विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 06, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Cold Wave: सर्दी के सितम से दिल्ली समेत उत्तर भारत को नहीं मिल रही राहत, 1.8 डिग्री पहुंचा तापमान

By sanjeev GuptaEdited By: Abhi Malviya
Published: Fri, 06 Jan 2023 10:57 PM (GMT+05:30)

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आयानगर में न्यूनतम तापमान गिरकर 1.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हरियाणा पंजाब और राजस्थान में भी ...और पढ़ें

दिल्ली में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को शीत लहर का प्रकोप जारी रहा।
दिल्ली में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को शीत लहर का प्रकोप जारी रहा।

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को शीत लहर का प्रकोप जारी रहा। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आयानगर में न्यूनतम तापमान गिरकर 1.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में भी सर्दी का सितम जारी है जबकि जम्मू- कश्मीर में न्यूनतम तापमान में कुछ सुधार होने से घाटी में भीषण सर्दी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। यलो अलर्ट भी जारी है। इसके बाद एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से रविवार से तापमान में वृद्धि होने के आसार हैं।

सामान्य से कितना कम रहा शुक्रवार को तापमान?

शुक्रवार को दिल्ली का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो डलहौजी (8.7 डिग्री से.), धर्मशाला (5.4 डिग्री से.), शिमला (6.2 डिग्री से.), देहरादून (4.4 डिग्री से.), मसूरी (6.4 डिग्री से.) और नैनीताल (6.5 डिग्री से.) से भी कम है। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सबसे कम अधिकतम तापमान जफरपुर में 11.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 59 से 100 प्रतिशत रिकार्ड किया गया।

उत्तर-पश्चिम भारत और देश के मध्य तथा पूर्वी हिस्सों में कोहरे की घनी चादर छाई रही, जिससे सड़क, रेल व हवाई यातायात प्रभावित हुआ। खराब मौसम के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब 30 उड़ानों और कम से कम 30 ट्रेनों को दिल्ली पहुंचने में देरी हुई। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पालम में सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई।

दिल्ली में कहां कितना दर्ज किया गया पारा?

दिल्ली में लोधी रोड, आयानगर और रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.8 डिग्री सेल्सियस, 1.8 डिग्री सेल्सियस और 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 2.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ नारनौल हरियाणा में सबसे ठंडा स्थान रहा वहीं पंजाब में सबसे कम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस बलाचौर का रहा। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके बाद चुरू में एक डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.8 डिग्री सेल्सियस जबकि सीमांत जिले कुवपाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने क्या कहा ?

मौसम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सात जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। यह पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को रविवार से ही प्रभावित कर सकता है। उधर शनिवार को भी दिन के समय दिल्ली मेें आसमान साफ रह सकता है। सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा हो सकता है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 और पांच डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 

यह भी पढ़ें- Delhi Cold Wave: कड़ाके की ठंड से ठिठुरी दिल्ली, राजधानी में 1.8 डिग्री का टॉर्चर; अभी शीत लहर रहेगी बरकरार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।