है आदत
अरुण की शिकायत पर सोनिया विहार थाना मामले दर्ज कर लिया गया है। अरुण परिवार के साथ चौथे पुश्ते पर रहते हैं। उनके पिता पप्पू का लाजपत राय मार्केट में इलेक्ट्रॉनिक आइटम का काम है। अरुण ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी जितेंद्र अपने घर में बाहरी लोगों को बैठाकर नशा करवाता है और तेज संगीत बजाता है। पीड़ित परिवार विरोध करता था।
गली में महिला को पीटा
रविवार रात को कारोबारी ने घर के बाहर कार खड़ी की थी। जितेंद्र के करीबी अमन ने उनकी कार पर देर रात पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। परिवार बाहर गया तो देखा कि कार के पास अमन खड़ा था। परिवार ने किसी तरह से आग बुझाई। सोमवार रात को पीड़ित परिवार ने विरोध जताया तो आरोपी भड़क गया। आरोप है कि अमन ने जितेंद्र के बेटे सागर व उसके परिचित राहुल, मोहित, गौतम व अन्य के साथ मिलकर महिला व बेटों पर हमला कर दिया।
