दिल्ली से रेवाड़ी, करनाल और अलवर का सफर होगा आसान, जल्द शुरू होगी नई इलेक्ट्रिक बस सेवा
दिल्ली परिवहन निगम (DTC) यात्रियों की सुविधा के लिए इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ा रहा है और अंतरराज्यीय सेवाएं शुरू कर रहा है। ...और पढ़ें

HighLights
दिल्ली से रेवाड़ी, करनाल, अलवर के लिए नई बस सेवा।
डीटीसी इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ा रहा, अंतरराज्यीय सेवाएं।
लास्ट-माइल कनेक्टिविटी मजबूत करने पर जोर, नए रूट निर्धारण।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली के अंदर इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है। इसके साथ ही दूसरे राज्यों के शहरों के लिए भी दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) द्वारा इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही है।
दिल्ली–बड़ौत, दिल्ली–सोनीपत, दिल्ली–धारूहेड़ा, दिल्ली–पानीपत और नानकसर–गाजियाबाद बस टर्मिनल के लिए बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। शीघ्र ही कुछ अन्य शहरों के लिए बसें शुरू करने की तैयारी है।
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह का कहना है कि अंतरराज्यीय बस सेवा को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलव रही है। शीघ्र ही दिल्ली से रेवाड़ी, करनाल और अलवर के लिए भी बस सेवा शुरू की जाएगी। प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए बस सेवा शुरू करने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।
देवी इलेक्ट्रिक बसों के लिए तय हो रहा रूट
उन्होंने कहा कि लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को और ज्यादा मजबूत और बेहतर बनाने के आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। आईआईटी दिल्ली के साथ मिलकर देवी इलेक्ट्रिक बसों के लिए रूट निर्धारण किया जा रहा है।
इसमें डीटीसी के अनुभवी चालकों, सहचालकों और बस डिपो प्रबंधकों के अनुभव को शामिल किया जाना आवश्यक है। उनसे भी सुझाव लिए जाएंगे। दिल्ली के पूर्वी जोन में 121 रूट, पश्चिमी जोन में 181 रूट, उत्तरी जोन में 194 रूट शामिल हैं। दक्षिणी जोन में रूट निर्धारण का काम जारी है।